आसनसोल से भाजपा कैंडिडेट पवन सिंह पीछे हटे, कहा- चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा ; डॉ.हर्षवर्धन का राजनीति से सन्यास

National Politics

नई दिल्ली : भोजपुरी सिंगर पवन सिंह ने रविवार को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया X पर लिखा- भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार, लेकिन किसी कारण वश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा। इस बीच पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने उन्हें दिल्ली बुलाया है।

भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को 195 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की। इसमें पवन सिंह को हिन्दी भाषी आसनसोल सीट से प्रत्याशी बनाया गया था। कभी भाजपा में रहे शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल यहां से TMC के सांसद हैं। सिन्हा से पहले सिंगर बाबुल सुप्रियो यहां से भाजपा के दो बार सांसद रह चुके हैं।

पवन सिंह के चुनाव लड़ने से इनकार के बाद ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा- खेला होने से पहले खेला हो गया। ये भाजपा का पहला सेल्फ गोल है।

उधर, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया। हर्षवर्धन ने सोशल मीडिया X पर लिखा- कृष्णानगर का ENT क्लिनिक मेरा इंतजार कर रहा है। हर्षवर्धन चांदनी चौक से सांसद हैं। पार्टी ने उनकी जगह प्रवीण खंडेलवाल को इस बार टिकट दिया है।