प्रियंका गांधी बोलीं-प्रधानमंत्री बहकी-बहकी बातें करते हैं:राजस्थान के भीनमाल में कहा-वे झूठी वीरता दिखा रहे हैं,लगता है कुछ हो गया है मोदीजी को

Front-Page Loksabha Election Politics Rajasthan Rajasthan-Others

भीनमाल(जालोर):-राजस्थान के भीनमाल (जालोर) में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी हमला किया। उन्होंने कहा कि मोदीजी आजकल बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं।

कभी झूठी वीरता दिखाते हैं, कभी गटर से गैस बनाते हैं, कभी बादल में मिसाइल छोड़ते हैं, कभी हवा में उड़ते हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि करना क्या है। वे असल में देश की जनता से कट चुके हैं। महंगाई और आम आदमी की समस्या पर बात नहीं कर रहे हैं।

जालोर-सिरोही से कांग्रेस ने अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को उम्मीदवार बनाया है। वैभव के समर्थन में हो रही सभा में सचिन पायलट सहित कांग्रेस के बड़े नेता पहुंचे हैं।

प्रचार की गलतफहमी में मत पड़िए-कांग्रेस महासचिव

  • केवल आपको कुछ देने का प्रचार किया जा रहा है, लेकिन आपको कुछ मिल नहीं रहा है।
  • कांग्रेस की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से निकाला, लेकिन भाजपा की सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी में ढकेला है।
  • भाजपा की सरकार फिर से आई तो कुछ बदलेगा नहीं। ये देश किसी जी-20 से या बड़े-बड़े इवेंट्स से आगे नहीं बढ़ सकता।

मोदीजी की तरह खोखली बातें नहीं करते- प्रियंका

  • अब साफ-साफ दिख रहा है कि मोदीजी गरीब के संघर्ष को पहचानने का तैयार नहीं हैं।
  • भ्रष्टाचार के बहाने दो-दो मुख्यमंत्री जेल में हैं। सभी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।
  • पहले भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं फिर उनकी पार्टी में जाते ही वो लोग साफ हो जाते हैं।
  • आज देश में सबसे बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है जब सुप्रीम कोर्ट ने चंदे की सूची मांग तो सच्चाई सामने आई है।
  • मोदी जी ने भ्रष्ट लोगों से तो चंदा ही लिया, गुजरात में जो पुल गिरा था उस कंपनी से, वैक्सीन बनाने वालों से, लॉटरी वालों तक से चंदा लिया। इससे बड़ी भ्रष्टाचार और क्या होगा।

पेपरलीक पूरे देश में सिलसिला बना गया है-प्रियंका गांधी

  • पेपरलीक पूरे देश में हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए हम एक कानून लाएंगे। इसमें एक जॉब कैलेंडर होगा।
  • परिवार की सबसे बड़ी महिला को हमारी सरकार बनने के बाद सालाना एक लाख रुपए मिलेंगे। जिससे कि आप सशक्त बनें।
  • देशभर में 50 प्रतिशत सरकारी नौकरी महिलाओं को देंगे।
  • श्रमिकों के लिए कानूनी गारंटी बनाई जाएगी। कम से कम 400 रुपए मजदूरी मिनिमम मिलेगी। शहरी क्षेत्रों के लिए इस मनरेगा जैसी योजना लाई जाएगी।
  • अग्निवीर योजना तुरंद रद्दद की जाएगी। ताकि आप मान-सम्मान के साथ नौकरी कर सकें।

रोजगार घटाए जा रहे हैं-प्रियंका

  • 10 सालों से किसानों, महिलाओं के साथ अन्याय हो रहा है। न रोजगार मिल रहा है न किसानों को कुछ मिल रहा है।
  • जिस तरह उद्योगपतियों के लोन माफ हो रहो है, देश की संपतियां इनको दी जा रही है, हम चाहते हैं कि ये सभी आपको वापस मिले।
  • आपको सिर्फ झूठ बताया जा रहा है, सच्चाई आपको नहीं बताई जाती।
  • देश में जो 30 लाख पद खाली हैं, उनको हम भरेंगे। जो बच्चे स्नातक पास हैं उन्हें एक लाख रुपए मिलेंगे। हम 5 हजार करोड़ का एक फंड बनाएंगे जो केवल नौजवानों के लिए होगा।

