हिमाचल में PM मोदी बोले-कांग्रेस सबके आरक्षण खत्म कर मुसलमानों को देना चाहती है;राज्य सरकार ज्यादा दिन नहीं रहने वाली 

Front-Page Loksabha Election National Politics

नाहन:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के सिरमौर में पहुंच गए हैं। वह नाहन में रैली को संबोधित कर रहे हैं।

यह इलाका शिमला लोकसभा सीट में आता है। शिमला से भाजपा ने मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप को उम्मीदवार बनाया है। उनके खिलाफ कांग्रेस ने 6 बार के सांसद केडी सुल्तानपुरी के विधायक विनोद सुल्तानपुरी को टिकट दी है।

इसके बाद पीएम मोदी मंडी के पड्‌डल ग्राउंड में रैली करेंगे। जहां से BJP ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार मंत्री विक्रमादित्य से है।

देवी-देवताओं से विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए आशीर्वाद मांगना:मोदी

मोदी ने कहा- लोगों के घर घर जाकर कहना की मोदी जी सिरमौर आए थे और कहना कि मोदी ने नमस्कार बोला है। आप सब मिलकर देवी-देवताओं के मंदिर में जाकर आशीर्वाद मांगना ताकि विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

गरीब के घर चूल्हा जलता रहना चाहिए:मोदी

उन्होंने कहा कि मोदी का संकल्प है गरीब के घर चूल्हा जलता रहना चाहिए। इसलिए मुफ्त अनाज योजना अगले पांच साल चालू रहेगी। शिमला संसदीय सीट से सुरेश कश्यप को वोट देकर विजयी बनाना है। कश्यप को दिया वोट सीधा मोदी के खाते में आएगा।

मोदी आपका बिजली बिल जीरो कर देगा: PM

पीएम ने कहा- कांग्रेस वाले गप मारकर गए। मोदी आपका बिजली बिल जीरो कर देगा। इसके लिए एक बड़ी योजना लेकर आपकी सेवा में हाजिर हैं। योजना शुरू कर दी है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना। इससे जो सरप्लस बिजली पैदा करेंगे, उसे बेचकर कमाई भी करेंगे। आपके घर पर सोलर पैनल लगाने के लिए 75 हजार रुपए सरकार देगी।

ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। सिरमौर वाले भाइयों आप भी बुकिंग करवा दें।

PM ने कहा- हिमाचल में वंदे भारत ट्रेन शुरू की

मोदी ने कहा कि हिमाचल को बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क मिला। हिमाचल में वंदे भारत ट्रेन शुरू की। युवाओं का सशक्तिकरण मोदी की प्राथमिकता है। पांच किलो मुफ्त राशन और पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मोदी की गारंटी है।

इंडी गठबंधन के दिल में आग है: PM

प्रधानमंत्री ने कहा- वह आज कांग्रेस और इंडी गठबंधन की साजिश से सावधान करने आए हैं। उनके दिल में आग है। ये भारत को तबाह करने के लिए कैसे-कैसे खेल-खेल रहे हैं। संविधान में एससी, एसटी समुदाय को आरक्षण दिया, कांग्रेस सारे आरक्षण खत्म करके वोट बैंक मुसलमानों को दे देना चाहती है। ये सिर्फ बातें नहीं करते। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ओबीसी के अधिकार छीनकर मुसलमानों को दे दिए।

कांग्रेस की सरकार ज्यादा दिन नहीं रहने वाली है: PM

उन्होंने कहा- एक तरह मोदी की गारंटी , दूसरी तरफ झूठ की गारंटी। हिमाचल में भी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में कई गारंटी दी। पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी बोली। पहली कैबिनेट में कुछ हुआ तो नहीं बल्कि कैबिनेट ही टूट गई। महिलाओं को 1500 रुपए नहीं मिला। कांग्रेस ने गोबर का पैसा देने का वादा किया था।

ये अब ज्यादा दिन रहने वाले नहीं है। ये तालाबाज सरकार आपके भविष्य का ताला नहीं खोल सकती। उन्होंने कहा कि नौकरी की परीक्षा कराने वाले आयोग को ही इन्होंने ताला लगा दिया। दिल्ली से शाही परिवार ने हिमाचल को धोखा दिया, उसने मुड़कर अपनी शक्ल तक नहीं दिखाई।

वह पिछले 30 साल से हिमाचल की जनता के बीच रहे। शायद ही कोई ऐसा साल होगा, जब उन्होंने यहां की मिट्‌टी को अपने माथे पर न चढ़ाया है। वह हिमाचल का कर्ज उतारने के मौके की तलाश में रहते हैं।

पहाड़ों ने सिर गर्व से ऊंचा रखना सिखाया है: PM

पीएम ने कहा कि हिमाचल के ऊंचे पहाड़ों ने मुझे अपना हौसला बुलंद रखना सिखाया है। हिमाचल की बर्फीली पहाड़ियों ने ठंडे दिमाग से काम करना भी सिखाया है। पहाड़ों ने सिर गर्व से ऊंचा रखना सिखाया है और मैं भारती का अपमान नहीं सह सकता, लेकिन कांग्रेस मां भारती के अपमान से बाज नहीं आती।

कांग्रेस को भारत मां की जय कहने, वंदे मातरम कहने से दिक्कत है। ऐसी कांग्रेस कभी हिमाचल का भला नहीं कर सकती। यही कांग्रेस है जिसने भारत के सीमावर्ती इलाकों को अपने हाल पर छोड़ दिया था। जब बॉर्डर पर सड़क बनाने की बात आती थी तो डर जाती थी और सोचती थी कि सड़क बनाने से दुश्मन अंदर आ जाएगा। मोदी ने बॉर्डर पर इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाया है। इससे बॉर्डर किनारे रहने वाले लोगों और फौजियों का जीवन आसान हुआ है।