चित्तौड़गढ़ लोकसभा के लाभार्थी सम्मेलन:पीएम मोदी की सरकार ने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने का किया काम:सीपी जोशी

Rajasthan Rajasthan-Others

चित्तौड़:-भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जब कोई किसान, गरीब अपने बच्चों को पढ़ाते, लिखाते हैं, आशा करते हैं कि वह नौकरी लगेगा, लेकिन जब बच्चा पेपर देकर घर आता है, तो पता लगता है कि पेपर लीक हो गया। आज प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर आशंकित है। आरपीएससी जैसी संस्था के सदस्य पेपर लीक में पकड़े जाते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी शनिवार को लोकसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ पहुंचे। जहां उन्होंने चित्तौड़गढ़ और निंबाहेड़ा विधानसभा में महाजनसंपर्क अभियान एवं लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित कर लाभार्थियों से मिले। इसके साथ ही दिव्यांगों को वैशाखी, व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल, श्रवण वितरित किए। 40 दिव्यांगों का हाथों-हाथ रजिस्ट्रेशन किया गया जिन्हें एमआर जांच के लिए कोटा ले जाया जाएगा।  प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने लाभार्थी सम्मेलनों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद से केंद्र में कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित सरकारें जब तक रही तब तक बड़े-बड़े नारे दिए कि गरीबी हटाओ, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसके विपरीत काम किया। गरीबी तो नहीं हटाई, गरीबों की जेब पर डाका डाल कर अपने आप को अमीर बना लिया । कांग्रेस की नीतियों से उनके नेता अमीर जरूर बन गए। इनकी नीतियों के चलते महंगाई भी बढ़ती चली गई। कांग्रेस के नेता ईमानदारी से काम करते तो आज भारत वापस सोने की चिड़िया बन चुका होता । प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनता से धोखा न कर ईमानदारी से काम करते तो आज इन्हें हेलीकॉप्टर लेकर पूरे प्रदेश का दौरा नहीं करना पड़ता। आज स्थिति यह है कि कांग्रेस सरकार के मंत्री एवं विधायक आपस में लड़ रहे हैं और इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं कि विधायक की दखलंदाजी से हमने विकास का काम रोक दिया है। पूरे प्रदेश का विकास कार्य ठप पड़ा है। अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। बदहाल कानून व्यवस्था है। जनता का कोई धणी धोरी नहीं है, जो सुनवाई कर सकें। कांग्रेस के पाप का घड़ा भर चुका है। 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार की विदाई तय हो गई है।   प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि 2014 में देश में नरेंद्र मोदी सरकार बनी तब से लेकर आज तक नरेंद्र मोदी ने निस्वार्थ भाव से गरीब, पीड़ित ,शोषित वंचित वर्ग के लिए कार्य किया है। अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने का कार्य किया।  कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष गौतम दक,विधायक चंद्रभानसिंह आक्या,  महाजनसंपर्क अभियान के जिला संयोजक मिट्ठू लाल जाट, सह संयोजक रघु शर्मा, श्रवण सिंह राव ने  भी संबोधित किया।