नॉमिनेशन भरने के बाद राहुल गांधी की रायबरेली में पहली जनसभा

Front-Page Loksabha Election National Politics

राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करने सोमवार को रायबरेली के बछरांवा पहुंचे। उनके साथ मंच पर बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा, रायबरेली मेरी दो माताओं की कर्मभूमि है।

इसीलिए मैं यहां से चुनाव लड़ने आया हूं। कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं के लिए क्या करने जा रही है, ये बताने मैं रायबरेली आया हूं। राहुल ने कहा, 15 अगस्त तक 30 लाख नौकरी देने का काम कांग्रेस करेगी। देश में ठेकेदारी प्रथा बंद होगी।

शादी के सवाल पर हंसकर दिया जवाब

संबोधन के दौरान राहुल ने बहन प्रियंका को मंच पर थैंक्यू कहने के लिए बुलाया। उन्होंने बहन से लाड करते हुए कहा, ये मेरी बहन मेरे लिए कैंपेन कर रही है। अपना खून पसीना बहा रही है। इसी बीच भीड़ में से किसी ने राहुल से शादी को लेकर सवाल किया। जिस पर प्रियंका ने राहुल से कहा, पहले उसकी बात का जवाब दो। शादी के सवाल पर राहुल हंसते हुए बोले- अब जल्द ही कर लूंगा।

रायबरेली में मेरी दो माता थी…

लोकसभा प्रत्याशी राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले मैं मां सोनिया गांधी के साथ बैठा था। मैंने मां से कहा कि एक-दो साल पहले मैंने एक वीडियो में कहा था कि रायबरेली में मेरी दो माता थी। एक सोनिया गांधी और दूसरी इंदिरा गांधी।

तब मां ने कहा था, तुम्हारी तो एक ही मां है। तब मैंने मां से कहा, मां वो होती है जो रास्ता दिखाती है, आपकी रक्षा करती है। आप ने मेरे साथ ये दोनों काम किए और इंदिरा जी ने भी। ये मेरी दोनों माताओं की ये कर्म भूमि है। इसलिए मैं यहां रायबरेली से चुनाव लड़ने आया हूं।

संविधान के बिना जनता की सरकार नहीं होगी- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे कहा, जो भी आपको आज तक मिला है वो इस संविधान ने आपको दिया है। इस किताब के बिना जनता की सरकार नहीं होगी। अडानी-अंबानी की सरकार होगी। जो आपकी आज थोड़ी सी रक्षा है वो भी खत्म हो जाएगी। बस दो तीन लोगों की सरकार रह जाएगी। सरकारी नौकरी खत्म हो जाएगी। रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा। सारे रास्ते बंद हो जाएंगे।

हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की है। किसानों और गरीबों की रक्षा की है। पीएम ने 16 लाख करोड़ रुपया 22 उद्योगपतियों का माफ किया है। आज 22 लोगों के पास जितना धन है जितना भारत में 17 करोड़ लोगों के पास है। इतना अन्याय कभी नहीं हुआ। किसानों से छीना. मजदूरों से छीना, गरीबों से छीना और उनको दे दिया है।

मीडिया कभी किसी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाता

ये मीडिया वाले हमारे आपके नहीं अडानी-अंबानी के मित्र हैं। इनको भी सैलरी लेनी है, घर चलाना है, बच्चे पालने हैं इसलिए ये मजबूर हैं। इनकी लगाम अडानी-अंबानी के हाथ में है। मीडिया ने कभी हमारे विकास कामों को नहीं दिखाया। मीडिया कभी सच नहीं दिखाता। किसी किसान-बेरोजगार का इंटरव्यू नहीं दिखाया इन लोगों ने लेकिन अंबानी की शादी दिखाई।

10 करोड़ की घड़ी, लाखों रुपए का ड्रेस देखा। ये लोग हमारे नहीं, अडानी-अंबानी-मोदी के हैं। पीएम अगर 22 लोगों के लिए काम कर सकते हैं। तो कांग्रेस पार्टी करोड़ों लोगों को लाखपति बना सकती है। भारत में सारे गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी। यूपी से भी करोड़ों लोग होंगे। लिस्ट में से हर परिवार की एक महिला का नाम चुना जाएगा। उस महिला के अकाउंट में 1 लाख रुपए साल के अंदर जाएगा।

