मोदी बोले-कांग्रेस के घोषणा पत्र में सिर्फ एक परिवार:सिवनी में कहा-दो बड़े नेता बेटों को सेट,MP को अपसेट करने में लगे

Front-Page National Politics

सिवनी:-मध्यप्रदेश के सिवनी में चुनाव प्रचार करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस चुनाव लड़ने का ढोंग कर रही है।

PM बोले, ‘कांग्रेस सीएम की कुर्सी के लिए नहीं लड़ रही। नेता इसलिए लड़ रहे हैं कि आगे किसका बेटा कांग्रेस का मुखिया बनेगा। यहां के दो बड़े नेता अपने बेटों को सेट और मध्यप्रदेश को अपसेट करने में लगे हैं। जिनको अपने बेटे-बेटी की चिंता है, वे आपके बेटे-बेटी के लिए सोचेंगे क्या?’

प्रधानमंत्री ने सिवनी की सभा में कहा, ‘मध्यप्रदेश को सुशासन और विकास की निरंतरता चाहिए। इसीलिए मध्यप्रदेश कह रहा है कि भाजपा है तो भरोसा, विकास और बेहतर भविष्य है। एमपी के मन में मोदी, मोदी के मन में एमपी है।’

प्रधानमंत्री के भाषण की 5 बड़ी बातें…

नाना-नानी ने क्या किया, ये इस पर वोट मांगते हैं:​​​​​​ कांग्रेस का न तो अपना भविष्य है, न ही युवाओं के लिए रोडमैप। कांग्रेस नेता आज भी दादा-दादी, नाना-नानी ने क्या किया? इस पर वोट मांगते हैं। कांग्रेस के लिए अपने एक परिवार से बड़ा कोई और नहीं। जहां कांग्रेस सरकार में रहती है, वहां योजनाएं, रास्ते, गलियां… सबकुछ उसी परिवार के नाम कर देती है। घोषणापत्र में भी सिर्फ यही एक परिवार दिखता है।

कांग्रेस का काम हाफ से भी हाफ, जेब साफ कर देती है: कांग्रेस का नारा रहा है- गरीब की जेब साफ, काम हाफ से भी हाफ, यानी कांग्रेस विकास का काम नहीं करती, लेकिन नागरिकों की जेब जरूर साफ कर देती है। 5 साल पहले भी इनके नेता कहते थे कि 10 दिन में किसान का कर्ज माफ करेंगे। 10 दिन तो छोड़िए, डेढ़ साल का समय इनको मिला, लेकिन ये किसान का कर्ज नहीं माफ कर पाए।

हमारी गारंटी 5 साल के लिए मुफ्त राशन: एमपी के मन में मोदी क्यों है? इसका उदाहरण- पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना है। मैं गरीबी से निकला हूं, गरीबी क्या होती है? ये मुझे किताबों में नहीं पढ़ना पड़ता है। इसलिए आपके बेटे ने, आपके भाई ने एक बहुत बड़ा निर्णय मन में पक्का कर लिया है कि दिसंबर में जब प्रधानमंत्री अन्न योजना पूरी होगी, तब आने वाले 5 वर्षों के लिए मुफ्त राशन की गारंटी देंगे हम।

कांग्रेस वालों के मुंह में आदिवासी शब्द शोभा नहीं देता: आजकल एक कांग्रेस नेता आदिवासियों के बीच जाकर झूठ फैलाने की फैक्ट्री खोल रहे हैं। कांग्रेस वालों के मुंह में आदिवासी शब्द शोभा नहीं देता। कांग्रेस ने 5 दशक दिल्ली में राज किया। कभी आदिवासी कल्याण का ध्यान नहीं आया। अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा सरकार में आदिवासियों के विकास के लिए पहली बार मंत्रालय बनाया गया।

घोटालेबाज कांग्रेस और भाजपा सरकार में बड़ा अंतर: 2014 से पहले कांग्रेस का एक-एक घोटाला लाखों-करोड़ों का हुआ करता था। अब भाजपा सरकार में घोटाले नहीं होते। गरीब के हक का पैसा जो हमने बचाया है, वो अब गरीब के राशन पर खर्च हो रहा है। घोटालेबाज कांग्रेस सरकार और भाजपा सरकार में यही सबसे बड़ा अंतर है।

सिवनी की सभा से PM ने 13 विधानसभा को कवर किया
सिवनी जिले में चार विधानसभा सीटें हैं। सिवनी सीट पर भाजपा से विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट में कमल मर्सकोले, लखनादौन में विजय उईके और केवलारी में राकेश पाल प्रत्याशी हैं। प्रधानमंत्री की सभा में सिवनी की चारों विधानसभाओं के प्रत्याशियों के अलावा बालाघाट और छिंदवाड़ा जिले की 9 विधानसभाओं के भाजपा प्रत्याशी भी मौजूद थे।