PM बोले-मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी:भोपाल में मोदी ने कहा-जहां-जहां कांग्रेस गई,उस राज्य को बर्बाद कर दिया

Front-Page National Politics

भोपाल:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भोपाल दौरे पर हैं। PM जंबूरी मैदान में होने वाले भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी। जहां-जहां कांग्रेस गई, उस राज्य को बर्बाद कर दिया।’ 2013 से भाजपा हर 5 साल में जंबूरी मैदान पर कार्यकर्ता महाकुंभ कर रही है। मोदी तीसरी बार इसके मुख्य वक्ता हैं। BJP का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेश भर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री का भाषण अपडेट्स….

  • यह जन सैलाब, उमंग, उत्साह, महाकुंभ, महासंकल्प, बहुत कुछ कहता है। यह दिखाता है कि मध्यप्रदेश के मन में क्या है? यह दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा। यह दिखाता है भाजपा का और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।
  • मेरे परिवारजनों, मध्यप्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जन संघ के जमाने से लेकर आज तक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है। अटल जी, कुशाभाऊ ठाकरे, कैलाश जोशी, प्यारेलाल खंडेलवाल, राजमाता विजयराजे सिंधिया, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र सकलेचा.. एमपी से निकले ऐसे अनेक महान व्यक्तित्व ने हमें आज यहां तक पहुंचाया है। इनका तप और त्याग भाजपा के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है।
  • मध्यप्रदेश सिर्फ भाजपा के विचार का ही नहीं, विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। आज जब देश अमृतकाल की नई विकास यात्रा पर निकला है, तब मध्यप्रदेश की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। एमपी में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो चुके हैं। जो युवा पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की ही सरकार को देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, बुराइयां देखी नहीं हैं।
  • एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्यप्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा। लेकिन, कांग्रेस ने साधन – संपन्न मध्यप्रदेश को समर्थ युवाओं वाले मध्यप्रदेश को बीमारू बना दिया दोस्तों…। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था नहीं देखी। यहां के युवाओं ने उस दौर की खस्ताहाल सड़कें नहीं देखीं। यहां के युवाओं ने अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और शहर नहीं देखे। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने एमपी को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया। इसीलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।
  • युवाओं ने चारों तरफ से विकास करता मध्यप्रदेश ही देखा है। मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा है। शिक्षा के उभरते केंद्र के रूप में देखा है, इसीलिए आने वाले चुनाव बहुत अहम हैं। हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, उस विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं, भटके नहीं और अटके भी नहीं।
  • हम अपने आसपास देख रहे हैं कि जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे कांग्रेस वहां सिर्फ बर्बादी लाई। हमने महाराष्ट्र में देखा है कि कैसे कांग्रेस ने गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर – 1 काम बना दिया। मध्यप्रदेश के विकास के लिए आने वाले कुछ साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। आज पूरी दुनिया से भारत में निवेश आ रहा है। अलग-अलग राज्यों में आ रहा है।
  • यह समय भारत और मध्यप्रदेश को विकसित बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में अगर कांग्रेस जैसी परिवारवादी पार्टी, हजारों – करोड़ों के घोटाले का इतिहास रचने वाली पार्टी, वोट बैंक का तुष्टिकरण करने वाली पार्टी को जरा भी मौका मिल गया तो मध्यप्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा।
  • मैं आपसे एक सवाल पूछता हूं। मैं कहता हूं कि जहां-जहां कांग्रेस गई है, उस राज्य को बर्बाद कर दिया। क्या आपको लगता है कि मध्यप्रदेश का भी यही हाल करेंगे। मध्यप्रदेश को बचाना चाहिए कि नहीं, कांग्रेस के हाथ नहीं जाने देना चाहिए न, लूटने और तबाही नहीं करनी देनी चाहिए न…। कांग्रेस एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। क्या आप एमपी को फिर से बीमारू बनाना चाहते हो?
