राजस्थान में भारत जोड़ो, राहुल के साथ गहलोत-पायलट:14 किमी. के बाद लंच ब्रेक, अब दोपहर बाद दूसरा फेज; आज 34KM चलेंगे

Front-Page Kota Politics Rajasthan

Kota : राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में पहला दिन। सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 11 मिनट पर झालावाड़ के काली तलाई से यात्रा शुरू हुई। काली तलाई से बाली बोरडा तक करीब 14 किलोमीटर के सफर के साथ यात्रा का पहला फेज पूरा हो गया।

इस यात्रा में सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा साथ चले। अब लंच ब्रेक है। पैदल मार्च का दूसरा फेज दोपहर बाद शुरू होगा।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, राज्यमंत्री होम गाड्‌र्स राजेंद्र गुढ़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र, ओसियां से विधायक दिव्या मदेरणा ने भी सुबह-सुबह यात्रा से जुड़कर साथ चले। इससे पहले रविवार रात पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के क्षेत्र झालावाड़ से राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री हुई थी।

पहले दिन शुरुआती करीब डेढ़ घंटे की यात्रा के बाद राहुल गांधी झालरापाटन के रायपुर फाटक के पास स्थित एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुके। यात्रा का दूसरा फेज दोपहर बाद 3:30 बजे शुरू होगा। पहले फेज में राहुल गांधी तीन घंटे तक चले। अब वह झालरापाटन के बाली बोरड़ा में यात्रा के कैंप में ठहरे हैं। यात्रा के लिए हर स्टॉपेज पर कैंप बनाए गए हैं।

राहुल गांधी राजस्थान में यात्रा के पहले दिन 34 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। अब तक भारत जोड़ो यात्रा में औसतन रोज 24 किलोमीटर का सफर तय होता है, लेकिन राजस्थान में अब स्पीड बढ़ाई जा रही है। यात्रा में कांग्रेस के सभी खेमे एक साथ दिखे। गहलोत-पायलट, दोनों के समर्थकों ने यात्रा में भाग ले रहे हैं।

भारत जोड़ो से सुबह-सुबह राजस्थान की बहादुर बेटी देविका भी जुड़ीं। राहुल ने उनसे बात की। देविका ने कहा- राहुल देश के लिए यात्रा कर रहे हैं। देविका पाली की रहने वाली हैं और मुंबई आंतकी हमले की चश्मदीद रही हैं। राहुल गांधी का काफिला तकरीबन 7 बजकर 47 मिनट पर झालरापाटन में रायपुर फाटक के पास एक ढाबे पर रुका। यहां लगभग 25 मिनट का टी ब्रेक लिया गया और 8:15 बजे यात्रा वहां से आगे बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *