मोदी बोले-कांग्रेस ने देश को खोखला किया:राजस्थान के जालोर में कहा-देश का युवा दोबारा इस पार्टी का मुंह नहीं देखना चाहता

Front-Page Loksabha Election Politics Rajasthan Rajasthan-Others

भीनमाल(जालोर):-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- कांग्रेस के इतने हाल खराब है भाइयों। अब देखिए कांग्रेस ने देश पर 60 साल तक राज किया। इसी कांग्रेस ने हमारी माताओं-बहनों को शौचालय, घरेलू गैस, बिजली-पानी, बैंक अकाउंट जैसी छोटी-छोटी चीजों के लिए तरसाया। इसी कांग्रेस ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का दीमक फैलाकर देश को खोखला कर दिया और उनके इन्हीं पापों की सजा देश कांग्रेस को दे रहा है। देश का युवा इतने गुस्से में है कि वो दोबारा कांग्रेस का मुंह नहीं देखना चाहता। मोदी ने भीनमाल (जालोर) में रविवार को 72 जिनालय के सामने स्थित ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित किया।

मोदी बोले- जिस पार्टी ने कभी 400 सीटें जीती थीं, आज वो 300 सीट पर चुनाव नहीं लड़ पा रही है। आज कांग्रेस की हालत ये है कि उन्हें उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। इन्होंने अवसरवादी इंडी अलायंस (इंडिया गठबंधन) बना लिया है। उसकी पतंग उड़ने से पहले कट गई है। कहने को तो गठबंधन है, लेकिन अब हालत देखिए। कई राज्य हैं, जहां ये गठबंधन वाले ही आपस में लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा- इस लोकसभा के चुनाव में देश में पच्चीस प्रतिशत सीटें ऐसी हैं, जहां ये गठबंधन के लोग एक-दूसरे को मारने-काटने में लगे हैं। एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। अगर जिसमें चुनाव के पहले इतनी लड़ाई चल रही है तो चुनाव के बाद लूट के लिए कितनी ज्यादा लड़ाई लड़ेंगे, इसकी कल्पना कर सकते हैं। क्या ऐसे लोगों काे इतना बड़ा देश सुपुर्द कर सकते हैं क्या।