सोनिया गांधी दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती, सांस लेने में कठिनाई

Front-Page National

नई दिल्ली:-संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की अध्यक्ष और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोनिया गांधी को कल तबीयत खराब होने पर दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उनके चेस्ट में इंफेक्शन है, हालांकि अभी उनकी हालत स्थिर है। उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अस्पताल में उनकी देखभाल कर रही हैं। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि 76 वर्षीय सोनिया गांधी की हालत स्थिर है।

सोनिया को रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन


अस्पताल ने सोनिया गांधी की हालत पर एक रिपोर्ट जारी की है। इनमें संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की नेता सोनिया गांधी को आज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉ. अरूप बसु के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनको रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इंफेक्शन है। रिपोर्ट के मुताबिक इसका उचित इलाज किया जा रहा है। सोनिया गांधी को वायरल इंफेक्शन बताया जा रहा है।

सोनिया गांधी की हालत स्थिर


यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुखार के कारण 2 मार्च 2023 को चेस्ट मेडिसिन के सीनियर कंसल्टेंट विभाग डॉ अरूप बसु और उनकी टीम के तहत सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सर गंगा राम अस्पताल के ट्रस्ट सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ डी एस राणा ने कहा कि उनकी निगरानी और जांच की जा रही है और उनकी हालत स्थिर है।

जनवरी में भी हुई थी अस्पताल में भर्ती


इस साल यह दूसरी बार है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनवरी में, सोनिया गांधी को वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।