हर महीने खटाखट, खटाखट पैसे आएंगे

जुलाई में आएंगे 8 हजार 500, अगस्त में 8 हजार 500, सितंबर में 8 हजार 500 ऐसे खटाखट, खटाखट, खटाखट, खटाखट हर महीने पैसे आते रहेंगे। हमारे भाई मजदूरी करते हैं, जॉब करते हैं, नौकरी करते हैं, उसके लिए उनको सैलरी मिलती है। वैसे ही महिलाएं भी काम करती हैं, उनको भी सैलरी मिलती है। लेकिन जो महिला घर का काम करती हैं उनको ये सैलरी के रूप में दिया जा रहा है।

सबसे पहले किसानों का कर्ज माफ होगा

किसानों के लिए पीएम तीन काले कानून लाए। प्रदर्शन में 70 किसान शहीद हुए। किसानों को पीएम आतंकवादी कहते हैं। न्याय यात्रा में मैंने किसानों ने उनकी समस्या पूछी। उन्होंने हमें बताया, बैंक से हमें मारकर भगाया जाता है। हमारा कर्जा कभी भी माफ नहीं होता। तब मैंने किसानों से कहा, अगर हमारी सरकार आई तो आपका कर्जा माफ करना हमारा पहला काम होगा।

नोटबंदी, थाली, पकौड़ा युवाओं को दिया

पीएम ने 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। फिर कहते हैं, नाली में पाइप डालो। उसे गैस निकलेगा, उसे पकौड़े तलो और बेचो। 2-3 लोगों ने ऐसा किया लेकिन कुछ नहीं हुआ। 6 साल का बच्चा जानता है कोविड कैसे फैलता है, लोग थाली बजा रहे हैं, और कोविड फैलता जा रहा है। और मीडिया प्रशंसा कर रही है। नोटबंदी, थाली, पकौड़ा युवाओं को ये दिया। अग्निवीर दिया नहीं बल्कि लिया है।

अमेठी में मैं राइफल की फैक्ट्री लाया था

जवान को इन्होंने मजदूर बना दिया। कहते हैं, मजदूर का बेटा बॉर्डर पर जाते हैं, तो कहते हैं तुम अग्निवीर हो। उद्योगपति का बेटा है, कहते हैं तुम नार्मल जवान हो। गोली अग्निवीर को लगेगी। फिर कहा जाएगा देश में दो तरह के शहीद हैं।

तुम वो शहीद हो जिसको शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। परिवार को पेंशन नहीं मिलेगी। ये पीएम का काम है। अमेठी में मैं राइफल की फैक्ट्री लाया था। अब पीएम अडानी को ये काम देना चाहते हैं। तभी फैक्ट्री नहीं चल रही है। राइफल नहीं बन रही है।

भाई को बचपन से अन्याय नहीं पसंद- प्रियंका गांधी

जनसभा में प्रियंका गांधी ने कहा, आज मुझे बहुत गर्व है कि आपके सामने राहुल गांधी को आज मैं यहां लाई हूं। इस देश में ये एकलौते नेता है जो 4 हजार किलोमीटर कन्या कुमारी से लेकर कश्मीर तक पैदल चले। फिर मणिपुर से मुंबई तक यात्रा की। सिर्फ देश को संदेश देने के लिए यहां सब भाई हैं, देश में विकास कब आएगा जब एकता बनी रहेगी।

मैं बहन हूं राहुल गांधी जी की, उनको बचपन से जानती हूं, शायद कोई इनको मुझसे अच्छे से जाने। बचपन से इनको अन्याय नहीं पसंद था। बचपन में कोई बच्चा खेलते-खेलते बेइमानी करे तो भाई लड़ जाते थे। ऐसा निडर व्यक्ति आपको कहीं नहीं मिलेगा। भाई हमेशा सच बोलेंगे, चाहे वो कितना भी कड़वा लगे। भाई आपकी लड़ाई लड़ेगें, विकास करवाएंगे।