प्रियंका गांधी ने जबलपुर में नर्मदा पूजन किया:बोलीं-18 साल से आपका इस्तेमाल और शोषण हो रहा;मप्र में धन-बल से जनादेश को कुचला

Front-Page National

जबलपुर:-कर्नाटक में जीत के बाद कांग्रेस ने अब मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंचीं और ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की। प्रियंका ने कहा, आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन-बल से जनादेश को कुचला जाता है। पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली।

प्रियंका ने सभा में आगे कहा, इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं। आपके पास 6 महीने हैं। इन 6 महीनों में देखिए कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं। अपना वोट अपने लिए डालिए। प्रियंका ने अपनी स्पीच की शुरुआत मां नर्मदा के जयकारे से की।

प्रियंका ने दी पांच बड़ी गारंटी
प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने आते ही बिल पास कर दिया।

  • 1. हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।
  • 2. गैस सिलेंडर 500 रु. का मिलेगा।
  • 3. 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हाफ होगी।
  • 4. मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। कर्मचारियों का दर्द हम समझते हैं। आप देखिए इन्होंने क्या नहीं किया। आर्मी में भी इन्होंने 4 साल का सिस्टम करवा दिया है।
  • 5. किसान कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।

प्रियंका के भाषण की प्रमुख बातें…

मेरे परिवार ने इस देश को बनाने के लिए खून दिया

मैं किसी की आलोचना करने नहीं आई। मैं यहां वोट मांगने नहीं आई हूं। मेरे परिवार के सदस्यों ने इस देश को बनाने के लिए खून दिया है। मैं जानती हूं कि निर्माण में कितना संघर्ष है। जानती हूं सत्ता भोगना कितना आसान है। जो मैं देख रही हूं, चाहती हूं आपको भी दिखे। यह हमारे प्रचार की शुरुआत है।

आपके जज्बातों को उकसाया जाता है

केंद्र में 9 साल हो गए, मध्यप्रदेश में 18 साल हो गए, ये राजनीति बहुत आगे बढ़ चुकी है। आपकी जरूरतों को नकार रही है। आपके जज्बातों को उकसाया जाता है। हमारे लिए हमारा धर्म सर्वोपरि है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पब्लिक को बहकाया जाए। पब्लिक के जज्बात उभारकर वोट मांगा जाए। कोई नेता, राजनीतिक दल ऐसा कर रहा है, तो आप उनकी आदत बिगाड़ रहे हो। वे तो बिगड़े हैं ही।

आपसे किए वादे पूरे नहीं किए जाते

चुनाव के समय आपसे वादे किए जाते हैं, लेकिन जो वादा करता है, उसकी खुद की आस्था उसमें नहीं होती है। उनको पूरा करने की कोशिश नहीं होती। आज मैं संस्कारधानी की धरती पर खड़ी होकर आपको पुरानी राजनीति की याद दिलाना चाहती हूं। हमारे नेता जो कहते थे, वो करके दिखाते थे। सबकुछ न्योछावर करके आपके लिए दिन-रात एक करते थे। अब घोषणाएं की जाती हैं। पूरा नहीं किया जाता।

आधुनिक भारत संस्कारों के आधार पर आगे बढ़ा

यहां आज महाकौशल की पावन और क्रांतिकारी धरती पर खड़े होकर बहुत गर्व हो रहा है। इस धरती ने क्रांतिदूत पैदा किए हैं। हम उनका आशीर्वाद मांगते हैं। मध्यप्रदेश सिर्फ भारत का केंद्र नहीं, दिल और जान है। संस्कारधानी जबलपुर ने साहित्य, संस्कृति और संस्कार हमें दिए हैं। इसी पर हमारा संविधान बना। ये आधुनिक भारत इन्हीं संस्कारों के आधार पर आगे बढ़ा।

कैमरामेन का जूता निकला, तो प्रियंका ने उठाकर दिया

नर्मदा मां की आरती के बाद प्रियंका गांधी ने ताल उद्यान पहुंचकर रानी दुर्गावति की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां उनका आदिवासी लोक परंपरा से स्वागत हुआ। इसी बीच भीड़ में दौड़ते हुए गिरे कैमरामेन का जूता निकला गया, तो प्रियंका ने उन्हें जूता उठाकर दिया। उधर, पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला था। ASP समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान सुरक्षा में तैनात रहे।