  • क्या आप एमपी के युवाओं के भविष्य को तबाह करना चाहते हो? क्या आप चाहते हैं कि एमपी के विकास का पैसा कांग्रेस नेता लूट लें? मेरे परिवार जनों कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वो लोहा है, जो बारिश में रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में न देखने का सामर्थ बचा है, न देश हित को समझने का, इसीलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। आपको याद होगा कि कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का भी विरोध किया था। आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है। भारत में रिकॉर्ड डिजिटल लेन-देन हो रहे हैं। कांग्रेस को यह भी पसंद नहीं है। भाजपा आज आधुनिक सर्वे, आधुनिकतम सड़कें, चौड़े हाईवे, एक्सप्रेस-वे बना रही है, लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें ला रही है। स्टेशन का कायाकल्प कर रही है। भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, यह कांग्रेस को नहीं पच रहा।
  • भाजपा बुलेट ट्रेन पर काम कर रही है। इसकी भी कांग्रेस आलोचना करती है। भाजपा सरकार ने नया संसद भवन बनाया। पूरा देश इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहा है। लेकिन, कांग्रेस ने पहले दिन से ही विरोध करना शुरू कर दिया। अब भी नकारात्मकता फैला रहे हैं कांग्रेस वाले। भारत कुछ भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को पसंद नहीं आता।
  • आप मुझे बताएं देश का नाम रोशन हो तो आपको खुशी होती है या नहीं? देश की इज्जत बढ़े तो खुशी होती है कि नहीं, मान बढ़े तो गौरव होता है कि नहीं? आपको होता है, लेकिन कांग्रेस वालों को नहीं होता। क्योंकि, कांग्रेस न तो खुद बदलना चाहती है और न ही देश को बदलने देना चाहती है। देश समृद्धि की तरफ बढ़ने के लिए घोर परिश्रम कर रहा है। लेकिन, कांग्रेस देश को 20वीं शताब्दी में ले
  • जाना चाहती है।
  • मैं मध्यप्रदेश के फर्स्ट टाइम वोटर को बताना चाहता हूं। आपके माता-पिता, दादा – दादी को अभाव में रखने के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। उनको मुसीबत में जीने के लिए मजबूर करने वाली कांग्रेस एक मात्र पार्टी है। आज दुनिया भारत को लेकर जो कुछ कह रही है, यह सारे गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार का गौरवगान करने में ही जुटी रही। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया।
  • कांग्रेस भारत में भ्रष्ट व्यवस्था को पोषित करने में जुटी रही। इसकी राजनीति अभाव में फलफूलती है। गरीबी और मुश्किलों में फलती फूलती है। इन्होंने ऐसी व्यवसथा बनाई कि गरीब को हमेशा हाथ फैलाना पड़े। हर चीज के लिए निर्भर रहना पड़े। गरीब को तरसाकर कांग्रेस को यह जताने का अवसर मिल जाता था कि उन्होंने गरीब को कुछ दिया है। यह योजना का लाभ भी उन लोगों को देते थे, जिनसे उन्हें वोट मिलते थे।
  • कांग्रेस ने जानबूझकर देश को गरीब रखा। देश के लोगों को अभाव में जीने के लिए मजबूर किया। रोटी, कपड़ा, मकान में ही उलझाए रखा। मेरे युवा साथियों, जो मुश्किलें आपके माता-पिता से पहले की पीढ़ियों ने झेलीं, वो अब आपको और आपके बच्चों को न झेलनी पड़ीं, इसके लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है।
  • आज हमारे प्रेरणा पुंज पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस है। उन्होंने सुशासन को अंत्योदय से जोड़कर देखा। अंत्योदय की यही प्रेरणा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास… इस मंत्र में पं. जी का चिंतन है। यह हमें प्रेरित करती है। बीते 9 साल में हमने जो भी योजना बनाई, उनके मूल में यही भावना है। भाजपा ने गरीबों, महिलाओं, शोषितों, वंचितों, एससी, एसटी, ओबीसी को विकास का सबसे बड़ा लाभार्थी बनाया है।
  • वंचितों को वरीयता की गारंटी मोदी ने दी है, उसे हमने एक के बाद एक कदम उठाकर पूरा किया है। हमने गरीब का जीवन बेहतर करने के लिए प्रयास किए, प्रमाणित प्रयास किए। समाज में जो अभाव था, उसे दूर किया। जानते हैं कि इसका नतीजा क्या मिला है? मैं आपसे एक बात पूछूं? आपको पता है न कि कांग्रेस ने 50 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया था। मैं फिर आपसे पूछूंगा कि 50
  • साल पहले गरीबी हटाओ का नारा किसने दिया था? क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया?
  • मैं आपको एक और आंकड़ा बताना चाहता हूं। 13.5 करोड़, यह मध्यप्रदेश की कुल आबादी से भी ज्यादा है। भाजपा सरकार के 5 साल में ही देश में 13.5 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह सुनकर आपको आनंद होता है, उत्साह बढ़ता है, हम अपना काम पूरा कर रहे हैं कि नहीं कर रहे। यह मोदी की गारंटी का नतीजा है। जब मोदी गारंटी देता है, जब भाजपा गारंटी देती है, तो वो जमीन पर उतरती है। घर-घर पहुंचती है। हर लाभार्थी तक पहुंचती है। याद रखिएगा, मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी।

अपडेट्स…

  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं। PM मोदी के हाथ हम भव्य और दिव्य भारत का सपना साकार होते हुए देखेंगे।’
  • CM ने कहा, ‘कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। यह कलंक हमने मिटा दिया। डबल इंजन की सरकार ने MP को तेजी से आगे बढ़ाया है।’
  • CM ने कहा, ’19 महीने के लिए कांग्रेस आई। कमलनाथ ने PM आवास के मकान लौटाकर गरीबों के मकान नहीं बनने दिए। PM जल – जीवन मिशन भी शुरू नहीं किया।’
  • BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘आज मध्यप्रदेश गौरवांवित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के विकास और गरीबों के हित में काम हुए हैं।’
  • जंबूरी मैदान में PM ओपन जीप में एंटर हुए। इसके लिए सभा स्थल पर रोड बनाई गई। ‘MP के मन में मोदी’ गाने से उनका स्वागत हुआ।
  • जीप में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और BJP के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी PM के साथ रहे।
  • प्रधानमंत्री सुबह 10.55 बजे राजाभोज एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर के जरिए जंबूरी मैदान पहुंचे।

महाकुंभ के लिए 5 बडे़ डोम बनाए गए

बीजेपी के कार्यकर्ता महाकुंभ के कार्यक्रम स्थल पर पांच बडे़ वाटरप्रूफ डोम बनाए गए हैं। पीएम के मंच के ठीक सामने बने डोम में करीब 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। स्टेज के सामने बने डोम के दोनों तरफ दो-दो डोम बनाए गए हैं। इनमें भी कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। पूरे सभास्थल को 42 सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर में 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

महाकुंभ के लिए भोपाल जा रहे 39 BJP कार्यकर्ता-समर्थक घायल

भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने खरगोन से जा रहे BJP कार्यकर्ता और समर्थकों की बस रोड पर खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में 39 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। कार्यकर्ता रायसागर, खापर, जामली और रूपगढ़ के रहने वाले हैं। हादसा देर रात 12.30 बजे कसरावद के पास शारदा गांव में हुआ।

PM के भोपाल आने से पहले कमलनाथ का ट्वीट…

शिवराज जी, आपके झूठ की वजह से प्रधानमंत्री ने आपको चुनाव अभियान से बाहर किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भोपाल आने से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘शिवराज जी, आज आप जरा धीरज से काम लीजिएगा। प्रधानमंत्री जब भी मध्यप्रदेश आते हैं, तो आप उन्हें अपने किसी न किसी झूठ में शामिल करा लेते हैं। आपकी झूठ की मशीन से मध्यप्रदेश की जनता के साथ प्रधानमंत्री भी त्रस्त हैं, इसीलिए उन्होंने पूरे चुनाव अभियान से आपको बाहर कर दिया है। आप देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जो मुख्यमंत्री तो हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं हैं।’

कमलनाथ ने आगे लिखा…

  • रीवा में आपने PM के सामने बोल दिया कि किसानों की आमदनी दोगुनी से अधिक हो गई है, जबकि उनके नीति आयोग की रिपोर्ट में मध्यप्रदेश के किसानों की आमदनी घटी थी।
  • भोपाल में आपने उन्हें गलत परचा पकड़ा दिया और वे मध्यप्रदेश में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए लीटर से कम बता गए। इस तरह उन्हें दूसरे झूठ में शामिल कर लिया।
  • गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी आपका झूठ प्रधानमंत्री से टकरा रहा है। आप देते किसी को नहीं, लेकिन कहते हैं कि सिलेंडर 450 रुपए का देंगे। वहीं, PM कहते हैं कि सिलेंडर 900 रुपए का देंगे।
  • PM की सागर जिले की यात्रा में आपने उनसे कहला दिया कि कांग्रेस सरकार ने बुंदेलखंड पर ध्यान नहीं दिया, जबकि UPA सरकार ने 7200 करोड़ रुपए का विशेष बुंदेलखंड पैकेज दिया था।