धुएं में दम घुटने से 5 की मौत, सर्दी से बचने के लिए जलाई थी सिगड़ी

Bikaner Rajasthan

बीकानेर :- चुरू जिले के गोरीसर गांव में रविवार को सर्दी से बचने के लिए कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए सास, बहू और पोती परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। 3 महीने के मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। इसी प्रकार बीकानेर में भी पति-पत्नी की सिगड़ी कमरे में जलाकर सोने से मौत हुई है। 

सीआई सुभाष बिजारणिया ने बताया कि रविवार रात को गौरीसर गांव निवासी सोना देवी सास, बहू गायत्री देवी, 3 वर्षीय पोती तेजस्विनी और 3 महीने का पोता खुशीलाल एक कमरे में सो रहे थे।

रात को सर्दी से बचने के लिए सास-बहू ने कमरे में सिगड़ी जला रखी थी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक उनके कमरे का गेट नहीं खुला तो अमरचंद ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अमरचंद ने खिड़की तोड़कर देखा तो सभी लोग चारपाई पर सोते नजर आए। कोई हलचल नहीं थी। 3 महीने का पोता खुशीलाल रो रहा था।

अमरचंद खिड़की से कमरे में घुसा। पत्नी, बहू और पोती मृत पड़े थे। दादा ने 3 महीने के पोते खुशीलाल को बाहर निकाला। पड़ोस के लोगों के साथ बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसको चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पीकू वार्ड में एक्सपर्ट डॉक्टर्स की टीम बच्चे के इलाज में लगी हुई है। बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया है।

शुरुआती जांच में सामने आया कि रात को कमरे में सिगड़ी जली हुई थी। खिड़की-दरवाजे बंद थे। सिगड़ी से निकले धुएं से कमरे में कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस बढ़ गई। इसी गैस के कारण दम घुट गया और सास-बहू और पोती की मौत हो गई।

परिवार के लोगों ने बताया कि दादा अमरचंद और 6 साल का पोता कमल अलग कमरे में सो रहे थे। सास-बहू और पोता-पोती एक ही कमरे में सो रहे थे। दादा के पास सोने से कमल की जान बच गई। अमरचंद का बेटा राजकुमार गुजरात में कंस्ट्रक्शन का ठेकेदार है। वह करीब एक सप्ताह पहले ही गांव आकर गया था। अमरचंद के दो बेटे हैं, जिनमें राजकुमार बड़ा और केदारमल छोटा है।

बीकानेर में पति-पत्नी की मौत

बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में भी दम घुटने से पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों कूच बिहार के रहने वाले थे। यहां करणी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। अनिल और पूर्णिमा रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सो गए थे। सुबह घर में कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों ने देखा। दोनों के शरीर में किसी तरह की हरकत नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी गई। यहां से दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *