जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कांग्रेस को झटका:8 पार्षद बिना शर्त भाजपा में शामिल

Jaipur Rajasthan

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जहां कांग्रेस के 8 पार्षद बिना शर्त भाजपा में शामिल हो गए हैं। यह राजनीतिक घटनाक्रम उस समय सामने आया जब लंबे समय से निलंबित हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर की कार्यशैली से असंतुष्ट पार्षदों ने भाजपा में जाने का निर्णय लिया। इन पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद, उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही भाजपा, कांग्रेस से आए इन पार्षदों को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कर कार्यवाहक मेयर के नाम की घोषणा करेगी।

मुनेश गुर्जर की कार्यशैली से नाराज थे पार्षद

निलंबित मेयर मुनेश गुर्जर की कार्यशैली से परेशान होकर कांग्रेस के 12 से अधिक पार्षद पिछले तीन महीनों से बीजेपी नेताओं के संपर्क में थे। इनमें सिविल लाइंस, आदर्श नगर, और किशनपोल विधानसभा क्षेत्रों के पार्षद शामिल थे। ये सभी पार्षद मुनेश गुर्जर से प्रताड़ित होकर उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के बाद लिया फैसला

21 सितंबर को इन पार्षदों की एक अनौपचारिक मुलाकात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से हुई थी, जिसमें 8 पार्षदों ने उसी वक्त बिना शर्त बीजेपी में शामिल होने का फैसला कर लिया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को इन पार्षदों ने हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र सौंपते हुए बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा।

ये पार्षद हुए भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में शामिल हैं:

  1. मनोज मुद्गल (वार्ड 35)
  2. उत्तम शर्मा (वार्ड 49)
  3. ज्योति चौहान (वार्ड 46)
  4. सुशीला देवी (वार्ड 63)
  5. अरविंद मीठी (वार्ड 71)
  6. मोहम्मद जकरिया (वार्ड 65)
  7. पारस जैन (वार्ड 80)
  8. संतोष कर (वार्ड 78)

और पार्षद कर सकते हैं भाजपा का समर्थन

खबरों के मुताबिक, एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी पार्षद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं, जो जल्द ही पार्टी को अपना समर्थन दे सकते हैं। इस घटनाक्रम ने जयपुर नगर निगम हेरिटेज की राजनीति में हलचल मचा दी है और संभावना है कि आने वाले दिनों में और भी कांग्रेसी पार्षद भाजपा का समर्थन कर सकते हैं।