जमुई में पीएम बोले-अब भारत घर में घुसकर मारता है:पहले आतंकी हमला कर चले जाते थे;कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती

Front-Page Loksabha Election National Politics

जमुई:-पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जमुई के खैरा में सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लालू के जंगलराज, भ्रष्टाचार और इंडी अलायंस पर निशाना साधा।

पीएम ने कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला कर के चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा। आज का भारत घर में घुसकर मारता है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि ये चुनावी सभा है या विजय सभा है। उन्होंने चिराग पासवान और जमुई से कैंडिडेट उनके बहनोई को अपना भाई बताया।

पीएम ने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने देश का नाम खराब किया है।

सभा को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नरेंद्र मोदी फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने भी लालू सरकार के जंगलराज की याद दिलाई। कहा- पहले हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था। अब सब कंट्रोल में है। इन लोगों को ले आएंगे तो ये फिर से यही सब करवाएंगे।

पीएम मोदी और सीएम नीतीश 32 दिन बाद फिर एक साथ एक मंच पर हैं। इससे पहले औरंगाबाद में दोनों एक मंच पर नजर आए थे।

पीएम बोले- आज का भारत घर में घुसकर मारता है

पीएम मोदी ने आतंकवाद पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले आतंकी हमारे ऊपर हमला कर के चले जाते थे। कांग्रेस दूसरे देशों के पास शिकायत लेकर जाती थी। हमने कहा ऐसे नहीं चलेगा। भारत वही महान पाटलिपुत्र और मगध वाला भारत है। आज का भारत घर में घुसकर मारता है।

जंगल राज की याद दिलाई

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आपको याद है ना 2005 से पहले कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। पहले लड़के-लड़कियां घर से नहीं निकले थे, अब सब निकलते हैं। अब हम इधर-उधर होने वाले नहीं हैं।

मुस्लिमों को मैसेज
नीतीश ने कहा कि हमारे पहले यहां पर झगड़ा होता था। मुस्लिम-हिंदू लड़ाई होता था। हम लोग जब आए तो ये बंद हुआ। इसे याद रखिएगा। वे फिर आए तो लड़वाएंगे।

नीतीश ने याद दिलाया जंगलराज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देने के लिए मैं आपका अभिनंदन करता हूं। 2005 से हम लोग मिलकर काम कर रहे हैं। हमने बहुत तेजी से काम किया। नीतीश ने जंगलराज का याद दिलाया। कहा कि अब भाई-भाई कर रहा है।

सम्राट चौधरी बोले- माफिया को जेल में रहना पड़ेगा या बिहार छोड़ना पड़ेगा

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि ये पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने जो संकल्प लिया वो काम पूरा किया। ये गरीबों का कल्याण करने वाले प्रधानमंत्री हैं। देश में जब तक मोदी सरकार है एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा। बिहार में भी कानून का राज अब कायम है। बालू, शराब माफिया पर शिकंजा कसा है। माफिया को जेल में रहना पड़ेगा या बिहार छोड़ना पड़ेगा। इस बार हम सभी 40 सीटें जीतकर आपकों प्रधानमंत्री बनाएंगे।

चिराग बोले- बिहार की 40 सीटें पीएम को अर्पित करता हूं

जब हमारे प्रधानमंत्री मोदी बिहार में लोकसभा चुनाव की शुरुआत करते हैं तो वह जमुई से ही करते हैं। इसके पहले जमुई में जब सभा की थी, तब मेरे पिता रामविलास पासवान मौजूद रहे। मैं प्रधानमंत्री को आश्वस्त करता हूं कि बिहार से 40 की 40 सीटें हम जीतेंगे।

4 लोकसभा सीटों पर 19 को मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बिहार की 40 में से 4 सीटों पर 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसमें गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई है, लेकिन प्रधानमंत्री ने सबसे पहले चुनाव प्रचार के लिए जमुई को चुना है। जब से यहां कार्यक्रम तय हुआ, तब से हर स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली से आई SPG की टीम ने पिछले तीन दिनों से मोर्चा संभाल रखा है।