मणिपुर लोकसभा सीट के 11 बूथों पर दोबारा वोटिंग:11 बजे तक 37% मतदान;19 अप्रैल को यहां फायरिंग में 3 लोग घायल हुए थे

Breaking-News Front-Page Loksabha Election National

इम्फाल:-मणिपुर की इनर लोकसभा सीट के 11 बूथ पर सोमवार (22 अप्रैल) को दोबारा वोटिंग हो रही है। 19 अप्रैल को फर्स्ट फेज में वोटिंग के दौरान यहां फायरिंग और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। इसमें तीन लोग घायल हुए थे। EVM तोड़ी गई थीं। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी।

20 अप्रैल को चुनाव आयोग ने यहां दोबारा वोटिंग कराने के आदेश जारी किए थे। जिन 11 बूथों पर दोबारा वोटिंग हो रही, उनमें ​​​​साजेब, खुरई, थोंगम, लेइकाई बामन कंपू (नॉर्थ-ए), बामन कंपू (नॉर्थ-बी), बामन कंपू (साउथ-वेस्ट), बामन कंपू (साउथ-ईस्ट), खोंगमान जोन-V(ए), इरोइशेम्बा, इरोइशेम्बा ममांग लेइकाई, इरोइशेम्बा मयाई लेइकाई और खैदेम माखा शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने कहा कि इन 11 बूथों पर आज सुबह 11 बजे तक 37.54% मतदान हुआ है। अभी तक किसी भी तरह की हिंसा या तोड़फोड़ की घटना सामने नहीं आई है, बल्कि लोगों में वोटिंग को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

आज वोटिंग के दौरान हिंसा न हो इसके लिए चुनाव आयोग ने इन बूथों पर सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती की है। हिंसा प्रभावित मणिपुर की दोनों लोकसभा क्षेत्र- इनर और आउटर मणिपुर सीट के लिए 19 अप्रैल को 72 फीसदी वोटिंग हुई थी। आउटर सीट के कुछ अतिसंवेदनशील इलाकों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।

राज्य में पिछले साल से जारी हिंसा में 200 से ज्यादा मौतें
मणिपुर में पिछले साल 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर हिंसा चल रही है। आउटर मणिपुर सीट के हिंसा प्रभावित इलाकों के कुछ बूथ पर 26 अप्रैल को दूसरे फेज में भी मतदान होगा।

राज्य में कुकी संगठनों ने कुछ दिन पहले लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया था। उन्होंने न्याय नहीं तो वोट भी नहीं का नारा लगाया था। राज्य में अब तक हुई हिंसा की घटनाओं में 200 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 65 हजार से ज्यादा लोग अपना घर छोड़ चुके हैं।

मणिपुर में BJP सबसे बड़ी पार्टी, NPP-NPF से अलायंस
मणिपुर में BJP सबसे बड़ी पार्टी है। उसने राज्य की लोकल पार्टियों- नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) और नगा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के साथ अलायंस किया है। BJP ने सिर्फ इनर मणिपुर पर कैंडिडेट उतारा है। आउटर मणिपुर में वह NPF को सपोर्ट कर रही है।

2019 के लोकसभा चुनाव में BJP ने दोनों सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे। पार्टी को सिर्फ इनर मणिपुर सीट पर जीत मिली थी। आउटर मणिपुर में NPF ने BJP को हरा दिया था।

कांग्रेस ने दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारे
दूसरी तरफ, कांग्रेस ने दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने इनर मणिपुुर से प्रो. अकोइजाम बिमोल और आउटर मणिपुर से अल्फ्रेड के आर्थर को टिकट दिया है। 2019 में भी पार्टी ने दोनों सीट पर उम्मीदवार उतारे थे। उसे 24% वोट तो मिले, लेकिन सीट एक भी नहीं मिली।

वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, यानी CPI ने इनर मणिपुर सीट पर कैंडिडेट उतारा है। 2019 के चुनाव में भी पार्टी ने सिर्फ इसी सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थी। मणिपुर की इनर और आउटर सीटों पर करीब 1.5 लाख मुस्लिम वोटर हैं।

इनर मणिपुर सीट पर कांग्रेस-भाजपा में मुकाबला
इनर मणिपुर सीट पर BJP और कांग्रेस आमने-सामने हैं। BJP ने इस सीट से रिटायर्ड IPS थौनाओजम बसंत कुमार सिंह को कैंडिडेट बनाया है। बसंत कुमार अभी मणिपुर के शिक्षा मंत्री हैं और IPS अधिकारी रह चुके हैं।

वहीं, कांग्रेस ने जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अकोइजाम बिमोल को टिकट दिया है। CPI ने लैशराम सोनित कुमार सिंह को कैंडिडेट बनाया है। सोनित पार्टी के पूर्व स्टेट सेक्रेटरी और ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस के यूनिट जनरल सेक्रेटरी हैं।

BJP और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपने उम्मीदवार बदले हैं। इस सीट से 2019 में BJP के आरके रंजन जीते थे। वे केंद्र सरकार में विदेश राज्य मंत्री हैं। कांग्रेस कैंडिडेट प्रोफेसर बिमोल पहला चुनाव लड़ने जा रहे हैं।