मोदी बोले-कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को रन आउट करते रहे:रिश्वत लेकर मैच फिक्स किया,राजस्थान में जादूगर ने ईश्वर का नाम लेना मुश्किल किया

Front-Page Politics Rajasthan Rajasthan Elections 2023 Rajasthan-Others

चूरू:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्ल्ड कप फाइनल वाले दिन चुनावी सभा में क्रिकेट मूड में दिखे। उन्होंने राजस्थान में चूरू के तारानगर और झुंझुनूं में कहा कि कांग्रेस वाले एक-दूसरे को रनआउट करने में लगे हैं। जो बचे हैं, वे महिलाओं और अन्य मुद्दों पर गलत बयान देकर हिट विकेट हुए जा रहे हैं। बाकी जो हैं, वे पैसे लेकर, रिश्वत लेकर मैच फिक्सिंग कर लेते हैं।

PMने कहा कि जब इनकी टीम ही इतनी खराब है, तो ये क्या रन बनाएंगे और आपका क्या काम करेंगे। हमें हर पोलिंग बूथ पर पांच से सात सेंचुरी लगानी हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में इस भूमि पर ईश्वर का नाम लेना भी मुश्किल हो गया है। एक तरफ भाजपा है, जो करतारपुर साहब कॉरिडोर बनवाती है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपने राज में यहां शोभा यात्रा तक निकलने नहीं देती है। वह देवी-देवताओं की शोभा यात्रा पर रोक लगाती है, लेकिन आतंकी संगठन PFI की रैली को बढ़ावा देती है।

राजस्थान में जादूगर की सरकार है तो वह छूमंतर करता रहता है। मोदी ने सड़क हादसे में मृत 6 पुलिसकर्मियों को भी श्रृद्धांजलि दी, ये पुलिसकर्मी झुंझुनूं में मोदी की सभा में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

मोदी के भाषण की बड़ी बातें…

1. क्या उपराष्ट्रपति अपने रिश्तेदारों से मिलने नहीं आ सकते?
शेखावाटी के लोग उद्यमी हैं। कांग्रेस को इनसे भी चिढ़ है। हमने झुंझुनूं के लाल जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति बनाया। कांग्रेस को यह भी नहीं सुहाया। गहलोत जी को उनके राजस्थान आने से भी चिढ़ होती है। क्या कोई अपने घर-रिश्तेदारों से मिलने नहीं आएगा? शेखावाटी में जन्मे लोगों ने कितने ही उद्योगों की स्थापना की है। शेखावाटी के लोगों में परोपकार का स्वभाव है। इसी परंपरा को भारत आगे बढ़ा रहा है।

2. बीजेपी सभी भ्रष्टाचारियों को आउट करेगी
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार फैलाया है। भाजपा सरकार आएगी तो सभी भ्रष्टाचारियों को आउट कर देंगे और बीजेपी विकास का स्कोर तेजी से बनाएगी। जीत राजस्थान की होगी, जीत किसान, महिलाओं, युवाओं के भविष्य की होगी।

3. कांग्रेस और विकास एक-दूसरे के दुश्मन
आज भारत हर क्षेत्र में विकास कर रहा है। चंद्रयान चांद पर पहुंचा। कोरोना का देसी टीका बनाया। कांग्रेस और विकास एक-दूसरे के दुश्मन हैं, इसलिए विकास चाहिए तो कांग्रेस को जितना दूर रखें, उतना अच्छा है। राजस्थान भी इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा।

4. पूरी दिल्ली मंत्री से डरती है
कांग्रेस की मानसिकता देखिए। एक मंत्री बेटियों पर अत्याचार को यह कहकर सरेआम जायज ठहराता है कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। यह माता-बहनों और राजस्थान के पुरुषों का अपमान है। कांग्रेस के मंत्री बेशर्मी के साथ यह बात करते हैं। मर्द कभी यह पाप नहीं करते, वे बेटियों के चरित्र की रक्षा के लिए अपना सर कटवा देते हैं।

