हरियाणा के नए सीएम होंगे नायब सिंह सैनी, खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में नेता चुने गए, शाम 5 बजे शपथ

Front-Page National Politics

Gurugram : कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम होंगे। सीएम मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया है। नायब सैनी सरकार बनाने का दावा करने राजभवन पहुंचे हैं। शाम 5 बजे वो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। कुछ समय पहले ही उन्हें हरियाणा में भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।

खट्टर ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी।

JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक लीडर दुष्यंत चौटाला के आवास पर चल रही है। लेकिन 5 जजपा विधायक बैठक में नहीं पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी भाजपा के संपर्क में हैं।

लोकसभा में सीट शेयरिंग को लेकर टूटा गठबंधन
JJP लोकसभा चुनाव में हरियाणा में 1 से 2 सीटें मांग रही थी जबकि BJP का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही गठबंधन टूटने की वजह बनी।

JJP के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले थे लेकिन सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी। दुष्यंत ने दिल्ली में अमित शाह से दोबारा मिलने का समय मांगा है। हालांकि ये मुलाकात होगी या नहीं, ये पक्का नहीं है।