अखिलेश की रैली में राजा भैया के समर्थक:प्रतापगढ़ में कहा-जो नाराज थे अब वह भी साथ हैं;दिल्ली वालों ने सामान बांध लिया

Front-Page Loksabha Election National Politics

प्रतापगढ़:-सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में चुनावी रैली की। राजा भैया का नाम लिए बिना उन्होंने कहा-जो नाराज थे, अब तो उनका भी समर्थन मिल रहा है। अखिलेश की रैली में हजारों की संख्या में राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ता भी झंडा लेकर पहुंचे थे। राजा भैया के समर्थकों ने सपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।

अखिलेश ने कहा-सुनने में आया है कि जनता का गुस्सा देखकर यहां भाजपा प्रत्याशी के आंखों से आंसू निकल आए हैं। 10 साल में इनकी हर बात और वादा झूठा निकला। जब से कांग्रेस और सपा एक हुए तब से दिल्ली और लखनऊ का इंजन आपस में टकरा रहा है। ये लोग जीरो होने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा- ये लोग शहजादे-शहजादे करते हैं। यही शहजादे शह भी देंगे और मात भी। दिल्ली वालों ने दिल्ली में अपना सामान बांध लिया है। अब जनता इनसे अपने वोटों के माध्यम से हिसाब-किताब करने जा रही है।

बुधवार को राज भैया की पार्टी ने अखिलेश यादव को समर्थन का ऐलान किया था। प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के जिला अध्यक्ष ने सपा को समर्थन का पत्र दिखाया था। उन्होंने कहा था कि राजा भैया की पार्टी के समर्थक अखिलेश की रैली में शामिल होंगे।

अखिलेश बोले- किसानों का पूरा कर्ज माफ करेंगे

अखिलेश ने कहा- हम अपने किसानों का कर्ज पूरा का पूरा माफ करेंगे। इन्होंने बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए हैं। हम किसानों को विश्वास दिलाते हैं कि उनका पूरा कर्ज माफ करेंगे। उन्हें एमएसपी दिलाएंगे।

अखिलेश बोले- ये संविधान बचाने का चुनाव

अखिलेश ने कहा- बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स से दिल्ली वाले गायब हो गए हैं। ये संविधान और भविष्य बचाने वाले लोग हैं। हम सभी लोग मिलकर संविधान बचाना चाहते हैं। ये संविधान रहेगा तो हमें अधिकार-न्याय मिलेगा। यही संविधान हमें आरक्षण दिलाता है। 2024 का चुनाव सरकार बदलने का चुनाव है।

अखिलेश ने कहा- यह हमारे आपके भविष्य का चुनाव

अखिलेश ने कहा- आप लोगों को धोखा नहीं खाना है। इनके पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। चंडीगढ़ में ये लोग वोट की चोरी करते हुए पकड़े गए। मणिपुर में इन्होंने महिलाओं का अपमान किया गया। अगर बूथ पर जाने से रोका जाए, तो क्या आप लोग रुकेंगे।

अखिलेश बोले- जो नाराज थे वो भी साथ आ गए

अखिलेश ने राजा भैया का बिना नाम लिए कहा- हमें चारों तरफ से समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस का समर्थन मिल गया। आप पार्टी का समर्थन मिल गया है। जो लोग थोड़ा बहुत नाराज रहते थे, वो लोग भी आज साथ आ गए हैं।

बीजेपी वाले सांसद अब रो रहे हैं। क्योंकि वो इस बार प्रतापगढ़ से लाखों वोटों से हार रहे हैं। दिल्ली वाले यहां इसी मैदान में आए थे। यहां जनता ही नहीं आई। वो सोच रहे थे कि लोग कहां चले गए। उन्हें नहीं पता कि जनता बदलाव चाहती है।

अखिलेश बोले- दिल्ली वालों ने हमें केवल कॉपी किया है

अखिलेश ने कहा- ये लखनऊ और दिल्ली वाले हम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। धोखा दे रहे हैं। याद है सपा की सरकार में हम लोगों ने लैपटॉप दिया था। उसकी नकल करने के बाद इस सरकार ने उसे छोटा कर दिया है। इतना छोटा कि उसमें उंगली घिसते रहिए, वो चलता ही नहीं है।

हमने एंबुलेंस दी थी, इन्होंने एंबुलेंस तो खराब कर दी। साथ ही अस्पताल की व्यवस्था भी खराब कर दी। दिल्ली वालों ने कभी भी ऐसा कोई अस्पताल नहीं बनाया, जहां फ्री इलाज मिल सके। हमने 100 नंबर वाली पुलिस बनाई, गाड़ी दी थी। इन्होंने उसका नाम बदल दिया। बताइए कुछ नया लाए।

अखिलेश बोले- इलेक्टोरल बॉन्ड से देश में महंगाई बढ़ी

अखिलेश ने कहा- जो वैक्सीन हमारे और आपके शरीर में चली गई है। अब वो कैसे सही होगा। इन लोगों ने वैक्सीन की कंपनियों से लेकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों से चंदा ले लिया है। इलेक्टोरल बॉन्ड के चलते ही देश में महंगाई बढ़ी है। ये इलेक्टोरल बॉन्ड की चर्चा नहीं कर रहे।

क्योंकि वो इनके भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है। ये चुनाव से पहले राशन की चर्चा करते थे। अब ये जो राशन दे रहे हैं, उसकी व्यवस्था क्या है। पहले चना-रिफाइन और दाल दे रहे थे। अब राशन में ये लोग क्या दे रहे हैं?

अखिलेश बोले- हर सीट पर भाजपा के 2 लाख 25 हजार वोट कम हुए

अखिलेश ने कहा- इस सरकार ने जान-बूझकर पेपर लीक करवाए हैं। ताकि नौजवानों को नौकरी नहीं देनी पड़ जाए। पेपर लीक मामलों से 60 लाख बच्चे नौकरी से दूर हो गए। अगर 60 लाख बच्चे दूर हुए हैं, तो उनके मां-बाप को जोड़ दें तो एक परिवार के तीन लोग इस सरकार से नाराज हुए।

अगर इसमें तीन का गुणा 60 लाख से कर दें तो यह एक करोड़ 80 लाख होते हैं। अगर यही एक करोड़ 80 लाख का 80 से भाग दे देंगे। तो इस तरह भाजपा का हर सीट पर 2 लाख 25 हजार वोट कम हो गया। इसकी भरपाई भाजपा नहीं कर सकती है।

अखिलेश बोले- 400 का नारा देने वाले 140 को तरस जाएंगे

प्रतापगढ़ में अखिलेश यादव ने कहा- इधर थोड़ा मौसम बदला है। चुनाव का मौसम बदलता चला जा रहा है। इधर क्लाइमेट चेंज की बहुत चर्चा होती है। इस बार पॉलिटिकल क्लाइमेट चेंज वाला माहौल है। जो लोग 400 पार का नारा दे रहे थे। वो अब 400 हारने जा रहे हैं। उन्होंने जब नारा दिया था, हमें और आपको लगा कि कहीं 400 की गिनती की बात तो नहीं कर रहे हैं। जब कुछ नहीं समझ पाए तब 543 में 400 पार, तो बची 143 सीटें हैं। इस बार 140 करोड़ की जनता इनको 140 सीट के लिए भी तरसा देगी।