राजनाथ सिंह बोले-हेमंत सोरेन सरकारी मेहमान है:झारखंड में कहा-भाजपा के मुख्यमंत्रियों पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा

Front-Page National

खूंटी:-खूंटी लोकसभा सीट के लिए आज भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने नॉमिनेशन फाइल किया।अर्जुन मुंडा ने खूंटी के कचहरी चौक से रोड शो भी किया। इस दौरान गाड़ी पर उनकी पत्नी मीरा मुंडा के साथ बाबूलाल मरांडी और आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो भी मौजूद रहे। रोड शो के बाद पतरा मैदान में बीजेपी की जनसभा हुई। जनसभा को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी संबोधित किया।

राजनाथ सिंह बोले- भाजपा के मुख्यमंत्रियों पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा

अपने संबोधित में राजनाथ सिंह ने कहा कि आज अगर मैं यहां आया हूं तो आप सभी को पता है- वजह क्या है। झारखंड के विषय में मैं कहना चाहूंगा, हमारी पहली सरकार बनी तो बाबूलाल जी सीएम थे, फिर अर्जुन मुंडा बने, इसके साथ ही रघुवर दास भी सीएम रहे है। हमारे तीनों सीएम पर कोई ऊंगली नहीं उठा सकता। तीनों पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा। हेमंत सोरेन का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि आपके एक सीएम इस वक्त कहां है, आपको पता है सरकार के मेहमान है। मुझे आश्चर्य तब हुआ, जब डेढ़ दिनों तक सीएम लापता रहे।

भारत का कद दुनिया में बढ़ा- राजनाथ सिंह

मैं लंबे समय से राजनीति कर रहा हूं। मैंने पहले कभी ऐसी खबर नहीं सुनी थी। हमारे देश के पीएम मोदी के बारे में आप जानते हैं। उनका पूरा जीवन हिंदुस्तान की जनता के लिए समर्पित है। 24 घंटे में 18 घंटे काम करने वाला कोई नेता अपने जीवन में देखा है तो नरेंद्र भाई को देखा होगा। दिन भर कई सभाओं के बाद वह रात में 10 बजे बैठक करते हैं। अगर भारत का मस्तक ऊंचा करना है तो ऐसा ही तपस्वी प्रधानमंत्री इस देश को चाहिए।

दुनिया में यह धारणा थी कि भारत कमजोर है। जो कोई भी चाहता था, वह भारत को आंख दिखा देता था। मैं आपको बताना चाहता हूं कि भारत का कद दुनिया में बढ़ा है। पहले लोग भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लेते थे। गांव में आपने देखा होगा कि कमजोर की बात कोई नहीं सुनता है। यही हाल भारत का था। आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोल कर सुनती है। आज यह भारत है।

तीन साल बाद अमेरिका और चीन के बाद भारत का स्थान होगा

मैं आपको बताना चाहता हूं, देश की अर्थव्यवस्था का हाल क्या है। जब 2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत 11वें स्थान पर था। पीएम मोदी ने सात वर्षों में भारत को दुनिया के 5 देशों में लाकर खड़ा कर दिया। विश्व के अर्थशास्त्री दावा कर रहे हैं कि भारत दुनिया में तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत है। आज से तीन साल बाद भारत दुनिया के तीन देशों में आकर खड़ा हो जाएगा। अमेरिका और चीन के बाद भारत का स्थान होगा।

दुनिया के किसी देश में वह काम नहीं हुआ जो हमारी सरकार ने किया

देश में बिरसा मुंडा का योगदान सभी को पता है। भगवान बिरसा मुंडा को पहली बार किसी ने सम्मान दिया है तो हमारी सरकार ने दिया है। मैं मानता हूं कि वह गौरव के प्रतीक हैं। तिलका मांझी, फूलो झाने, चांद भैरव, टाना भगत इन सबको सम्मान मिला। समाज के अंतिम सीढ़ी पर बैठे लोगों को सम्मान देना, अगर यह कोई कर रहा है तो हमारी सरकार कर रही है। आदिवासी कल्याण मंत्रालय भी देश में आदरणीय अटल बिहारी वाजपेई ने बनाया है। इसका बजट छह गुना बढ़ा दिया गया है। ऐसे हजारों गांव हैं, जिन्हें कोई पूछता नहीं था। इन पिछड़ों की किसी ने नहीं सुनी, लेकिन पहली बार 36 हजार गांव तक सरकारी योजना पहुंची। दुनिया के किसी देश में वह काम नहीं हो पाया जो हमारी सरकार ने किया है। अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने कहा कि भारत ने करिश्मा कर दिया है।

