मोदी बोले-कांग्रेस ने राम मंदिर पर एडवाइजरी जारी की:अपने लोगों से मुंह पर ताला लगाने को कहा,उन्हें लगता है कि राम का नाम लिया तो राम-राम न हो जाए

Front-Page Loksabha Election Politics Rajasthan Rajasthan-Others

चूरू:-राजस्थान के चूरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते 10 साल में हमने कई काम किए हैं, लेकिन ये बहुत कम है।अभी तक जो मोदी ने किया है, वो तो सिर्फ बड़ी होटलों में मिलने वाला स्टार्टर है, अभी तो खाने की पूरी थाली बाकी है।

उन्होंने तीन तलाक पर कहा कि यह कानून हमारी मुस्लिम बहनों की मदद कर रहा है। वे यह समझें कि यह तीन तलाक आपके जीवन पर तो खतरा था ही, मोदी ने आपकी रक्षा तो की है, लेकिन मोदी ने हर मुस्लिम परिवार की भी रक्षा की है।

चूरू से भाजपा ने पैरालंपियन पैरालंपियन देवेंद्र झाझड़िया को उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा छोड़कर हाल ही में पार्टी का दामन थामने वाले राहुल कस्वां को टिकट दिया है। कस्वां ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर टिकट कटवाने का अरोप लगाते हुए भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।

मेरा और देवेंद्र झाझड़िया का पुराना नाता – मोदी

  • मोदी ने कहा कि आपमें से बहुत कम लोगों को पता है कि देवेंद्र झाझड़िया और मेरा बहुत पुराना नाता है। मैं जब पहली बार उनसे मिला तो उनकी मां की बातें मेरे मन को छू गई।
  • मुसीबतों से गुजारा करने वाली मां अपने बेटे को देश की सेवा के लिए प्रेरित करती है। देवेंद्र ने भारत का सम्मान बढ़ाया है। देवेंद्र को टिकट देने के पीछे मोदी का मकसद यही था कि गरीब मां के सपने पूरे होने चाहिए।
  • हिंदुस्तान के खेल जगत के बेटे-बेटियों को प्रोत्साहन मिले। इसका प्रतीक देवेंद्र झाझड़िया है। देवेंद्र ने सिर्फ गरीबी से लड़ाई नहीं लड़ी, दुनिया में देश का डंका बजाया।

पीएम ने कहा – कितना भी झूठ फैलाओ, डरने वाला नहीं

  • मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक सांसद के घर से 300 करोड़ रुपए मिले हैं। ईडी ने दस साल में भ्रष्टाचारियों से एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति जब्त की है।
  • ऐसे लोगों पर कार्रवाई हाेनी चाहिए, ऐसे लोगों की जिंदगी जेल में बीतनी चाहिए। मैं इन परिवारवादियों से कहना चाहता हूं कि कितने भी झूठ फैला हो, मोदी डरने वाला नहीं है।
  • कांग्रेस सिर्फ अपना हित देखती है। ये वही लोग हैं, जिन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का सम्मान नहीं किया। आपातकाल लगाया। संविधान को बंधक बनाया।
  • पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। भाजपा ने देश को पहला दलित राष्ट्रपति, आदिवासी राष्ट्रपति दिया।

कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही – पीएम

  • मोदी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन के लोगों ने भगवान राम मंदिर को काल्पनिक बताया था। कुछ महीने पहले ही अयोध्या में राम मंदिर का सपना पूरा हुआ। कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही थी।
  • देश ने कांग्रेस के पापों की हमेशा कीमत चुकाई है। कांग्रेस पार्टी ने डरे-डरे हुए एक एडवाइजरी निकाली है। उन्होंने सबसे कहा है कि राम मंदिर की चर्चा निकले तो मुहं पर ताला लगा लेना। उनको लगने लगा है कि अगर राम का नाम लिया तो पता नहीं कब राम-राम हो जाए। यह हाल हो गया है उनका।
  • हमारा देश, हमारी आस्था का घोर अपमान देश सह नहीं सकता है। इन परिवारवादियों के भ्रष्टाचार की लूट का हिसाब हो रहा है तो सब एक हो रहे हैं। मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ, तो वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ।

मोदी बोले- मैं देश नहीं रुकने दूंगा, देश नहीं झुकने दूंगा

  • मोदी ने कहा कि 26 फरवरी 2019 में मैं चूरू आया था। उसी समय देश ने बालाकाेट में एयर स्ट्राइक की थी। हमने आतंकियों को सबक सिखाया था।
  • चूरू की धरती पर जिन शब्दों को मैंने दोहराया था, आज एक बार फिर मैं अपने उन भावों को दोहरा रहा हूं- ‘सौगंध मुझे इस मिट्‌टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा, मेरा वचन है भारत मां को, तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा।
  • हमारी सेना ने जब सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक की, तब घमंडिया गठबंधन के लोग सेना से शौर्य के सबूत मांग रहे थे। सेनाओं का अपमान, देश का विभाजन कांग्रेस पार्टी की पहचान है।
  • जब तक कांग्रेस के लोग सत्ता में रहे, हमारे जवानों के हाथ बांधकर रखे। दुश्मन हमला करके चला जाता था, वे जवानों को जवाब देने की इजाजत नहीं देते थे।

