प्रियंका बोलीं-मोदी विदेश में उद्योगपतियों के लिए डील करते हैं:PM खुद को भूमि पुत्र कहते थे,आज करोड़ों के काफिले में चल रहे हैं

Jaipur Rajasthan

निवाई:-टोंक के निवाई में प्रियंका गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो प्रधानमंत्री अपने आप को भूमि पुत्र कहते थे वो करोड़ों के काफिले में चल रहे हैं। प्रियंका ने महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि लोग सत्ता में आते ही भूल जाते हैं, उन्हें सत्ता में कौन लाया है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महंगाई से आमजन को राहत दिलाने के लिए राजस्थान सरकार कैंप लगा रही है। यहां महिलाओं को मोबाइल मिल रहा है। सरकार जो दे रही है, वह उनका हक है। इससे पहले प्रियंका ने राजस्थानी में भाषण की शुरुआत करते हुए डिग्गी कल्याणजी और धन्ना भगत के जयकारे लगवाए।

प्रियंका गांधी ने महंगाई राहत कैंप में महिलाओं से बात की। उन्होंने यहां सेल्फी भी खिंचवाई।

केंद्र से पूछना चाहिए इतनी महंगाई क्यों है: प्रियंका
प्रियंका ने कहा- देश में आज महंगाई चरम पर है। गैस सिलेंडर 1000 रुपए का है, इसे गरीब आदमी कैसे खरीदेगा। केंद्र से पूछना चाहिए इतनी महंगाई क्यों है?

राजस्थान सरकार जो जनता को दे रही है, वह उनका हक है। आज मैं एक लड़की से मिली, जिसके हाथ में मोबाइल था। उसने कहा कि मुझे गहलोत सरकार ने दिया है। राजस्थान सरकार मोबाइल दे रही है और भी कई चीजें दे रही है।

गहलोत सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्र सरकार में धनवान का जय जयकार है और आपकी जरूरत और समस्याओं काे हल करने का कोई जरिया नहीं है। इसलिए प्रदेश सरकारों पर बोझ पड़ रहा है। गहलोत सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की बेहतरीन योजनाएं दी हैं। पीएम ने हर चीज के लिए अपने उद्योगपति मित्रों को आगे रखा और जनता को पीछे रखा।

जब असली मुद्दों की बात आती है तो जाति और धर्म को ले आते हैं। यह चुनाव राजनीतिक दलों के बीच का चुनाव नहीं है। यह चुनाव आपके भविष्य का चुनाव है।

‘मोदी बड़ी-बड़ी महफिलों में पैसा खर्च करते हैं’
प्रियंका ने जी-20 की मीटिंग को लेकर कहा कि वहां आज बारिश हुई है। लगता है जो देशवासी नहीं कह पाए वो भगवान ने कह दिया कि इतना घमंड ठीक नहीं है। देश की जनता को आगे रखें। प्रियंका ने पीएम पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे विदेश में जाकर अपने उद्योगपति मित्रों के लिए डील करते हैं। भाजपा की नीतियां केवल अमीरों को आगे बढ़ाने में है। उनके पास गरीब और मिडिल क्लास के लिए कुछ नहीं है। जबकि गहलोत सरकार का ध्यान केवल आपके विकास और आपको आगे बढ़ाने पर गया है।

मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर 32 लाख करोड़ खर्च किए हैं। बड़ी-बड़ी महफिलों में पैसा खर्च करते हैं तो जनता के लिए पैसा कहां से बचेगा।

प्रियंका बोलीं- जैसे ही भाजपा सरकार आएगी आपके फायदे की सारी स्कीम बंद कर देगी
प्रियंका ने कहा- जैसे ही भाजपा की सरकार राजस्थान में आएगी, आपकी सारी स्कीम बंद कर देगी। सारे जनहित के काम बंद हो जाएंगे। फिर भी अगर आप वोट नहीं देंगे तो खुद का ही नुकसान करेंगे। उन्होंने कहा- दो तरह के नेता होते हैं। एक नेता होता है, जो सेवा को ही परम धर्म समझता है और दूसरा अहंकार और घमंड रखता है।

