होली 2023:फाल्गुन एकादशी पर गोविन्ददेवजी के विशेष झांकी दर्शन, खेलेंगे फूलों की होली

Jaipur Rajasthan

जयपुर:- फाल्गुन शुक्ल एकादशी पर आज आंवला एकादशी मनाई जा रही है। शहर के आराध्य गोविन्ददेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विशेष झांकी के दर्शन हो रहे है, वहीं गोनेर लक्ष्मी जगदीशजी के एकादशी पर सुबह भक्तों को भीड़ नजर आई।

गोविन्ददेवजी मंदिर में प्रातःकाल ठाकुर श्री जी का मंगला झांकी के बाद पंचामृत अभिषेक किया गया। लाल रंग की जामा पोशाक धारण करवाई गई। इस मौके पर ठाकुरजी का विशेष फूलों का श्रृंगार किया गया। राजभोग झांकी में ठाकुरश्री जी को पांच रंग (लाल, हरा, गुलाबी, पीला, सफेद) की गुलाल अर्पित की गई। उसके पश्चात राजभोग आरती हुई। राजभोग आरती बाद मंदिर के दक्षिण पश्चिम कोने पर आंवला पूजन किया गया। आंवला पूजन पंचामृत अभिषेक, भोग सेवा, आरती, गुलाल अर्पण किया गया।

पुष्प फागोत्सव
गोविंददेवजी मंदिर में चल रहे फागोत्सव में आज से दो दिवसीय पुष्प फागोत्सव शुरू हुआ। दो दिन तक मंदिर में फूलों की होली साकार होगी। 3 व 4 मार्च को भजन गायक बाल व्यास श्रीकांत शर्मा दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। कलाकार फाल्गुनी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। फागोत्सव में 5 मार्च को होली पद का विशेष कार्यक्रम होगा। कोलकाता के मालीराम शास्त्री दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की स्वर लहरियां बिखरेंगे। भजनों के माध्यम से गोविंददेवजी को रिझाया जाएगा।