तीसरी सोमवारी पर हाजीपुर में 9 श्रद्धालुओं की मौत:हाईटेंशन तार की चपेट में आया डीजे;15 सेकेंड तक चिपके रहे,करंट से शव जलने लगे

Front-Page National

हाजीपुर में सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहर नाथ को जलाभिषेक करने सोनपुर जा रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। श्रद्धालुओं की DJ ट्रॉली हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। हादसा हाजीपुर इंडस्ट्रियल थाने के सुल्तानपुर गांव में रात करीब 12 बजे हुआ है।

चंद सेकेंड में हादसा हो गया। 15 सेकेंड तक शव ट्रॉली से चिपके रहे। करंट लगने के बाद लोगों के शव जलते रहे। बताया जा रहा है कि डीजे ट्रॉली पर 12-15 लोग सवार थे। 9 की मौत हुई, 2 घायल हुए हैं, बाकी लोग बच गए।

सावन के महीने में गांव के लोग हर सोमवार को पास के हरिहर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जाते हैं। रविवार की रात भी गांव के लोग जलाभिषेक के लिए निकले थे। इसके लिए DJ ट्रॉली का भी इंतजाम किया था, लेकिन गांव की खराब सड़क से DJ ट्रॉली को निकालने के दौरान ही ट्रॉली सड़क के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई।

9 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत

करंट की वजह से ट्रॉली पर सवार लड़के झुलस गए तो कई अफरातफरी के दौरान करंट की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही 9 की मौत हो गई है। हादसे की खबर पाकर बड़ी संख्या में पुलिस के साथ SDM मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोग हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप था कि बिजली विभाग की लापरवाही से ये हादसा हुआ है। लोगों का ये भी कहना था कि हादसे के बाद लगातार सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया न ही समय पर बिजली काटी है।

30 मीटर के डिस्टेंस से बच गई 150 जान

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रॉली पर करीब 15 लोग थे, जबकि 150 लोगों का जत्था ट्राली के पीछे-पीछे चल रहा था। ट्रॉली और जत्थे के बीच 30-35 मीटर की दूरी रही होगी। जैसे ही ट्रॉली तार से टकराई, ब्लास्ट होने लगा। ये देखकर पीछे वाले लोग डर से और पीछे हो गए। अगर सभी ट्रॉली के साथ या आसपास होते तो मरने वालों और घायलों की संख्या बहुत बड़ी हो सकती थी।

समय पर नहीं काटी गई बिजली

मृतक आमोद कुमार के पिता देवी लाल ने बताया कि ट्रॉली जा रही थी। उसमें तार सटने से करंट लगा। लाइट आधे घंटे के बाद कटी है। सभी बाबा हरिहरनाथ जा रहे थे। पीछे बहुत लोग थे। आगे कम ही लोग थे, जो भी उसकी चपेट में आएं उनकी मौत हो गई। ज्यादा लोग होते आगे तो और भी बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय धर्मेंद्र कुमार पासवान ने बताया कि इस एरिया के बिजलीकर्मियों को फोन करने पर भी फोन नहीं उठाया है। बात हुई तो वो बोला कि पुलिसवालों को बताइए यहां 9 लोग मर गए हैं।

घायल शिवम कुमार ने कहा कि करंट लगते ही लोग गिर गए। तार ब्लास्ट होने लगा। हम लोग सुल्तानपुर से जल भरने पहलेजा जा रहे थे। इसके बाद हरिहरनाथ मंदिर निकलते। आदमी तो बहुत थे, बहुत घायल भी हुए हैं। सदर एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि बाबा धाम लोग जा रहे थे। DJ 11000 बिजली के तार की चपेट में आ गया जिससे 9 लोग मर गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

लालू यादव ने जताया दुख

हाजीपुर के सुल्तानपुर में करंट की चपेट में आने से नौ कांवरियों की हुई मौत पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। राजद नेताओं ने कहा कि स्थानीय प्रशासन सजग होता तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।