प्रियंका गांधी दमन और दीव से लड़ सकती आगामी लोकसभा चुनाव : केतन पटेल

Front-Page Loksabha Election Politics

New Delhi : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आगामी लोकसभा चुनाव दमन और दीव से लड़ सकती हैं। केंद्र शासित प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष केतन पटेल ने रविवार को इसकी जानकारी दी। केतन ने कहा- प्रियंका गांधी यहां से संभावित उम्मीदवार हो सकती हैं, क्योंकि पार्टी आलाकमान ने उन्हें इसके लिए डेटा इकट्ठा करने के लिए कहा है। मैं इस प्रस्ताव का स्वागत करता हूं। केतन ने बताया, प्रियंका के आने से पूरा दक्षिण गुजरात जो हमेशा कांग्रेस के साथ रहा है और सौराष्ट्र जो दीव से सटा हुआ है, उसे यहां फायदा होगा। पार्टी जो डेटा कलेक्ट कर रही है उसमें जमीनी हकीकत जैसे बिंदु शामिल हैं। इस दौरान मतदाताओं की पसंद और उम्मीदवारों के पिछले प्रदर्शन को देखा जाएगा।

कांग्रेस की तरफ से फिलहाल लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की एक भी लिस्ट जारी नहीं की गई है। हालांकि प्रियंका गांधी के दमन और दीव के अलावा यूपी के रायबरेली से भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। रायबरेली से मौजूदा सांसद सोनिया गांधी ने इस बार राज्यसभा के लिए नामांकन भरा है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी सोनिया की सीट से परिवार के किसी सदस्य को ही टिकट दे सकती है।