मर्दों का अपमान करने वाली, माताओं का अपमान करने वाली कांग्रेस सरकार को जाना चाहिए। कायदे से तो मंत्री को उसी दिन मंत्रिमंडल से बाहर कर देना चाहिए था, लेकिन उसका मंत्री पद भी सुरक्षित रहा और बेशर्मी के साथ चुनाव का टिकट दे दिया गया।

इसका मतलब है दिल्ली वालों की कुछ ऐसी खबर उसके पास है कि पूरी दिल्ली उससे डरती है और वह अपने इशारों पर नचाता रहता है। वह टिकट भी लेकर आ गया और चुनाव लड़ रहा है।

5. लाल डायरी का पन्ना खुलता है, गहलोत जी का फ्यूज उड़ जाता है
लाल डायरी के पन्ने धीरे-धीरे, आहिस्ता-आहिस्ता खुल रहे हैं। इधर पन्ने खुलते हैं, उधर गहलोत जी का फ्यूज उड़ जाता है। गहलोत जी की जादूगरी लाल डायरी में दिखने लगी है।

6. कांग्रेस के पेपर लीक माफियाओं ने युवाओं का भविष्य बेचा
कांग्रेस के पेपर लीक माफियाओं ने युवाओं का भविष्य बेच दिया। बाजार में भविष्य बेचने वाली कांग्रेस को सजा जरूर दीजिए। कांग्रेस ने किसानों तक को नहीं छोड़ा। रूस-युक्रेन युद्ध के कारण खाद की कीमत कई गुना बढ़ गई, लेकिन भारत के किसानों को हमने खाद की कमी नहीं आने दी।

पूरी दुनिया में यूरिया की एक बोरी 3 हजार रुपए में बिकती है, वही यूरिया हम हिंदुस्तान में किसानों को 300 रुपए से भी कम कीमत में दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने इसमें भी आपको लूट लिया। यहां फर्टिलाइजर में घोटाला किया और किसान यूरिया के दाने-दाने को तरसते रहे।

भाजपा ने किसान सम्मान निधि को डबल करने का संकल्प लिया है। 3 दिसंबर को सरकार बनते ही किसानों के खाते में हर साल 12 हजार रुपए जमा होंगे।

8. जादूगर के करीबी मंत्री के रिश्तेदार अफसर बन गए
यहां कोचिंग सेंटर पर छापा पड़ता है तो उसके तार कहां जुड़ते हैं? जादूगर के करीबी मंत्री के रिश्तेदार अफसर बन गए, लेकिन आपके बच्चे छन-छनकर बाहर हो गए। ये कैसा जादू है? आप लोग आश्वस्त रहिए, भाजपा सरकार बनते ही हर पेपर लीक और हर जादू की जांच होकर रहेगी।

8. पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा करेंगे
हरियाणा में 97 रुपए लीटर और चूरू में 109 रुपए लीटर पेट्रोल के दाम हैं। केंद्र की सरकार ने पूरे देश में कीमतें कम करने की कोशिश की है, लेकिन राजस्थान में कांग्रेस 12 रुपए लीटर ज्यादा वसूल रही है। यह पैसा किस नेता की तिजोरी में जा रहा है। भाजपा सरकार आएगी तो पेट्रोल-डीजल के रेट की समीक्षा करेंगे।

9. वीरों की भूमि को कांग्रेस ने छला
इस भूमि के कण-कण में भक्ति का रस है तो शक्ति का सामंजस्य भी है। यहां की मिट्‌टी में साहस के बीज हैं तो शौर्य यहां के पानी की तासीर है। इस भूमि को कांग्रेस ने नजर लगा दी। इस भूमि की संतान देश को सुरक्षित रखने में बहुत बड़ी भूमिका निभाती है। ऐसे वीरों को कांग्रेस ने छलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वन रैंक, वन पेंशन पर यहां के वीरों को कांग्रेस ने खूब अटकाया, लटकाया और तरसाया।