प्रियंका बोलीं-मेरी मां का मंगलसूत्र देश पर कुर्बान हुआ:PM वोट के लिए डरा रहे;मोदी ने कहा था-कांग्रेस मंगलसूत्र-गहने लेकर पैसे बांट देगी

Front-Page Loksabha Election National Politics

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलसूत्र पर बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, “मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश को कुर्बान हुआ है। अगर मोदी जी मंगलसूत्र का महत्व समझते तो ऐसी अनैतिक बातें नहीं करते।” प्रियंका बेंगलुरु में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। अपने 45 मिनट के भाषण में उन्होंने लॉकडाउन, मणिपुर हिंसा, किसान आंदोलन समेत कई मुद्दों पर सवाल उठाए।

प्रधानमंत्री ने राजस्थान की चुनावी रैली में कहा था कि कांग्रेस महिलाओं के गहने और मंगलसूत्र लेकर पैसा ऐसे लोगों में बांट देगी जिनके अधिक बच्चे हैं, जो घुसपैठिए हैं। उन्होंने रविवार (21 अप्रैल) को बासवाड़ा में यह बयान दिया था।

प्रियंका की स्पीच के पॉइंट्स…

1. दो दिनों से बहकी-बहकी बातें की जा रही हैं

प्रियंका ने मंगलवार को कर्नाटक में कहा कि पिछले दो दिनों से बहकी-बहकी बातें की जा रही हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी आपका मंगलसूत्र, आपका सोना छीनना चाहती है। 70 सालों से ये देश स्वतंत्र है, 55 साल कांग्रेस की सरकार रही है, क्या किसी ने आपका सोना छीना, आपके मंगलसूत्र छीने।

उन्होंने कहा कि जब जंग हुई थी, तब इंदिरा गांधी ने अपना सोना देश को दिया था। मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश के लिए कुर्बान हुआ है। मोदी जी अगर मंगलसूत्र का महत्व समझते तो ऐसी अनैतिक बातें नहीं करते।

प्रियंका ने कहा कि किसान पर कर्ज चढ़ता है तो उसकी पत्नी अपना मंगलसूत्र गिरवी रखती है। बच्चों की शादी होती है या दवाई की जरूरत होती है तो महिलाएं अपने गहने गिरवी रखती हैं। यह बात ये लोग नहीं समझते।

2. सैनिक की पत्नी को निर्वस्त्र घुमाया तब मोदीजी चुप थे
प्रियंका ने मणिपुर हिंसा और लॉकडाउन पर कहा, “जब मणिपुर में एक सैनिक की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया तब मोदी जी चुप थे, कुछ नहीं बोले। जब उन्होंने देश में लॉकडाउन लगाया और मजदूर देश भर से यूपी-बिहार और अलग-अलग जगहों के लिए पैदल निकले, जब इन्होंने ट्रेनें-बस बंद कर दीं। जब खाना नहीं मिल रहा था, जब कोई चारा नहीं था, तब महिलाओं ने अपने गहने गिरवी रखे। तब मोदी जी कहां थे?”

3. वोट के लिए महिलाओं को डरा रहे, शर्म आनी चाहिए
प्रियंका ने किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा, “600 किसान शहीद हुए, उनकी विधवाओं के मंगलसूत्र के बारे में मोदी जी ने नहीं सोचा। आज चुनाव और वोट के लिए महिलाओं को डरा रहे हैं। उनको शर्म आनी चाहिए।

लॉकडाउन में महिलाओं ने गहने गिरवी रखे… तब मोदी जी कहां थे? किसान आंदोलन में सैकड़ों किसान शहीद हुए, उनकी विधवाओं के मंगलसूत्र के बारे में मोदी जी ने नहीं सोचा। आज वोट के लिए महिलाओं को डरा रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा था- कांग्रेस आई तो हमारी बहनों का सोना-चांदी जांचेगी
राजस्थान के बांसवाड़ा में रविवार को PM मोदी ने कहा था कि अगर कांग्रेस की सरकार बनेगी तो प्रॉपर्टी का सर्वे किया जाएगा। हमारी बहनों के पास कितना सोना-चांदी है, इसकी जांच की जाएंगी और फिर वो सबको समान रूप से बांट दिया जाएगा।

मेरी माताओं-बहनों की जिंदगी में सोना शो के लिए नहीं होता, उसके स्वाभिमान से जुड़ा होता है। उसका मंगलसूत्र सोने की कीमत का मुद्दा नहीं है, उसके जीवन के सपनों से जुड़ा है, कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में उसे छीनने की बात कर रही है।

पहले जब उनकी सरकार थी, तब उन्होंने कहा था देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्‌ठी करके किसको बांटेंगे, जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बांटेंगे, घुसपैठियों को बांटेंगे। क्या आपकी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाना मंजूर है।