I.N.D.I.A. ब्लॉक:CWC बैठक में खड़गे बोले-भारत जोड़ो यात्रा से सीटें बढ़ीं;राहुल गांधी नेता विपक्ष चुने जा सकते हैं

Front-Page National Politics

नई दिल्ली:-कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में दिल्ली की अशोक होटल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक शुरू हो गई है। इसमें सोनिया, राहुल, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े नेता पहुंचे हैं। यहां इलेक्शन रिजल्ट की समीक्षा होगी। बैठक में राहुल गांधी को संसदीय दल का नेता और नेता विपक्ष चुना जा सकता है।

दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी जाएगी।

शाम 5.30 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की बैठक होगी। खड़गे अशोक होटल में पार्टी नेताओं को डिनर भी देंगे।

खड़गे बोले- हमें जनादेश स्वीकार है

हम जनमत को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। देश की जनता के एक बड़े तबके ने हम पर भरोसा किया है। हम उनका भरोसा बरकरार रखने के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। हमें अनुशासित रहना है। हमें एकजुट रहना है।

हमारा काम निरंतर जारी रहेगा, चाहे हम सत्ता में हो या नहीं। हमें 24 घंटे, 365 दिन लोगों के बीच रहना होगा, जनता के मुद्दों को उठाना होगा।

कुछ महीनों में महत्वपूर्ण राज्यों के चुनाव होने है, हमें हर कीमत पर विरोधी दलों को परास्त कर, अपनी सरकार बनानी है। लोग बदलाव चाहते है, हमें उनकी ताकत बनना होगा।

खड़गे ने कहा- गठबंधन के साथी संसद के अंदर और बाहर एकजुट रहेंगे

जहां हम कुछ राज्यों में कांग्रेस पार्टी के अच्छे प्रदर्शन पर खुश हैं, तो वहीं उन राज्यों पर भी खास तौर से गौर करना होगा, जहां कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं और अपेक्षाओं के विपरीत परिणाम आए। जहां हमने विधानसभा में अच्छा प्रदर्शन कर सरकार बनाई, लेकिन लोकसभा में उस प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए।

इन सभी बातों पर हम जल्दी ही अलग से चर्चा करेंगे। जो तत्कालिक कदम उठाना होगा, वो भी हम उठाएंगे।

इस बैठक में मैं अपने इंडिया गठबंधन के साथी दलों की सराहनाभी खासतौर पर करना चाहूंगा। विभिन्न राज्यों में सभी सहयोगी दलों ने अहम भूमिका निभाई, हर पक्ष ने यथासंभव योगदानदिया। एक स्वर में साथ रहे।

इंडिया गठबंधन के साथियों के साथ हम संसद और संसद के बाहर एकजुट होकर और मिलकर काम करेंगे।

जिन अहम मुद्दों पर हम चुनाव अभियान में गए वे आम जनता केसरोकार के मुद्दे हैं। इसलिए वे हमेशा हमारी ध्यान में रहेंगे। संसद औ संसद के बाहर जनता के इन सवालों को हम लगातार उठाते रहेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा को दिया जीत का क्रेडिट

मैं कांग्रेस के अपने सभी वरिष्ठ सहयोगियों को धन्यवाद दूंगा जिन्होंने एक टीम की तरह काम किया। ये हमारे सामूहिक प्रयासों का ही असर था कि देशभर में हमारे कार्यकर्तासाथियों ने एक नई उमंग और जोश के साथ काम किया। उन्होने अपने-अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हमे यह बात हमेशा याद रखनी है कि परिश्रम और संकल्प से हम बड़े से बड़े विरोधी को मात दे सकते है।

यहां मैं इस बात का भी खास उल्लेख करना चाहूंगा कि जहां-जहां से भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुजरी, वहां पर कांग्रेस पार्टी के वोट प्रतिशत और सीटों में बढ़ोतरी हुई।

मणिपुर जहां से न्याय यात्रा शुरू हुई, वहां हम दोनों सीटें जीते। नागालैंड, असम, मेघालय जैसे उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में हमे सीटें मिली। महाराष्ट्र में हम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरे। देशभर में कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए लोगों का अपार समर्थन मिला।

यही नहीं, SC, ST, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक, और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी की सीटों में वृद्धि हुई। हमें आगे यह प्रयास करना है कि शहरी मतदाताओं के बीच हम अपना प्रभाव बनाए और इन इलाकों में भी पार्टी को मजबूत करें।

खड़गे ने सोनिया, राहुल और प्रियंंका का आभार जताया

खड़गे बोले- मैं सोनिया गांधी को भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जिन्होंने चुनाव की तैयारियों, गठबंधन की बैठकों में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने लंबे अनुभव के आधार पर हम सब का मार्गदर्शन किया।

मैं राहुल गांधी को भी बधाई देना चाहूंगा, जिन्होंने संविधान, आर्थिक गैरबराबरी, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय और सौहार्द्र जैसे मसलों को जन-जन का मुद्दा बना दिया।

यह राहुल के नेतृत्व में दो साल पहले 4 हजार किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा और फिर 6,600 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का फल है, जिसकी मदद से हमें जनता से जुड़ने औरउनकी समस्याओं, सरोकारों, और आकांक्षाओं को जानने में मदद मिली है। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी ने अपना चुनावी अभियान तैयार किया।

प्रियंका को खास तौर पर बधाई देना चाहूंगा जिन्होंने अमेठी और रायबरेली के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी जोरदार प्रचार किया।

खड़गे बोले- सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत को बधाई

CWC की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा- 18वीं लोक सभा चुनाव के बाद हमारी पहली कार्यसमिति की बैठक में आप सभी का स्वागत है। कांग्रेस कार्यसमिति देश-भर में फैले कांग्रेस पार्टी के नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करती है, जिन्होंने पिछले कुछ महीनों में अथक परिश्रम किया। मैं आपकी दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प और परिश्रम के लिए बधाई देता हूं।

जनता ने हम में विश्वास व्यक्त कर के तानाशाही शक्तियों और संविधान विरोधी ताकतों को कड़ा जवाब दिया है। हिंदुस्तान के मतदाताओं ने बीजेपी के 10 साल की विभाजनकारी, नफरत और ध्रुवीकरण की राजनीति को खारिज किया है।

कांग्रेस कार्यसमिति कांग्रेस के सभी नव-निर्वाचित सांसदों को बधाई देती है, जिन्होंने विपरीत परस्तिथियों में चुनाव लड़कर जीत हासिल की। उन्हें 18वीं लोकसभा का सदस्य बनने पर शुभकामनाएं।