राहुल बोले-ओडिशा में BJP-BJD की शादी हो चुकी है:दिल्ली वाले अंकल और नवीन पटनायक ने मिलकर आपका पैसा लूटा

Front-Page Loksabha Election National Politics

केंद्रपाड़ा:-कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रविवार को ओडिशा पहुंचे। उन्होंने केंद्रपाड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के बीच गठबंधन है। PM मोदी ने केंद्र में 22-25 अरबपतियों की सरकार चलाई। वहीं काम ओडिशा में नवीन बाबू कर रहे हैं।

राहुल ने कहा- इसका पूरा का पूरा फायदा मुट्ठी भर लोगों का होता है और बाकी जनता देखती रह जाती है। तेलंगाना में भाजपा और BRS की शादी थी। वहां पर हर रोज उनकी बारात निकलती थी और ड्रामेबाजी होती थी। कांग्रेस पार्टी ने तेलंगाना में दिखाया कि भाजपा और BRS एक हैं और अगर विपक्ष का कोई काम कर रहा है तो वो कांग्रेस पार्टी कर रही है।

ओडिशा में भी कुछ यही हाल है। ओडिशा में BJP-BJD की शादी हो चुकी है। ‘दिल्ली वाले अंकल’ और नवीन बाबू ने इस शादी में ओडिशा की जनता को ‘PAANN’ दिया है। PAANN मतलब… PA- पांडियन (नवीन पटनायक के करीबी IAS अफसर), A- अमित शाह, N- नरेंद्र मोदी, N- नवीन पटनायक। इन्होंने मिलकर आपका पैसा लूटा है।

ओडिशा के लिए 5 गारंटी गिनाई
राहुल गांधी ने ओडिशा के लिए पांच गारंटी गिनाई। उन्होंने कहा- ओडिशा में महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपए, बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3,000 रुपए, 200 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और धान के लिए 3,000 रुपए/क्विंटल।

केंद्र में कांग्रेस की गारंटी बताई

युवा न्याय

1.⁠ पहली नौकरी पक्की: हर शिक्षित युवा को 1 लाख रुपए की अप्रेंटिसशिप का अधिकार

2.⁠ ⁠भर्ती भरोसा: 30 लाख सरकारी नौकरियां, सभी खाली पोस्ट कैलेंडर के अनुसार भरेंगे

3.⁠ ⁠⁠पेपर लीक से मुक्ति: पेपर लीक रोकने के लिए नए कानून और नीतियां

4.⁠ ⁠⁠गिग-वर्कर सुरक्षा: गिग वर्कर के लिए बेहतर काम-काजी नियम और संपूर्ण सामाजिक सुरक्षा

5.⁠ ⁠⁠युवा रोशनी: युवाओं के लिए 5,000 करोड़ रुपए का नया स्टार्टअप फंड

नारी न्याय

1.⁠ ⁠महालक्ष्मी: हर गरीब परिवार की एक महिला को हर साल 1 लाख रुपए

2.⁠ ⁠आधी आबादी, पूरा हक: केंद्र सरकार की नई नौकरियों में 50% महिला आरक्षण

3.⁠ ⁠शक्ति का सम्मान: आशा, मिड डे मील और आंगनवाड़ी वर्कर्स को ज़्यादा सैलरी, दोगुने सरकारी योगदान से

4.⁠ ⁠अधिकार मैत्री: महिलाओं को कानूनी हक़ और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली एक अधिकार-सहेली, हर पंचायत में

5.⁠ ⁠सावित्री बाई फुले हॉस्टल: कामकाजी महिलाओं के लिए दोगुने हॉस्टल

किसान न्याय

1.⁠ ⁠सही दाम: MSP की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन फॉर्मूले के साथ

2.⁠ ⁠कर्ज़ मुक्ति: कर्ज माफी प्लान प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए परमानेंट आयोग

3.⁠ बीमा भुगतान का सीधा ट्रांसफर: फसल नुकसान पर 30 दिन के अंदर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर

4.⁠ उचित आयात-निर्यात नीति: किसानों की सलाह से नई इंपोर्ट-एक्सपोर्ट पॉलिसी बनेगी

5.⁠ GST-मुक्त खेती: किसानी के लिए जरूरी हर चीज से GST हटेगी

श्रमिक न्याय

1.⁠ ⁠श्रम का सम्मान: दैनिक मजदूरी कम से कम 400 रुपए, मनरेगा में भी लागू

2.⁠ ⁠सबको स्वास्थ्य अधिकार: ₹25 लाख का हेल्थ-कवर: मुफ़्त इलाज़, अस्पताल, डॉक्टर, दवा, टेस्ट, सर्जरी

3.⁠ ⁠शहरी रोजगार गारंटी: शहरों के लिए भी मनरेगा जैसी नई योजना

4.⁠ ⁠सामाजिक सुरक्षा: असंगठित मजदूरों के लिए जीवन और दुर्घटना बीमा

5.⁠ ⁠सुरक्षित रोजगार: मुख्य सरकारी कार्यों में कांट्रैक्ट सिस्टम मजदूरी बंद

हिस्सेदारी न्याय

1.⁠ ⁠गिनती करो: सामाजिक व आर्थिक समानता के लिए हर व्यक्ति, हर वर्ग की गिनती

2.⁠ आरक्षण का हक: संवैधानिक संशोधन द्वारा 50% सीमा हटाकर SC/ST/OBC को आरक्षण का पूरा हक

3.⁠ SC/ST सब प्लान की कानूनी गारंटी: जितनी SC/ST जनसंख्या, उतना बजट; यानी ज़्यादा हिस्सेदारी

4.⁠ ⁠जल-जंगल-ज़मीन का क़ानूनी हक: वन अधिकार क़ानून वाले पट्टों का 1 साल में फैसला

5.⁠ ⁠अपनी धरती, अपना राज: कांग्रेस उन बस्तियों को अनुसूचित क्षेत्रों में अधिसूचित करेगी जहां आदिवासी सबसे बड़ा सामाजिक समूह हैं

ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होने हैं। यहां लोकसभा की 21 सीटें हैं, जिन पर 13 मई, 20 मई, 25 मई, 1 जून को चौथे, पांचवें, छठे और सातवें फेज में चुनाव होगा। राज्य में विधानसभा की 147 सीटों के लिए 13 मई से 1 जून के बीच वोटिंग होगी। दोनों चुनावों के नतीजे 4 जून को आएंगे।