फिलहाल नहीं घटेंगे तेल के दाम : केंद्रीय मंत्री पुरी

Front-Page Jaipur National Rajasthan

Jaipur :

जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में शुक्रवार को पांचवीं साउथ एशियन जियो साइंस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हुई। इस दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत दुनियाभर के विशेषज्ञ मौजूद रहे। 3 दिन तक चलने वाली कॉन्फ्रेंस के शुरुआती सत्र में मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा- अंतरराष्ट्रीय बाजार में हुई उठापटक (मंदी) के बाद दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 200% तक बढ़ोतरी हुई है। भारत में ऐसा नहीं हुआ है। हमारे यहां सिर्फ 70% तक ही दाम बढ़े हैं। जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में ठहराव के बाद कम होने लगेंगे।

पुरी ने बताया कि दुनियाभर में 2030 तक पेट्रोल और डीजल की मांग का 25% उत्पादन भारत में संभव हो सकेगा। फिलहाल हमारे यहां 50 लाख बैरल पेट्रोलियम की खपत हो रही है। इसमें 3% की बढ़ोतरी हो रही है। जो वैश्विक औसत से 1% ज्यादा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल-मिश्रण प्रतिशत 2013 में 0.67 प्रतिशत से बढ़कर मई 2022 में 10 प्रतिशत हो गया है।

जो निर्धारित समय से 5 महीने पहले है। यह 2.7 मिलियन टन CO-2 उत्सर्जन को कम कर रहा है। जो पर्यावरण के लिए अच्छा है। अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के अनुसार भारत आने वाले दो दशकों में वैश्विक ऊर्जा खपत में वृद्धि का एक चौथाई (25%) योगदान देगा। इसके साथ ही अगले कुछ वक्त में भारत की ऊर्जा मांग दोगुनी हो जाएगी। जबकि प्राकृतिक गैस की मांग 2050 तक पांच गुना बढ़ने की उम्मीद है।

केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि अभी बहुत तेज गति से गैस पाइप लाइन घरों तक पहुंचाने के काम किया जा रहा है। जबकि यूपीए सरकार के वक्त केवल 14000 किलोमीटर की गैस पाइपलाइन थी। जिसे अब मोदी सरकार ने 22 हजार किलोमीटर कर दिया है। हमारा टारगेट इसे 33 हजार 500 करने का है। उन्होंने राजस्थान में गैस पाइपलाइन की धीमी गति पर कहा कि हो सकता है आपके यहां लोकल गवर्नमेंट इश्यू हो। लेकिन हमारे यहां बहुत तेजी से काम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *