हिमाचल में कल कैबिनेट के गठन पर सस्पेंस:CM सुक्खू दिल्ली से निकले; चंडीगढ़ में रुकने का प्रोग्राम, डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री को भी बुलाया

National

शिमला :- हिमाचल को नई कैबिनेट भी मिलने पर सस्पेंस गहरा गया है। मंत्रियों के नाम फाइनल हो गए हैं और मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली से निकल गए हैं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उनका रास्ते में चंडीगढ़ में रुकने का प्रोग्राम है। वहीं डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री भी चंडीगढ़ के रवाना हो गए हैं। चंडीगढ़ में मंत्रियों के नामों पर दोनों के बीच चर्चा की बात कही जा रही है।

अगर सब कुछ ठीक रहा तो कल रविवार को राजभवन में मंत्रियों की शपथ होगी। बता दें कि मंत्रियों का नाम फाइनल करने के लिए मुख्यमंत्री 2 दिन पहले पार्टी हाईकमान से मिलने दिल्ली गए थे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के बाद मंत्रियों के नाम फाइनल किए गए। वहीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद सरकार भी आज धर्मशाला से शिमला लौट आई है।

प्रदेश में शायद यह पहली बार हुआ
हिमाचल के इतिहास में शायह यह पहली बार हुआ, जब नई सरकार बनने के बाद मंत्रिमंडल के गठन में इतनी देर हुई हो। मंत्रिमंडल के गठन में हो रही देरी कहीं न कहीं सरकार और संगठन के बीच चली आ रही खींचतान को भी हवा देती नजर आ रही है।

मंत्रियों का चयन नही कर पाने के कारण हो रही देरी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा मंत्रियों का चयन नहीं कर पाने के कारण मंत्रिमंडल के गठन में इतनी देरी हुई है। मंत्रियों के चयन को लेकर प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा और शिमला जिले में पेंच फंसा हुआ है। मंत्रिमंडल की दौड़ में 15 विधायक शामिल हैं, जबकि 10 विधायक मंत्री बनाए जाने हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, 10 में से भी 2 या 3 सीटों को खाली रखा जाएगा। पूर्व की भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी मंत्रियों के 2 पदों को खाली रखा गया था, जिन्हें 3 साल बाद भरा गया था। शिमला में विधायक रोहित ठाकुर और विक्रमादित्य सिंह के नाम मंत्री पद की दौड़ में तय माने जा रहे हैं।

मोहनलाल बराक्टा और अनिरुद्ध सिंह के नाम पर पेंच फंसा हुआ है। कांगड़ा से संजय रतन और पालमपुर से आशीष बुटेल का नाम चर्चा में हैं। धर्मपुर सीट से पहली बार जीत कर आए चंद्रशेखर को भी सरकार कोई अहम पद सौंप सकती है। सोलन से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्नल धनीराम शांडिल, संजय अवस्थी और रामकुमार ने मंत्री पद के लिए दावेदारी ठोकी है।

राजभवन शिमला में शपथ की तैयारियां शुरू
इधर राजभवन में भी मंत्रियों की शपथ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार से पत्र मिलते ही राजभवन सचिवालय मंत्रियों के शपथ को लेकर निमंत्रण पत्र जारी करेगा। मुमकिन है कि राजभवन सचिवालय आज यह पत्र जारी करें। रविवार 8 जनवरी को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अपने घर गोवा जाएंगे। उनका 15 जनवरी को वापस लौटने का कार्यक्रम है। ऐसे में मुमकिन है कि राज्यपाल रविवार को मंत्रियों को शपथ दिलाने के बाद गोवा के लिए रवाना हो।

मंत्रियों के लिए यह नाम लगभग तय
मंत्री पद के लिए जिन विधायकों के नाम आगे चल रहे हैं। उनमें सुधीर शर्मा, चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी, सुंदर सिंह ठाकुर, राजेश धर्मानी, विक्रमादित्य सिंह और हर्षवर्धन सिंह का नाम शामिल है। मुख्यमंत्री द्वारा औपचारिक घोषणा होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *