राहुल बोले-रिजल्ट कह रहा,देश मोदी-शाह को नहीं चाहता:प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे ने कहा-भाजपा ने एक व्यक्ति के नाम पर वोट मांगे,यह उनकी हार

Rajasthan

लोकसभा सीटों के नतीजे आने के बाद मंगलवार को राहुल,सोनिया और मल्लिकार्जुन खड़गे ने शाम 5:30 बजे पार्टी के दिल्ली मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राहुल ने कहा, ‘देश मोदी-शाह को नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई संविधान को बचाने की थी। मैं सच बताऊं तो मेरे माडंड में था कि जब हमारा अकाउंड सीज किया, सीएम को जेल में डाला तब मेरे माडंट में था, जनता संविधान बचाने लड़ेगी।’

उन्होंने कहा कि जनता से, इंडिया गठबंधन के पार्टनर को और अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। आपने संविधान बचाने का सबसे बड़ा कदम ले लिया है। हमने हिंदुस्तान को नया विजन दिया। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम रिजल्ट को स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता की जीत है। भाजपा ने एक व्यक्ति के नाम पर वोट मांगे, यह उनकी हार है।

लोकसभा की 543 में से 542 सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में भाजपा बहुमत से दूर है। उसे 32 से ज्यादा सीटों का नुकसान दिख रहा है। 2019 में पार्टी को 303 सीटें मिली थीं। हालांकि, NDA की सरकार बनती दिख रही है।

रुझानों में NDA 298 और I.N.D.I.A. 228 सीटों पर आगे है। रुझानों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में NDA को नुकसान दिख रहा है। लखनऊ के रामबाई इलाके के काउंटिंग सेंटर पर भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

खड़गे ने कहा कि पीएम ने जैसा कैंपेन किया, वो इतिहास में याद रखा जाएगा

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा से हमने लोगों की समस्याएं समझीं। कांग्रेस पार्टी और हमारे इंडिया गठबंधन ने बहुत प्रतिकूल माहौल में चुनाव लड़ा। हमारे खाते सीज करने से लेकर तमाम नेताओं के खिलाफ अभियान चलाया।

हमारा कैंपेन पॉजिटिव था। हमने महंगाई बेरोजारी, मजदूरों की समस्याओं को मुददा बनाया। इसलिए लोग हमसे जुड़े। पीएम ने जैसा कैंपेन किया, वो इतिहास में याद रखा जाएगा। कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में मोदी ने जो झूठ फैलाया उसे जनता ने समझ लिया।

मोदी वाराणसी से जीते, उत्तर मध्य मुंबई सीट से मशहूर वकील उज्ज्वल निगम हारे

इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, अब तक भाजपा के 21, कांग्रेस के 4, जनता दल के 2, शिवा सेना (उद्धव ठाकरे) के 1, आम आदमी पार्टी के 1 उम्मीदवार जीत चुके हैं।

  • पीएम मोदी वाराणसी सीट से डेढ़ लाख से ज्यादा वोट से जीत गए हैं।
  • उत्तर मध्य मुंबई सीट से मुबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने मशहूर वकील उज्ज्वल निगम को हरा दिया है।
  • गुजरात के महेसाणा सीट से हरिभाई पटेल को 686406 वोट मिले और 328046 वोट से जीते।
  • अहमदाबाद पूर्व सीट से हसमुखभाई पटेल (एच.एस.पटेल) को 770459 वोट मिले और 461755 वोट से जीते।
  • अहमदाबाद पश्चिम सीट से दिनेशभाई मकवाना (वकील) को 611704 वोट मिले और 286437 वोट से जीते.
  • जूनागढ़ से चुडासमा राजेशभाई नाराणभाई 584049 को वोट मिले और 135494 वोट से जीते.
  • विदिशा सीट से भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 लाख से ज्यादा वोट से जीते।
  • इंदौर सीट से भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी जीते।
  • जालंधर सीट से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जीते।
  • कर्नाटक की मान्डया सीट से जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने जीत दर्ज की।
  • महाराष्ट्र में रायगढ़ सीट से NCP के सुनील तटकरे जीत गए हैं।
  • राजस्थान में भीलवाड़ा सीट से BJP के दामोदर अग्रवाल जीत गए हैं।
  • राजस्थान में करौली धौलपुर सीट से कांग्रेस के भजन लाल जाटव जीत गए हैं।
  • यूपी की सीतापुर सीट से कांग्रेस के राकेश राठौर जीत गए हैं।
  • कर्नाटक में उत्तर कन्नड़ सीट से विश्वेश्वर हेगड़े, उडुपी चिकमंगलूर सीट से कोटा श्रीनिवास चुनाव जीत गए हैं। दोनों BJP के कैंडिडेट हैं।
  • कर्नाटक में मैसूर सीट से BJP के यदुवीर कृष्णदत्ता वाडियार और चिकबल्लापुर से BJP के डॉ. के सुधाकर चुनाव जीत गए हैं।
  • गुजरात के गांधीनगर से अमित शाह चुनाव जीत गए हैं। जीत का अंतर 7.44 लाख है।