पुतिन के सबसे बड़े विरोधी नेवलनी की जेल में मौत, 2021 में हुई थी 19 साल की सजा

Front-Page International

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सबसे बड़े विरोधी एलेक्सी नेवलनी की जेल में मौत हो गई है। रूस की तास न्यूज एजेंसी ने इसका दावा किया है। नेवलनी रूस की सबसे खतरनाक जेल पोलर वुल्फ में कैद थे। उनकी मौत रूस में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से ठीक एक महीने पहले हुई है। वहां 15 से 17 मार्च को चुनाव होंगे। नेवलनी को 2021 में 19 साल की कैद की सजा सुनाई गई थी।

2 महीने पहले यानी दिसंबर में उनके पोलर वुल्फ जेल में कैद होने की बात सामने आई थी। इससे पहले काफी वक्त तक वो गायब थे। आर्कटिक की जिस जेल में उन्हें रखा गया था वहां पारा -28 डिग्री तक जाता है। उनके वकील ने कहा था कि उन्हें चुनाव से दूर रखने के लिए आर्कटिक की जेल में भेजा गया है।

नेवलनी पर 2017 में जानलेवा हमला हुआ था। हमले में उनकी आंख में गंभीर चोट आई थी। साल 2018 में उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में खड़े होने की कोशिश की लेकिन धोखाधड़ी के आरोप के चलते वो ऐसा न कर सके। एलेक्सी ने इसे सरकार की साजिश बताया था। जुलाई 2019 में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद नेवलनी को 1 महीने की जेल हुई थी।

उस वक्त जेल में तबियत बिगड़ने के बाद कहा गया कि नेवलनी को जहर देने की कोशिश हुई है। इसके बाद साल 2020 में भी उन्हें जहर देने की कोशिश की गई। वह फ्लाइट में बेहोशी की हालत में पाए गए थे, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ठीक होने के बाद गिरफ्तारी की खतरे के बावजूद नेवलनी 2021 में रूस लौटे। रूस में कदम रखते ही सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।