राष्ट्रीय महामंत्री बोले- राजस्थान BJP में फिलहाल नहीं होगा बदलाव:सतीश पूनिया के नेतृत्व में पार्टी ने किया अच्छा काम:-तरुण चुघ

Jaipur Rajasthan

जयपुर :- राजस्थान बीजेपी में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। जो कार्यकर्ता जैसे काम कर रहा है। वह आगे भी वैसे ही काम करता रहेगा। यह दावा किया है बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने, जो शुक्रवार को जयपुर में जनआक्रोश सभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान बीजेपी कार्यालय में मीडिया से मुखातिब होते हुए चुघ ने सतीश पूनिया के कार्यकाल को शानदार बताया। वहीं, राजस्थान सरकार को माफिया सरकार करार दिया।

जो जैसे काम कर रहा है, वह वैसे ही करता रहेगा
बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि हमारी पार्टी केडर बेस है। जहां आंतरिक लोकतंत्र के आधार पर फैसले लिए जाते हैं। हमारे यहां किसी भी पदाधिकारी का चुनाव के आधार पर चयन होता है। फिलहाल कहीं भी पार्टी ने किसी तरह का चुनाव घोषित नहीं किया है। इसलिए जो पदाधिकारी जहां काम कर रहा है। वह वैसे ही काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सतीश पूनिया ने में शानदार काम किया है। आगे भी उनके नेतृत्व में सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर आगे भी काम करते रहेंगे।

राजस्थान में माफिया चला रहे सरकार
तरुण चुघ ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस माफिया रोकने के नाम पर सत्ता में आई थी। लेकिन अशोक गहलोत की सरकार को असलियत में माफिया ही चला रहे हैं। पिछले 4 साल में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बढ़ते अपराधों ने प्रदेश की जनता को परेशान और प्रताड़ित कर दिया है। हर मोर्चे पर सरकार विफल हो चुकी है।

भ्रष्टाचारियों को बचा रहे गहलोत
तरुण चुघ ने कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। लेकिन कांग्रेस सरकार उन्हें पकड़ने की जगह उन्हें बचाने की कोशिशों में जुटी है। यहीं कारण है कि अपने भ्रष्टाचारी दोस्तों को बचाने के लिए अशोक गहलोत ने विवादित आदेश जारी किए हैं। लेकिन सरकार के इस फैसले से राजस्थान की जनता भी समझ गई है। कि कौन, किसे और क्यों बचाने में जुटा हुआ है। राजस्थान में हालात इतने बिगड़ गए हैं कि बड़े से बड़ा घोटाला करने पर भी भ्रष्टाचारियों को सरकार बचा रही है। लेकिन अब जनता समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस को जड़ से निकाल फेंकेगी।

ट्रेडमिल पर राहुल, वेंटिलेटर पर आई कांग्रेस
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा पूरी तरह फेल हो गई है। जिसका कांग्रेस को कोई फायदा नही होगा। वह देशभर में यात्रा निकाल तो रहे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी के अलावा किसी और राजनीतिक दल का नेता उनके साथ चलने तक को तैयार नहीं है। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव, तेलंगाना में केसीआर, तमिलनाडु में DMK समेत देशभर में कोई और राजनीतिक दल राहुल के साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है राहुल गांधी ट्रेडमिल पर भाग रहे हैं। जहां उन्हें पसीना तो आ रहा है। लेकिन दौड़ के बावजूद उन्हें मंजिल नहीं मिल पाएगी। वहीं कांग्रेस वेंटीलेटर पर पहुंच गई है। इसलिए दोनों को इसका कोई फायदा नहीं होने वाला।

BJP के लिए राम चुनावी मुद्दा नहीं
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राम मंदिर चुनावी मुद्दा नहीं है। राम हमारी आस्था का प्रतीक है। हमारे साथ दुनियाभर के सभी राम भक्तों चाहते हैं कि जल्द से जल्द राम मंदिर का निर्माण हो। ताकि आम से खास सभी रामलला के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि रामलला के मंदिर निर्माण को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा था। इस बार मोदी जी के कार्यकाल में कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दिया। जिसे देश की जनता ने शांति से स्वीकार किया। इसका क्रेडिट में पीएम मोदी को देना चाहता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *