PM बोले-देश में मोदी की गारंटी की चर्चा:केरल में कांग्रेस-लेफ्ट ने महिलाओं को कमजोर माना;हमने लोकसभा-विधानसभा में आरक्षण दिलाया

Front-Page National Politics

त्रिशूर:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केरल के त्रिशूर में BJP महिला सम्मेलन को संबोधित किया। 43 मिनट के संबोधन में पीएम ने कहा- आज कल देश में मोदी की गारंटी की चर्चा है, लेकिन मैं मानता हूं कि देश की नारी शक्ति विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की सबसे बड़ी गारंटी हैं।

आजादी के बाद से कांग्रेस, लेफ्ट, एलडीएफ और यूडीएफ की सरकारों ने नारी शक्ति को कमजोर माना। कांग्रेस और लेफ्ट की सरकारों ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण देने का कानून लटकाए रखा। मोदी सरकार ने महिलाओं को वो अधिकार दिलाया।

पीएम की स्पीच की 4 बड़ी बातें…
1. PM बोले- हमारे लिए किसान, गरीब, युवा किसान सबसे ऊपर
देश में कांग्रेस और लेफ्ट की सरकार थी, तो मुस्लिम बहनें तीन तलाक से परेशान थी। मोदी सरकार ने उसे खत्म करने की गारंटी दी थी और उसे खत्म करके भी दिखाया। बीजेपी सरकार के लिए चार जातियां सबसे ऊपर हैं, किसान, गरीब, युवा, महिला। इनका विकास होगा, तभी देश का विकास होगा।

2. केरल में लेफ्ट और कांग्रेस नाम के लिए दो पार्टियां
केरल में लंबे समय तक लेफ्ट और कांग्रेस, सत्ता और विपक्ष का ढोंग रचते रहे हैं। ये सिर्फ नाम के लिए दो पार्टियां हैं। केरल में करप्शन हो, क्राइम हो या परिवारवाद, ये दोनों सब कुछ मिलकर करते हैं। अब इंडी अलायंस बनाकर इन्होंने घोषणा कर दी है कि इनकी विचारधारा और नीतियों में कोई अंतर नहीं है।

3. हम इराक में फंसी केरल की नर्सेस को वापस लाए
केरल की माताओं की संतानें, दुनियाभर में काम करने जाती हैं। बीते कुछ सालों में दुनियाभर में कितने संकट आए। कोरोना हो, रूस-यूक्रेन जंग हो। जब केरल की नर्सेस इराक में फंसी थीं तो बीजेपी सरकार उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर लाई। कल्पना कीजिए, अगर दिल्ली में लेफ्ट-कांग्रेस की कमजोर सरकार होती तो हमारी इन बेटियों का क्या होता?

4. ​​​​​​​विपक्षी गठबंधन ने मंदिरों को लूट का जरिया बनाया
इंडी गठबंधन, हमारी आस्था पर चोट करता है। इन्होंने मंदिरों को, हमारे त्योहारों को भी लूट का जरिया बना दिया है। त्रिशूर पूरम के साथ जैसी राजनीति की जा रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। सबरीमाला में भी जिस तरह की अव्यवस्था सामने आई है, उससे श्रद्धालुओं को असुविधा हुई है। ये यहां की राज्य सरकार की अक्षमता का प्रमाण है।

लक्षद्वीप में PM बोले- यहां मिले प्यार से अभिभूत हूं
पीएम मोदी ने बुधवार सुबह लक्षद्वीप के कावारत्ती में 1150 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कावारत्ती स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- लक्षद्वीप का क्षेत्रफल भले छोटा है, लेकिन इसका हृदय बहुत बड़ा है। मैं यहां मिल रहे प्यार और आशीर्वाद से अभिभूत हूं। मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं।

PM ने कहा- 2020 में मैंने आपको गारंटी दी थी कि अगले 1000 दिनों के अंदर आपको तेज इंटरनेट की सुविधा मिलेगी। आज कोच्चि-लक्षद्वीप सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर प्रोजेक्ट का उद्घाटन हुआ है। अब लक्षद्वीप में 100 गुना ज्यादा स्पीड से इंटरनेट मिलेगा।

PM ने कहा- आज भारत विश्व समुद्री खाद्य बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इससे लक्षद्वीप को काफी फायदा हो रहा है। आज लक्षद्वीप की टूना मछली जापान को निर्यात की जा रही है। लक्षद्वीप में समुद्री शैवाल की खेती से जुड़ी संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा- आजादी के बाद दशकों तक केंद्र में रही सरकारों की एकमात्र प्राथमिकता अपने-अपने राजनीतिक दलों का विकास करना था। दूर-दराज के राज्यों, सीमावर्ती इलाकों या समुद्र के बीच के इलाकों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने इन इलाकों के विकास को प्राथमिकता दी है।

इससे पहले 2 जनवरी को मोदी तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली पहुंचे थे। यहां उन्होंने इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग समेत करीब 20 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया।

तमिलनाडु में PM बोले- संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखा
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को तमिलनाडु की जीवंत संस्कृति और विरासत पर गर्व है। मेरे कई तमिल मित्र थे। मुझे उनसे तमिल संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखने को मिला। मैं दुनिया में जहां भी जाता हूं, मैं खुद को तमिलनाडु के बारे में बात करने से नहीं रोक सकता। पवित्र सेनगोल को नए संसद भवन में स्थापित किया गया, जो सुशासन के उस मॉडल से प्रेरणा लेने की कोशिश है, जो तमिल विरासत ने भारत को दिया है।

भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। हमारे देश में दुनिया के बड़े निवेशक निवेश कर रहे हैं। इसका फायदा तमिलनाडु और देश की जनता को मिल रहा है। तमिलनाडु मेक इन इंडिया का बड़ा ब्रांड एंबेसडर बन रहा है। देश आजादी का अमृतकाल बना रहा है। जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं तो इसमें आर्थिक और सांस्कृतिक, दोनों पहलू शामिल हैं।