आप ऐसे नेता को चुनिए, जिनमें जनता के प्रति श्रद्धा हो। ऐसे नेता चुनिए जो आपकी मुश्किलें नहीं बढ़ाए, जो आपकी मुश्किलें कम करें। आप कांग्रेस की सरकार को फिर चुनिए। उम्मीद है आप चुनाव के वक्त ये बातें याद रखेंगे।

‘मोदी शाह गांधी परिवार से डरे हुए हैं’
गहलोत ने कहा कि राजस्थान सरकार ने हर क्षेत्र में फैसले लेने में कमी नहीं छोड़ी है। हमने बजट में जो घोषणाएं की, सबको लागू कर दिया है। इस बार माहौल ऐसा बन गया है कि लगता है सरकार रिपीट होगी। नरेगा ने पीएम की बोलती बंद कर दी।

हमने यूपीए के कानूनों की तर्ज पर अधिकार आधारित युग की शुरुआत की है। राइट टू सोशल सिक्योरिटी कानून की दिशा में काम किया है। केंद्र सरकार भी यह कानून बनाए। प्रियंका गांधी इसकी पैरवी करें।

मैं मोदी और अमित शाह से पूछना चाहता हूं कि वे गांधी परिवार से डरे क्यों रहते हैं। बार-बार आपको गांधी परिवार का नाम लेने की जरूरत क्यों पड़ती है। गांधी परिवार ने देश लिए कुर्बानियां दी हैं। जनता अब समझ चुकी है।

पायलट बोले- हमें नौजवानों को मंच देना होगा
पायलट ने कहा- हमें नौजवानों को मंच देना होगा। संगठन में यह काफी हद तक हुआ भी है। कुछ हफ्ते पहले राहुल गांधी राजस्थान आए थे। प्रियंका गांधी को यहां की जनता दिल से चाहती है। आपके आने से जनता में उत्साह का संचार होता है। आपने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक चुनावों में प्रचार किया था तो कांग्रेस की सरकार बनी, यहां भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।

पायलट ने कहा कि राजस्थान सरकार ने साढे़ चार साल में कांग्रेस के घोषणा-पत्र के हिसाब से काम किया है। इन योजनाओं का लाभ कार्यकर्ताओं के माध्यम से कैसे जनता तक पहुंचाने की जरूरत है। लोगों को देखना होगा कि कौन-सी विचारधारा प्रदेश के हित के लिए काम करती है।

जो पार्टियां ​लोगों को लड़ाकर सत्ता पाना चाहती हैं, उन्हें पहचानने की जरूरत है। सोनिया गांधी ने देश के लोगों के बीच जगह बनाई है। राजस्थान में जनता अंत में सही निर्णय करेगी, 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।

कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी: रंधावा
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि असली देशभक्त कांग्रेस के लोग हैं। कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। बीजेपी वाले पूछते हैं 70 साल में क्या हुआ। इनका तो आजादी के वक्त जन्म भी नहीं हुआ था। केंद्र सरकार कांग्रेस को डरा नहीं सकी, हम अंगेजों से नहीं डरे। हम सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी से डरने वाले नहीं हैं। केंद्र ईडी, सीबीआई को कल भेजता आज भेज दे, हम डरेंगे नहीं, लड़ेंगे।

सीडब्ल्यूसी मेंबर बनने के बाद पायलट पहली बार प्रियंका की सभा में
प्रियंका गांधी को पायलट के बड़े पैरोकार नेताओं में माना जाता है। पायलट को सीडब्ल्यूसी मेंबर बनाने के बाद हो रही रही इस सभा में कई सियासी संदेश छिपे हैं।

इंदिरा रसोई योजना की गांवों में शुरुआत
प्रियंका गांधी ने इंदिरा रसोई ग्रामीण भी लॉन्च की। अब तक शहरों में आठ रुपए में खाने की योजना चल रही थी। गहलोत सरकार ने गांवों में भी इंदिरा रसोई का सस्ता खाना उपलब्ध करवाने की घोषणा की थी। इसे इंदिरा रसोई योजना ग्रामीण के नाम से चलाया जाएगा। चुनावी साल में कस्बों और गांवों में आठ रुपए में खाने की योजना को सियासी फायदे के हिसाब से अहम माना जा रहा है।