अरबपतियों के पास इतना पैसा कहां से आ रहा है-कांग्रेस महासचिव

  • अरबपतियों के बच्चों की शादी धूमधाम से हो रही है। इतना पैसा इन लोगों के पास कहां से आ रहा है। क्योंकि मोदीजी ने इनके कर्ज माफ किए हैं।
  • लेकिन किसानों का कर्ज माफ करने के लिए इनके पास पैसा नही हैं।
  • इस देश की एक सच्चाई ये है कि गरीब रोज सुबह-शाम संघर्ष कर रहा है। रोजगार देने की बजाए अग्निवीर जैसी स्कीम ला रहे हैं।

खेती-किसानी से मिलने वाले रोजगार बंद हो रहे हैं- प्रियंका

  • ऐसे कानून लाए गए जिनसे केवल अरबपतियों को फायदा हुआ। किसान सर्दी में बैठे रहे, महीनों तक सुनवाई नहीं हुई।
  • प्रधानमंत्रीजी का घर कुछ दूरी पर था, लेकिन वो किसी से मिले भी नहीं। फिर उत्तर प्रदेश का चुनाव आया तो मोदीजी ने काले कानून रद्द कर दिए।
  • इनकी नीतियां केवल बड़े-बड़े अरबपतियों के लिए हैं। इनकी नीति भी ठीक नहीं है।

मोदीजी देश की जनता से कट चुके हैं- प्रियंका गांधी

  • मुझे लगता है कि जब सत्ता इतनी हो जाती है तो अधिकारी असलियत नेता को बताते नहीं हैं। मोदीजी जनता से कट चुके हैं। क्योंकि उन्हें असलियत कोई बता नहीं रहा है।
  • मोदीजी देश से कैसी-कैसी बातें कर रहे हैं। जबकि सीधी-सीधी समस्याएं हैं महंगाई और बेरोजगारी। लेकिन इन पर कोई बात नहीं हो रही है।
  • आज महंगाई पिछले 45 सालों में सबसे ज्यादा है। मोदीजी की 10 सालों की बदौलत। आज कह रहे हैं कि सिलेंडर 400 में भरवाएंगे, लेकिन पिछले 10 सालों से कहां था।
  • आज चुनाव आ रहा है तो पेट्रोल-डीजल सिलेंडर के दाम घटाने की बात कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री को कुछ हो गया है-प्रियंका गांधी

  • चिरंजीवी योजना सहित कई योजनाएं वर्तमान सरकार ने बंद कर दीं।
  • आपके ध्यान को भटकान वाली बातें इन दिनों हो रही हैं।
  • प्रधानमंत्री आजकल बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं। अभी राजस्थान आए तो बाबा रामदेव का जन्मस्थान कश्मीर बता गए।
  • कभी शेखी दिखाते हैं, कभी झूठी वीरता दिखाते हैं। कभी मांस-मछली की बातें करते हैं। कभी उस जमाने के ई-मेल की बात करते हैं जब ई-मेल था हीं नहीं। कभी हवा में उड़ते हैं , कभी पानी के नीचे चले जाते हैं।
  • इन बातों से लेकिन आपके जीवन का क्या मतलब है। जो सबसे बड़ी समस्या है महंगाई उस पर कोई बात नहीं करता।

भाजपा वालों से पूछो इन्होंने क्या किया-गहलोत

  • ये लोग केवल बड़े-बड़े वादे करते हैं, इन्होंने कुछ नहीं किया। कांग्रेस के नेताओं ने देश के लिए बलिदान दिया है। भाजपा वालों से पूछना चाहिए कि इन्होंने देश के लिए क्या किया।
  • नई राजस्थान की सरकार कोई काम नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री के केवल झूठ बोलने की चर्चा होती है।
  • ये हमारी स्कीम्स बंद कर रहे हैं, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम ऐसा नहीं होने देंगे।

मोदी 10 साल से केवल झूठ बोल रहे हैं- डोटासरा

  • मोदी की एक भी गारंटी वैसी नहीं है जैसा की अशोक गहलोत ने अपने कार्यकाल में दी थी। मोदी सरकार केवल जुमले दे रही है।
  • मोदी सरकार को 3650 दिन दे दिए, लेकिन एक भी काम इन्होंने ढंग से नहीं किए हैं।