राजस्थान लघु उद्योग निगम अध्यक्ष राजीव अरोड़ा का नैरोबी में भव्य स्वागत

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-आगामी माह में 5 से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले इंडो-ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो की तैयारियों को लेकर राजस्थान लघु उद्योग निगम (राजसिको) और राजस्थान निर्यात संवर्धन काउंसिल (आरईपीसी) के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा अफ्रीकी देश केन्या पहुँचे। केन्या पहुँचने पर वहाँ राजधानी नैरोबी में राजीव अरोड़ा का भव्य स्वागत हुआ।  राजस्थान एसोसिएशन ऑफ़ केन्या तथा फैडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज़ (फ़ोर्टी) के पदाधिकारियों ने राजसिको चेयरमैन राजीव अरोड़ा का स्वागत किया। इस अवसर पर राजीव अरोड़ा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की शुभकामना प्रेषित की। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर राजस्थान एसोसिएशन ऑफ केन्या के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष और हिंदू काउंसिल ऑफ केन्या के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ सोनवीर सिंह, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ केन्या की महिला संस्थापक निर्मल चौधरी, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ केन्या के उपाध्यक्ष चन्द्र प्रकाश भगराना, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ केन्या के कोषाध्यक्ष जगदीश टाक, पवन गेहलोत, एविन गेहलोत आदि गणमान्यों ने राजीव अरोड़ा का स्वागत किया। राजीव अरोड़ा ने बताया कि फोर्टी और राजस्थान एक्सपर्ट प्रमोशन काउंसिल के तत्वावधान में तीन दिवसीय इंडो-ईस्ट अफ्रीका ट्रेड एक्सपो-2023 का आयोजन 5 से 7 जुलाई तक पूर्वी अफ्रीकी देश केन्या की राजधानी नैरोबी में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के उद्यमियों व व्यापारियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा प्रदेश से निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाना है।  अरोड़ा ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सकल निर्यात में वृद्धि करना है, इसके लिए अंतरराज्यीय व्यापार के साथ अंतर्राष्ट्रीय संभावनाओं पर भी सक्रियता से कार्य किया जा रहा है। राजस्थान प्रदेश के छोटे उद्यमियों व व्यापारियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच देने के लिए आरईपीसी प्रोत्साहन कार्यक्रम चला रही है। राज्य सरकार की विभिन्न नीतियाँ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निर्यात को बढ़ावा देकर प्रदेश के उद्यमियों के उत्थान हेतु समर्पित है, जिससे विदेशी मुद्रा में अभिवृद्धि और राष्ट्रीय विकास सुनिश्चित हो रहा है।