राहुल गांधी बोले-30 लाख युवाओं को नौकरी देंगे:सरकार आने पर ग्रेजुएट को हर साल एक लाख मिलेंगे;पेपर लीक रोकने के लिए लाएंगे कानून

Rajasthan Rajasthan-Others

बांसवाड़ा:-राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज दोपहर राजस्थान में प्रवेश कर गई। यात्रा ने रतलाम (मध्य प्रदेश) के सैलाना से बांसवाड़ा के दानपुर में एंट्री ली। राहुल राजस्थान के बॉर्डर तक खुली जीप में पहुंचे। यहां से वे जीप में ही बांसवाड़ा शहर आए।

यहां करीब 20 मिनट तक रोड शो के बाद गोविंद गुरु सरकारी कॉलेज के खेल मैदान में जनसभा में राहुल ने कहा- दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक युवा कुली मिला। उसने मुझे बताया- मैं सिविल इंजीनियर हूं और कुली का काम कर रहा हूं। आज मैं आपको बताना चाहता हूं कि सरकार में आने के बाद हमारा पहला काम होगा वंचित वर्ग को 30 लाख नौक​री देना। राहुल ने हर ग्रेजुएट युवा को ट्रेनिंग और हर साल एक लाख रुपए देने की बात भी कही।

इससे पहले जनसभा में हल देकर राहुल का स्वागत किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुए महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा केवल मेवा खाने के लिए बैठी है। ये हर समय परिवारवाद-परिवारवाद करते हैं, लेकिन ये नहीं बताते इन्होंने 10 साल में क्या किया।

इससे पहले न्याय यात्रा का बांसवाड़ा शहर में तीन जगह स्वागत हुआ। राहुल की न्याय यात्रा ने शाम को गुजरात में एंट्री की।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के राजस्थान की सीमा पार कर गुजरात में एंटर करने से पहले ही कांग्रेस को झटका लगा है। पूर्व मंत्री और भाजपा से सांसद प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीय की पत्नी रेशम मालवीय ने बांसवाड़ा जिला प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके अलावा कांग्रेस के बागीदौरा ब्लॉक अध्यक्ष ललित पाटीदार, मंडल अध्यक्ष कलिंजरा हीरालाल पटेल, बड़ोदिया से चंदन सिंह पटेल, जिला महासचिव अक्षयराज पटेल और छींच मंडल अध्यक्ष नरेंद्र आचार्य ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

राहुल बोले- पेपर लीक किया तो कड़ी कार्रवाई होगी

  • पेपर लीक पर राहुल बोले- एग्जाम के दिन पता लगता है कि पेपर लीक हो गया। जिनके पास धन है, वे पेपर चुरा लेते हैं। और, हमें कहा जाता है कि पेपर लीक हो गया। अब आपको नौकरी ​नहीं मिलेगी। ऐसा सभी भर्तियों में होता है।
  • हम पेपर लीक के खिलाफ कानून लाएंगे। इसमें हम एग्जाम दिलवाने का तरीका बदलेंगे। प्राइवेट कंपनियों के ठेके बंद कर सरकारी एजेंसी को प्राथमिकता देंगे। यदि इसके बाद भी पेपर लीक हो गया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

राहुल ने कहा- हर ग्रेजुएट को ट्रेनिंग दी जाएगी

राहुल ने कहा- कॉलेज और डिप्लोमा के बाद एक साल के लिए हर ग्रेजुएट को प्राइवेट और सरकारी ऑफिस में ट्रेनिंग दी जाएगी और हर साल 1 लाख रुपए मिलेगा।

जातिगत जनगणना से सामने आएगा कि कैसे ठगा जा रहा है

  • राहुल गांधी बोले- हिंदुस्तान के गरीबों को चोट लग रही है। इनका एक्स-रे करवा दो और बाद में मैं एमआरआई भी करवाऊंगा।
  • सारी जानकारी निकाल दूंगा कि देश की बड़ी संस्थाओं में कितने आदिवासी और दलित हैं। देश के 10 लोगों में से 9 आप में से हैं, लेकिन आप सभी के रास्ते बंद कर दिए गए। आपकी जेब का पैसा 5 प्रतिशत लोग जो देश को चलाते हैं, उनकी जेब में जाता है। जातिगत जनगणना से ये सब सामने आ जाएगा और 90 प्रतिशत लोगों को पता चल जाएगा कि हमें ​कैसे ठगा जा रहा है।

