कासगंज में शाह बोले-अखिलेश जातिवाद कर रहे:लेकिन जाति में भी सिर्फ अपना ही परिवार दिखता है;राहुल बाबा आपने OBC आरक्षण छीना

Front-Page Loksabha Election National Politics

कासगंज:-केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कासगंज में रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा- राहुल बाबा झूठ फैलाने का काम बंद करो। OBC आरक्षण छीनने का काम आपने किया। राम मंदिर का निर्माण कांग्रेस और सपा ने लटकाकर रखा।

मैं अखिलेश से कहना चाहता हूं कि आप जातिवाद कर रहे हो, लेकिन जाति में आपको अपना परिवार ही दिखता है। नरेंद्र मोदी ने जातिवाद ओर परिवारवाद को समाप्त किया है। मोदी को तीसरी बार पीएम बना दो। 5 किलो अनाज 2029 तक मिलता रहेगा।

कासगंज से बीजेपी ने कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को टिकट दिया है। कासगंज के बाद वह मैनपुरी और इटावा में जनसभा करेंगे।

सपा-कांग्रेस का दो चरणों के चुनाव में खाता नहीं खुला है

मोदी ने हाईवे बनाए, रोड बनाए, एयरपोर्ट बनाए। मोदी ने यूपी का विकास किया है। राहुल और अखिलेश साथ आए हैं। मगर दो चरणों के चुनाव में इनका खाता नहीं खुला है। तीसरे चरण में भी नहीं खुलेगा।

भाजपा न आरक्षण हटाएगी, न हटने देगी

शाह ने कहा कि राहुल बाबा में समझ नहीं हैं, आरक्षण हटाने के लिए पूर्ण बहुत भाजपा के पास है। लेकिन मोदी आरक्षण के समर्थक है। भाजपा न आरक्षण हटाएगी, न किसी को हटाने देगी। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आई 5 प्रतिशत आरक्षण मुस्लिमों को दिया। इन लोगों ने झूठ की फैक्ट्री खोली है।

कल्याण सिंह ने राम जन्मभूमि के लिए जीवन समर्पित कर दिया

उत्तर प्रदेश के एक-एक कार्यकर्ता पर बाबूजी (कल्याण सिंह) का ऋण है। बाबूजी के नेतृत्व में ही पहली बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुत की सरकार बनी। कल्याण सिंह ने पिछड़ों के कल्याण और राम जन्मभूमि के उद्धार के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

शाह बोले- क्या आप कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले को वोट देंगे

शाह ने कहा- एक खेमा राम भक्तों पर गोली चलाने वालों का है, दूसरा खेमा राम मंदिर बनाने वालों का है। इसलिए आपको तय करना है कि कार सेवकों पर गोली चलाने वाली पार्टी सपा को वोट देना है या राम मंदिर बनाने वाली भाजपा को।

मैं अखिलेश यादव से पूछना चाहता हूं कि आपको प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिला था या नहीं? राहुल, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश और डिंपल यादव निमंत्रण मिला, लेकिन कोई अयोध्या नहीं गया। क्योंकि उन्हें मालूम है कि हम वो लोग हैं, जिन्होंने कारसेवकों पर गोली चलवाई थी।

राहुल बाबा झूठ फैलाने का काम बंद करो

शाह ने कहा- मोदी की गारंटी है- एससी/एसटी और OBC का आरक्षण भाजपा कभी हटाने नहीं देगी।

राहुल बाबा झूठ फैलाने का काम बंद करो… ओबीसी का आरक्षण छीनने का काम आपने किया।

मोदी ने जातिवाद और परिवारवाद को समाप्त करके गरीबों के कल्याण का यज्ञ चलाया। हर गरीब के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का काम मोदी ने किया।

कांग्रेस ने राम मंदिर का निर्माण लटकाकर रखा

शाह ने कहा- कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर के निर्माण को अटकाकर, भटकाकर और लटकाकर रखा। जबकि 22 जनवरी को मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा कर जय श्रीराम कर दिया। लेकिन इन्होंने तो रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के न्योता को भी ठुकरा दिया।

4 बार सपा उम्मीदवार जीत चुके हैं चुनाव

इटावा लोकसभा सीट सपा का गढ़ मानी जाती थी, लेकिन पिछले दो लोकसभा चुनाव से यहां पर बीजेपी का कब्जा है। बसपा के संस्थापक कांशीराम 1991 में इटावा से सांसद बने थे।

इस बार बीजेपी ने वर्तमान सांसद राम शंकर कठेरिया, समाजवादी पार्टी ने जितेंद्र दोहरी और बसपा ने सारिका बघेल को प्रत्याशी बनाया है। इटावा से सबसे अधिक चार बार समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने चुनाव जीता है।

2 बार से भाजपा का कब्जा

वर्तमान में इटावा से सांसद राम शंकर कठेरिया को 2019 के लोकसभा चुनाव में 5,22,119 वोट मिले थे, जबकि समाजवादी पार्टी के कमलेश कठेरिया को 4,57,682। इसी तरह रामशंकर कठेरिया की 64 हजार वोटों से जीत हुई थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने अशोक दोहरे को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने डेढ़ लाख वोटों से जीत हासिल की थी।

सबसे अधिक दलित मतदाता

इटावा लोकसभा सीट दलित बहुल मानी जाती है। यहां 4 लाख दलित, 2 लाख 50 हजार क्षत्रिय, 1 लाख 50 हजार यादव, 2 लाख लोधी, 1 लाख मुस्लिम वोटर हैं। यहां ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या भी अच्छी खासी है। लेकिन एग्जैक्ट आंकड़ा नहीं है।

इटावा लोकसभा के अंतर्गत 3 जिले की 5 विधानसभा है। जिसमें इटावा सदर पर भाजपा और भरथना पर सपा, औरैया की औरैया सदर पर भाजपा, दिवियापुर पर सपा और कानपुर देहात की सिकंदरा विधानसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है।