कमलनाथ बोले, यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, प्रियंका गांधी ने यहां आने से पहले नर्मदा पूजन की शर्त रखी थी। संस्कारधानी जबलपुर आकर मुझे जवानी के दिनों की याद आती है। यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं। हमारे संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने के हैं। हमारे देश के अलावा किसी देश में इतने धर्म, जातियां, देवी-देवता, त्योहार नहीं हैं। जोड़ने की संस्कृति की राजधानी जबलपुर है।

मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। 15 साल बाद दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।

शिवराज सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना की मौत, माफिया राज, रेप, घर-घर शराब दी। यह उनकी उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। उनके नाचने से मुकाबला नहीं कर सकता। उन्हें कलाकारी और घोषणाओं में नहीं हरा सकता, लेकिन सच्चाई में हरा सकता हूं। शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं कि ये चुनाव किसी उम्मीदवार का, पार्टी का नहीं है, ये चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का है।

नेता प्रतिपक्ष बोले, मैं प्रियंका में इंदिरा जी की तस्वीर देख रहा

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा, शिवराज सिंह की सरकार लुटेरी है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में प्रियंका भाजपा को नेस्तनाबूद करने के लिए आई हैं। मैं आज प्रियंका जी के रूप में इंदिरा जी की तस्वीर देखता हूं। इंदिरा जी ने दुर्गा जी का रूप धारण कर पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। आज यही रूप में प्रियंका जी में देख रहा हूं।

कांग्रेस सरकार आने पर नर्मदा में रेत खनन बंद होगा: तन्खा

सांसद विवेक तन्खा ने कहा, जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के साथ अन्याय हुआ। विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड में एक भी मंत्री नहीं है। स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास से वंचित रखा गया। मैं कहता हूं कांग्रेस की सरकार आने पर जबलपुर और आसपास 10 हजार नौकरियां मिलेंगी। नर्मदा में रेत का अवैध खनन बंद होगा। हमने इससे ज्यादा भ्रष्ट सरकार नहीं देखी। इन्होंने ईश्वर को भी नहीं छोड़ा। ईश्वर के मंदिर को भी खंडित कर दिया। ईश्वर इन्हें माफ नहीं करेगा। अब तो कांग्रेस का आना तय है।

हनुमान जी के कॉस्ट्यूम में पहुंचा कार्यकर्ता, प्रियंका के साथ की आरती

ग्वारीघाट में नर्मदा जी की आरती के दौरान कमलनाथ भी प्रियंका गांधी के साथ रहे। विवेक तन्खा, लखन घनघोरिया और दूसरे कांग्रेस के सीनियर लीडर भी पहुंचे। हनुमान जी की वेशभूषा में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी प्रियंका गांधी के साथ नर्मदा जी की आरती की।

रीवा, सागर और ग्वालियर भी आ सकती हैं प्रियंका

जबलपुर के बाद प्रियंका का रीवा, बुंदेलखंड (सागर) और ग्वालियर का भी कार्यक्रम बनाया जा रहा है। वे यहां रैली के साथ बड़ी सभा करेंगी। सभी जगह धार्मिक आयोजन की रूपरेखा भी बनेगी। राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उज्जैन-इंदौर से गुजर चुके हैं। इसलिए उनके कार्यक्रम इसी क्षेत्र में हो सकते हैं।

महाभारत, सनातन धर्म के 300 VIDEO तैयार, इन्हीं से प्रचार

कांग्रेस की चुनावी कोर टीम ने 300 से अधिक VIDEO बनाए हैं, जो भगवान श्रीराम, महाभारत और सनातन धर्म से प्रेरित हैं। इन्हें जल्द सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाएगा। पूर्व वित्तमंत्री और विधायक तरुण भनोत ने कहा कि हम हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं, जो भाजपा बनाना चाहती है। प्रियंका ग्वारीघाट पर पूजन और आरती करेंगी। फिर विजय शंखनाद-2023 रैली करते हुए शहीद स्मारक पर सभा लेंगी। रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माला चढ़ाएंगी।