सुनक ने छोड़ी 10 डाउनिंग स्ट्रीट,किंग को इस्तीफा देंगे:14 साल बाद कंजर्वेटिव पार्टी सत्ता से बाहर,कीर स्टार्मर होंगे अगले प्रधानमंत्री

Breaking-News International

ब्रिटेन में लेबर पार्टी ने 14 साल बाद सत्ता में वापसी कर ली है। 5 जुलाई (शुक्रवार) को आए नतीजों में पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। उसे 650 में से अब तक 410 सीटें मिली हैं। 3 सीटों पर नतीजे आने बाकी हैं। ब्रिटेन में सरकार बनाने के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है।

BBC के मुताबिक, चुनाव के दौरान लेबर पार्टी को लीड करने वाले सर कीर स्टार्मर ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री होंगे। वहीं 2022 से कंजर्वेटिव पार्टी का नेतृत्व कर रहे ऋषि सुनक को अब तक सिर्फ 119 सीटें मिली हैं। सुनक ने हार स्वीकार कर पार्टी से माफी मांगी है। उन्होंने स्टार्मर को भी फोन कर जीत की बधाई दी।

सुनक और स्टार्मर दोनों ने अपनी-अपनी सीटों पर जीत हासिल की है। सुनक ने रिचमंड एंड नॉर्थेलर्टन सीट से जीत दर्ज की। वहीं लेबर पार्टी से PM पद के कैंडिडेट कीर स्टार्मर भी लंदन की होलबोर्न एंड सेंट पैनक्रास सीट पर जीत चुके हैं।