तीन तलाक आपके जीवन पर खतरा था-नरेंद्र मोदी

  • नरेंद्र मोदी ने कहा- जम्मू-कश्मीर में राजस्थान के वीर जवान भी शहीद हुए। आज उस कश्मीर से आर्टिकल 370 खत्म हो गया है। तीन तलाक पर कानून हमारी मुस्लिम बहनों की मदद कर रहा है।
  • वे यह समझें कि यह तीन तलाक आपके जीवन पर तो खतरा था ही, मोदी ने आपकी रक्षा तो की है, लेकिन मोदी ने हर मुस्लिम परिवार की भी रक्षा की है। क्योंकि वह पिता सोचता था कि बेटी की शादी करके भेजा तो है, लेकिन दो-तीन बच्चों के बाद तीन तलाक करके बेटी को भेजा तो कैसे संभालूंगा।
  • पूरा परिवार तीन तलाक के नाम पर लटकती तलवार के नीचे जिंदगी गुजारता था। मोदी ने सिर्फ मुस्लिम बहनों को नहीं, सभी मुस्लिम परिवारों को बचाया है।

भाजपा जो कहती है वो जरूर करती है-मोदी

  • मोदी ने कहा कि मैंने गारंटी दी थी कि पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ जांच बैठाई जाएगी। ईआरसीपी प्रोजेक्ट को कांग्रेस ने लटकाकर रखा था, उसका काम तेजी से जारी है।
  • मोदी ने जो गारंटी दी थी, उसे पूरा किया है। भाजपा जो कहती है, वो जरूर करती है। दूसरी पार्टियां की तरह भाजपा केवल घोषणा पत्र जारी नहीं करती। हम संकल्प पत्र लेकर आते हैं। 2019 में हमने जो संकल्प पत्र जारी किया था, उसके ज्यादातर संकल्प पूरे हो चुके हैं।

मेरे लिए तो मेरा भारत ही परिवार है-पीएम मोदी

  • मोदी ने कहा कि आप सब देशवासियों ने मान लिया था कि देश का कुछ हो ही नहीं सकता। कुछ बदल नहीं सकता। देश निराशा में डूबा हुआ था।
  • 2014 में आपने गरीब के इस बेटे को अपनी सेवा का मौका दिया। हताशा, निराशा, ये मोदी के पास भी फटक नहीं सकती। मैंने तय किया कि हालात बदलने ही होंगे। मेरे लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।
  • हमने ईमानदारी से काम किया। कोरोना जैसा संकट आया। दुनिया सोच रही थी कि भारत को बर्बाद हो जाएगा, दुनिया को भी बर्बाद कर देगा। इसी संकट में भारत ने अपने देश को दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया।
  • हम भी कह सकते थे कि आपदा है, क्या करूं। लेकिन मोदी ने वो रास्ता नहीं चुना। चुनौती को चुनौती देना हमारी मिट्‌टी की ताकत है। राजस्थान में कहते हैं-अपनी करणी, पार उतरणी। हमने परिश्रम किया, रिजल्ट दिया।

10 साल पहले देश की हालत खस्ताहाल थी – मोदी

  • मोदी ने कहा कि 10 साल पहले देश खस्ता हालत में था। कांग्रेस की लूट के कारण अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। दुनिया में भारत की साख गिरती जा रही थी।
  • आजादी के इतने दशक बाद भी देश के लोग जीवन की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए जूझ रहे थे। करोड़ों गरीबों के सर पर छत नहीं थी। करोड़ों लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं था।
  • हमारे गांव अंधेरे में डूबे थे। वहां बिजली भी नहीं पहुंची थी। लाखों-करोड़ की लूट से सरकारी खजाना खाली ही रहता था।

छप्पर फाड़कर मिलता है – मोदी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली से नरेंद्र देवेंद्र के लिए आशीर्वाद मांगने चूरू आया है जब नरेंद्र देवेंद्र के लिए आशीर्वाद मांगता है तो छप्पर फाड़कर मिलता है।
  • बीते दस साल में मोदी ने देश में जो काम किए हैं, उन्होंने विकसित भारत की नींव तैयार कर दी है। आज पूरी दुनिया हैरान है कि भारत इतनी तेजी से विकास कैसे कर रहा है? हम जो ठान लेते हैं, पूरा करके दिखाते हैं।

मोदी ने जो गारंटी दी, वो पूरी हो रही- मुख्यमंत्री

  • भजनलाल ने कहा कि दुनिया के 85 प्रतिशत लोगों की पसंद नरेंद्र मोदी हैं। सऊदी अरब, अफगानिस्तान, रूस, बहरीन, भूटान, फिजी जैसे देशों ने सर्वोच्च सम्मान ने नरेंद्र मोदी को नवाजा है। मोदी की वजह से भारत के पासपोर्ट का वजन बढ़ा है।
  • राजस्थान में गैंगस्टर आने लगे थे। हमने गारंटी थी, अब राजस्थान में गैंगस्टर आना बंद हो गए हैं। विधानसभा चुनाव में मोदी ने जो गारंटी दी थी, वो पूरी हो रही है I

भाजपा कैंडिडेट बोले- मैं यहां हूं, मेरी मां वहां फसल काट रही है

  • देवेंद्र झाझड़िया ने कहा कि मैं यहां सभा में बैठा हूं, मेरी मां वहां फसल काट रही है। यह अच्छी बात है। यह किसानों के लिए भी अच्छी बात है। चूरू के हर घर में पानी पहुंचे और यहां नहर आए, यह किसान और लोगों की जरूरत है। किसानों की समस्या मैं जानता हूं।