प्रियंका बोलीं-सिंधिया की विचारधारा अचानक पलट गई:ग्वालियर में कहा-सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा;MP के लिए दी 6 गारंटी

Front-Page National Politics

ग्वालियर:-कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में जन आक्रोश महारैली के जरिए चुनावी अभियान का आगाज किया। उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता के लिए 6 गारंटी दी। साथ ही भ्रष्टाचार के मुद्दे पर शिवराज सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा।

प्रियंका ने कहा कि मैं सिंधिया पर भी 10 मिनट बोल सकती हूं कि किस तरह अचानक उनकी विचारधारा पलट गई, लेकिन मैं जनता का ध्यान भटकाने नहीं आई हूं, इसलिए जनता के मुद्दों की बात करूंगी। ग्वालियर के मेला ग्राउंड पर आयोजित जनसभा में प्रियंका ने बृज भाषा में अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा- सब भैया-बहनन आपको हमारी राम-राम।

मणिपुर पर प्रधानमंत्री ने मजबूरी में बयान दिया

प्रियंका ने कहा- मणिपुर में 77 दिन से हिंसा हो रही है। भयावह अत्याचार हो रहा है। …और हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन के लिए इस पर कोई बयान ही नहीं दिया। कल एक भयावह वीडियो सामने आने के बाद मजबूरी में एक बयान दिया। इसमें एक वाक्य बोला और उसमें भी राजनीति घोल दी। उसमें उन प्रदेशों का नाम लिया जिनमें विपक्ष की सरकार है।

हमारे देश की परंपरा रही है कि हम नेताओं में सरलता, सभ्यता और सच्चाई ढूंढते हैं। हम चाहते हैं हमारे नेता में ऐसे गुण हों। आरोप-प्रत्यारोप, एक-दूसरे की बुराई के बीच जनता के असली मुद्दे डूब जाते हैं। आजकल अहंकार की राजनीति चलती है। मैं यूपी गई तो मुझसे कहा- दीदी बड़ी गाड़ी में बैठो। मैंने पूछा क्यों- तो उन्होंने कहा भौकाल दिखना चाहिए। आजकल भौकाल की राजनीति है।

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों का अपमान किया

प्रियंका बोलीं- बिहार में पिछले दिनों विपक्षी दलों की बैठक हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री जी ने एक बयान दिया। उस बयान में जितनी भी विपक्ष की पार्टियां हैं, सबको उन्होंने चोर बोल डाला। इतनी बड़ी पार्टियां और उनके नेता जनता के मुद्दे उठाकर आगे बढ़े उनका अपमान प्रधानमंत्री जी ने किया।

मैं भी प्रधानमंत्री जी के बारे में 10 मिनट बोल सकती हूं। शिवराज के बारे में भी बोल सकती हूं। सिंधिया के बारे में भी 10 मिनट बोली सकती हूं। सिंधिया ने किस तरह राजनीति की दिशा बदल दी, लेकिन मैं जनता का ध्यान भटकाने नहीं आई हूं, इसलिए जनता के मुद्दों की बात करूंगी।

महंगाई सिर्फ टमाटर का नहीं, जीवन का मामला

प्रियंका ने कहा- आज देशभर में महंगाई है। मैं टमाटर की बात नहीं कर रही हूं। टमाटर तो 100 रुपए का है ही। आपको गैस सिलेंडर भी 1000 रुपए में मिल रहा है। इसके अलावा भी महंगाई है। आपको घर की मरम्मत कराना तो वह भी महंगा हो गया हे। बच्चों की फीस देना है या उसके लिए छाता खरीदना तो वह भी महंगा हो गया है।

आपके जीवन पर बोझ बन गई है ये महंगाई। ये आपके जीवन का मामला है। सिर्फ टमाटर का मामला नहीं। इसका सबसे बड़ा बोझ तो महिलाओं पर है। रसोई के लिए सिलेंडर तो दे दिया, उसमें गैस नहीं भर पा रही है।परिवार में कोई कोई बीमार हो जाए तो घबराहट होती है, दवाएं कहां से खरीदकर लाऊं, क्योंकि महंगाई इतनी है।

MP के लिए प्रियंका गांधी के 6 गारंटी दी

  1. पुरानी पेंशन लागू करेंगे
  2. महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए
  3. रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा
  4. 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा
  5. किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा
  6. दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी

ऐसी सरकार बनाएं जो न खरीदी, न गिराई जा सके

प्रियंका ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद काम की गारंटी देते हुए कहा- जहां-जहां हमारी सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। मप्र में जब आप नौकरी के लिए जाते हैं तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में है।

कर्नाटक में कहा था- बस में महिलाएं फ्री यात्रा करेंगी। वहां ये लागू है। मप्र में भी बदलाव की लहर है। एक ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए। प्रियंका ने दिव्यांगों से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि दिव्यांगों ने उन्हें बताया उनकी पेंशन सिर्फ 600 रुपए है। मैं कमलनाथ जी से आग्रह करती हूं आपकी सरकार बनेगी तो आप दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाना।

22 हजार घोषणाएं की, क्या 2000 भी पूरी कीं?

प्रियंका ने कहा- मुझे लगता है कि जनता के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। आज अपने देश में ऐसी सरकार क्यों है, जिसने पूरे देश की संपत्ति एक-दो बड़े उद्योगपतियों को बेच दी। पहले आपको सरकारी क्षेत्र में रोजगार मिलता था। आज आप जानते हैं सेना भर्ती का क्या किया? जब से अग्निवीर की स्कीम आई तब से ग्वालियर-चंबल की क्या स्थिति है। यहां से नौजवान सीमा पर तैनात होते रहे हैं। मुझे हरियाणा में कई युवा ट्रेनिंग से लौटते मिले। बोले- चार साल के लिए इतनी कड़ी ट्रेनिंग क्यों करें। लौटकर खेती ही करना है।

ये आपकी जागरुकता में कमी है। आप नेताओं से पूछिए कि घोटाले क्यों हो रहे हैं। आपने 22 हजार घोषणाएं की, क्या इसमें से 2000 भी पूरी कीं। आप ये नहीं पूछते आपके लिए इतनी महंगाई और बड़े उद्योगपतियों की कितनी कमाई है। मैं कहती हूं 1600 करोड़ रुपए एक दिन में ये उद्योगपति कमा रहे हैं। इस देश का किसान एक दिन में 27 रुपए नहीं कमा पा रहा है। प्रदेश में युवा बेरोजगारी की वजह से आत्महत्या कर रहे हैं। आप ईमानदार सरकार चाहते हैं तो इस सरकार को हटाकर ऐसी सरकार चाहते हैं जो रोजगार दे, अत्याचार खत्म करे।

मैंने यूपी में एक युवाओं से पूछा- तुम्हें राशन की बोरी चाहिए या रोजगार चाहिए। सभी ने कहा- रोजगार चाहिए। हम अपने पैरों पर खड़े होकर खुद कमाना चाहते हैं। इस सरकार ने आपको निर्भर बनाने का काम किया है। आपको राशन और फालतू की स्कीम पर निर्भर करेंगे, लेकिन रोजगार नहीं देंगे।

महाकाल की मूर्तियों में भी भ्रष्टाचार हुआ

प्रियंका ने पटवारी घोटाले पर कहा- मां-बाप रुपए खर्च करके ट्यूशन कराते हैं। परीक्षा दिलाते हैं आज देखिए पटवारी भर्ती घोटाले में क्या हो गया। शर्म की बात है पिछले तीन साल में मात्र तीन सरकारी नौकरियां दी गई हैं। 18 साल से इनकी सरकार है। चुनाव से पहले ये कहने का क्या फायदा कि युवाओं और महिलाओं को क्या देंगे। इतने सालों में तो दिया नहीं। ये सच्चाई है।

जिस तरह घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, इतनी लंबी लिस्ट है इसकी। मैं लिस्ट बाद में बताऊंगी। इन्होंने कुछ नहीं छोड़ा। महाकाल में भगवान की मूर्ति तक नहीं छोड़ी। ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है। बीच में कुछ समय हमारी पार्टी की सरकार रही। बाकी भाजपा की ये सरकार 18 साल की है तो अहंकार होता ही है। नेताओं की आदतें भी खराब हो जाती हैं कि सरकार अपने ही पास है और रहेगी तो काम करने की क्या जरूरत है। जनता चुनाव तक सब भूल जाएगी और फिर से हमें वोट मिल जाएगा। आज मप्र में यही परिस्थितियां हैं। सत्ता की वजह से अहंकार और आलस है। सत्ता का स्वभाव है कि वो भी इंसान की असलियत उभार देती है। आप सत्ता को नेक इंसान के हाथ में दो वो भलाई करेगा। आप गलत आदमी के हाथ में दोगे तो इसी तरह की लूट मचेगी।

समाज में तनाव बढ़ता है तो अत्याचार होते हैं। अत्याचार उन्हीं पर होते हैं जो कमजोर है। आज आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों को देख लीजिए। आपको समझाना जरूरी है, लेकिन मैं जानती हूं कि सबसे ज्यादा विवेक जनता में होता है। वो गलत निर्णय नहीं लेती। अब समय आ गया है कि आप अपने लिए अपने भविष्य के लिए बड़ा निर्णय करने वाले हैं। वो ये कि आप अगले पांच सालों में क्या यही चाहते हैं जो अभी तक हुआ है।

प्रियंका ने सभा के आखिरी में भी ब्रज भाषा में बात की। कहा- मामा की भ्रष्ट सरकार बदलवे वाले है न। एक बार हमारे संगे जोर से बोलो- भाजपा जाएवे बारी है, कांग्रेस आएवे बारी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया

ग्वालियर में प्रियंका का भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध भी किया। उन्होंने पूछा- राजस्थान में मासूम बेटियों के बलात्कार कब रुकेंगे? भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रियंका पर पर्चे भी फेंके।

कमलनाथ बोले- शिवराज झूठ और घोटाला मशीन

पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने सभा में कहा- ग्वालियर चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते। अन्याय पर पलटवार करते हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग आक्रोशित है। मैं महाराजा नहीं हूं। शिवराज सिंह कहते हैं, मैं मामा हूं। मैं मामा नहीं हूं। शिवराज कहते हैं मैं किसान का बेटा हूं, मैं किसान नहीं साधारण परिवार का बेटा हूं।

भाजपा सरकार ने मप्र की राजधानी को झूठ की राजधानी बनाया है। किसानों, माताओं-बहनों, नर्मदा और आदिवासियों को झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गोमाता को भी झूठ बोला। शिवराज ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया। शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन है। घोषणाओं की मशीन है। चुनाव में 4 महीने बचे हैं। ये मशीन दोगुनी गति से चल रही है।

वे भटकते नौजवानों को देख नहीं सकते। उनके आंख, कान नहीं चलते। मुंह चलता है। प्रदेश और मुंह चलाने में बहुत अंतर है। हमारी सरकार बनी। हमें बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार वाला प्रदेश सौंपा था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी। गोशालाएं बनाईं तो कौन सा पाप किया। आज चुनाव 4 महीने दूर हैं, शिवराज को बहनें, नौजवान और किसान याद आ रहे हैं। शिवराज जी आपने 18 साल में बेरोजगारी दी। कोरोना की मौतें दी। महाकाल का घोटाला दिया। मप्र में 2500 घोटाले हुए। ये इनकी देन है। शिवराज ने घर-घर में शराब भी दी। ये उनकी उपलब्धि है। हमें मप्र और नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रखना है।

गोविंद सिंह ने सिंधिया घराने पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा- सिंधिया के कांग्रेस छोड़कर जाने पर कहा- इस घराने में गद्दारी का इतिहास दोहराया जा रहा है। इस घराने ने रानी लक्ष्मीबाई का साथ दिया होता तो आजादी पहले ही मिल जाती। 166 साल बाद फिर गद्दारी का इतिहास दोहराया और प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिरा दी। चार बार इस खानदान का गद्दारी का इतिहास रहा है। अपनी संपत्ति और व्यापार धंधे बचाने के लिए उसी व्यक्ति ने कांग्रेस गद्दारी की। गोविंद सिंह ने कहा- 20 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां एक परिवार ने हड़प ली। भाजपा के लोगों ने जमीनें हड़पी। शिवराज कुर्सी पकड़ मुख्यमंत्री हैं।

लोकसभा सांसद नकुलनाथ ने कहा- सबसे पहले रानी लक्ष्मीबाई को नमन करता हूं। आज मप्र भाजपा के लिए भ्रष्टाचार, अत्याचार और घोटाले का गढ़ बन चुका है। मप्र भाजपा के लिए हेडक्वार्टर बन चुका है भ्रष्टाचार और घोटाले के लिए। व्यापमं घोटाले के आग बुझी नहीं व्यापमं टू शुरू हो गया। अब पटवारी भर्ती घोटाला हो गया। भाजपा ने हमारी युवा पीढ़ी के साथ खिलवाड़ किया है।

मप्र भ्रष्टाचार में नंबर वन है। महिला, आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन पर आता है। आदिवासियों को अपमानित किया जाता है। कमरे में बंद करके पीटा जाता है। कहीं भाजपा कार्यकर्ता द्वारा पेशाब करके अपमान किया जाता है। ये केवल यहीं नहीं कर्नाटक में भी अत्याचार हुआ है। नकुल ने प्रियंका से कहा- आप मप्र को गोद ले लीजिए। मप्र में कोई ताकत कांग्रेस की सरकार बनने से नहीं रोक सकती।

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा- जो आज मैं दृश्य देख रहा हूं वो मैंने 1980 और फिर 1984 में देखा था। इससे समझ में आ रहा है कि हमारी 20 साल की तपस्या खत्म होने वाली है।

ग्वालियर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा- जिनको जाना था वो चले गए। जो ये समझते थे कि हमसे कांग्रेस है, उनको आज सामने बैठे कार्यकर्ताओं ने बता दिया कांग्रेस उनसे नहीं, कांग्रेस हमसे है। मध्यप्रदेश में राम-लखन की जोड़ी बनी है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की। पार्टी में एकजुटता है।