राहुल बोले- राष्ट्रपति को सीधा मैसेज, आप आदिवासी हैं, अंदर नहीं आ सकतीं

  • राहुल गांधी बोले- किसानों ने अपनी बात रखी और हमने अपने घोषणा पत्र में क्रांतिकारी काम किया है। पहली बार उन्हें लीगल एमएसपी मिलना चाहिए। जो किसान दिल्ली की ओर जा रहे हैं, उनकी मांग हमने घोषणा पत्र में पूरी कर दी है।
  • जाति जनगणना को लेकर राहुल बोले- हम हिंदुस्तान की संस्थाओं, बजट और धन को देखें तो गरीब और दलित वर्ग के लोगों की भागीदारी कम है।
  • राष्ट्रपति आदिवासी हैं। राम मंदिर का इनॉग्रेशन हुआ। आपको टीवी पर उनका चेहरा दिखा? क्यों नहीं दिखा? क्योंकि वो आदिवासी हैं। हिंदुस्तान की राष्ट्रपति हैं, मगर उनको सीधा मैसेज दिया गया कि राम मंदिर के इनॉग्रेशन में आप राष्ट्रपति हों, कुछ भी हों। आप आदिवासी हैं, अंदर नहीं आ सकतीं।

भाजपा नेता आदिवासी के मुंह में पेशाब करते हैं- खड़गे

  • बहुत बड़ा राम मंदिर बनाया, अपनी-अपनी आस्था से मथा टेकते हैं। इतने बड़े मंदिर में आदिवासी और राष्ट की अध्यक्ष को क्यों नहीं बुलाया। राष्ट्रपति का अपमान आपने किया।
  • पार्लियामेंट में उन्हें बुलया क्योंकि वह अपवित्र होते हैं। मंदिर में बुलाएंगे तो वे अपवित्र होता है, ये तुम्हारी सोच है।
  • इससे पहले जो नींव डाली उस समय रामनाथ कोविंद थे, उसमें भी उन्होंने नहीं आना दिया। पहले शूद्रों, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को अपने साथ लो। दिन में तीन-तीन मीटिंग करते हैं।
  • जनता अब होशियार हो गई। हर जगह गरीबों पर अत्याचार हो रहे हैं। बीजेपी के नेता अत्याचार करते हैं। आदिवासी के बच्चे के मुंह में पेशाब करते हैं। ये शिक्षा कौनसी दी।
  • उस समय शिवराज चौहान मुख्यमंत्री थे। वो अब बेचारा परेशान है क्योंकि उन्हें जगह नहीं मिली। वह भटकते-भटकते मेरे क्षेत्र में आया था और वहां भी कुछ बोला, वो मैं बोलना नहीं चाहता।
  • युवाओं को पक्की नौकरी भी दिलाई जाएगी।

खड़गे का भाजपा पर निशाना, ये केवल मेवा खाने बैठे हैं

  • ये सुबह से लेकर शाम तक एक ही बात करते है, परिवार वाद। हर मीटिंग में परिवार वाद ही होता है। आपने जो काम किया है उसे बताओ। कहीं भी जाकर कुछ भी बोलकर समाज को बांटते हैं। जब वहां से निकलकर आते हैं तो आदिवासियों, गरीब और दलितों पर अत्याचार करते हैं।
  • क्या इसलिए लोगों ने आपको देश की गद्दी पर बैठाया। आपको देश के लोगों की सुरक्षा करना है और आप टिप्पणी करते हो।
  • बीजेपी की सोच है आसाम का मुख्यमंत्री कहता है- चंद जातियों की सेवा करना शूद्रों का कर्तव्य है। हम सेवा करते हैं तो आप केवल मेवा खाने के लिए बैठे हो।