दुनिया में बढ़ी भारत की ताकत

रूस और यूक्रेन में लड़ाई हो रही है। जब लड़ाई शुरू हुई तो हमारे हजारों बच्चे वहां पढ़ते थे। वहां रहने वाले बच्चों के माता-पिता पीएम से मिले। कहा- हमारे बच्चों को भारत ले आइए। दोनों देशों की ओर से बम गोले चल रहे थे। प्रधानमंत्री के 56 इंच का सीना देखिए, उन्होंने रूस और यूक्रेन के नेताओं से बात की। युद्ध रुक गया और हमारे बच्चे वहां से निकाल लिए गए।

खूंटी की प्रत्येक जनता भाजपा का प्रत्याशी है- अर्जुन मुंडा

वहीं, अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए अर्जुन मुंडा ने एनडीए के पक्ष में वोट करने की अपील की और कहा- अबकी बार 400 पार का हमारा संकल्प है। आज मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। खूंटी की प्रत्येक जनता भाजपा का प्रत्याशी है। खूंटी का हर वोट भगवान बिरसा मुंडा को नमन होगा। आजादी के बाद कोई प्रधानमंत्री बिरसा की भूमि को नमन करने आया तो वह नरेंद्र भाई मोदी।

देश की राष्ट्रपति ने बिरसा मुंडा की धरती को आकर श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा जानती है कि देश के शहीदों का सम्मान कैसे करना चाहिए। इतिहास को पुनर्जीवित करने का काम सभी भाजपा के कार्यकर्ता कर रहे हैं। कांग्रेस और सभी दल क्या कर रहे हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। हम सब मिलकर झारखंड से 14 कमल का फूल दिल्ली भेजने का संकल्प लें।

झारखंड अगर बना तो भाजपा के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बना। हमें इस बात का गर्व है कि आजादी के लंबे कालखंड तक कांग्रेस और दूसरे दलों ने सौदेबाजी की राजनीति की। भाजपा ने 15 नवंबर को गौरव दिवस के रूप में देशभर में मनाने का लक्ष्य रखा। 2025 को हम 150वीं जयंती मनाएंगे तो वह बिरसा मुंडा जयंती होगा। इस धरती को महत्व को समझने का काम भाजपा ने किया है।

बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष पर कसा तंज

जनसभा में बोलते हुए बाबूलाल मरांडी ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मोदी जी देश विकसित करने की बात करते हैं और राज्य सरकार अपना घर विकसित करने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि आप एक साधारण सदस्य को नहीं बना रहे हैं, बल्कि एक मंत्री को जीता रहे हैं। इस राज्य को कई लोगों ने लूटने का काम किया है। यह चुनाव देश के लिए और झारखंड के लिए महत्वपूर्ण है।

विपक्षी कह रहे हैं कि भाजपा की सरकार बनेगी तो आदिवासियों की जमीन छिन जाएगी। हम सीएम रहे, अर्जुन मुंडा और रघुवर जी भी सीएम रहे, हमने जमीन नहीं छिनी। इन्होंने सरकार बनाई और जमीन छिन ली। मैं आप सब से यह कहने आया हूं कि गठबंधन वाले झारखंड के विरोधी है। हमें संकल्प लेना है कि हमें यहां से अर्जुन मुंडा को जीताना है और देश में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।

मोदी जी का कोई विकल्प नहीं हो सकता- सुदेश महतो

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं सिर्फ इतनी बात कहना चाहता हूं कि यह पंचायत का नहीं है। यह देश के नेता के चयन का चुनाव है। मोदी जी के नेतृत्व में देश की लोकप्रियता बहुत बढ़ी है, जो पहले नहीं देखी गई। इसी मापदंड पर देश के नेता का चयन करना है। प्रदेश और यहां के हालात के बारे में मरांडी जी ने बताया आपको। जिस गठबंधन ने अपना नेता चयन नहीं किया, उन्हें यह कहना चाहता हूं कि मोदी जी का कोई विकल्प नहीं हो सकता।

हमारा सपना विश्व के पटल पर भारत की प्रतिभा को स्थापित करना है। खूंटी का वोट ऐतिहासिक होना चाहिए। रिकार्ड मतदान करके अर्जुन मुंडा को जीता कर लोकसभा भेजना है। आपका चेहरा जीत का बोध कराता है। अपने उत्साह को चरम पर रखिए, मोदी जी ने टारगेट दिया है, देश के लिए 400 सीट जीतना है तो प्रदेश से 14 की 14 सीट मोदी जी को देना है।

नामांकन से पहले अर्जुन मुंडा ने सोनमेर मंदिर में पूजा की

वहीं, नामांकन से पहले अर्जुन मुंडा ने कर्रा के सोनमेर मंदिर में पूजा की। फिर आम्रेश्वर धाम में भी दर्शन किए। इस दौरान पत्नी मीरा मुंडा भी साथ रहीं।