अयोध्या में रामायण की थीम पर निकाली झांकी:राम जन्म से लेकर राम राज्याभिषेक तक की झलक,शाम को 24 लाख दीपक जलेंगे

Front-Page National

अयोध्या:-अयोध्या में आज शाम को 7वीं बार दीपोत्सव होगा। राम की पैड़ी के 51 घाटों पर 21 लाख दीपक जलाए जाने का विश्व रिकॉर्ड बनना है। इसके लिए 24 लाख दीपक बिछाए गए हैं। इससे पहले आज सुबह रामायण के प्रसंग पर आधारित झांकी निकाली गई। इस दौरान बारिश भी शुरू हो गई। कलाकर बारिश में भीगते नृत्य करते दिखे। पिछली बार सरयू तट पर 15 लाख 76 हजार दीप जलाने का रिकॉर्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में दर्ज है।

दीपोत्सव से पहले आज शाम भगवान श्रीराम, मां सीता और भाई लक्ष्मण के स्वरूप पुष्पक विमान से रामकथा पार्क में उतरेंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ वहां पर मौजूद रहेंगे। वे फूल बरसाकर उनका स्वागत करेंगे। उनकी आरती भी उतारेंगे। योगी शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अयोध्या पहुंचे।

झांकियों में राम जन्म से लेकर राम राज्य अभिषेक तक की यात्रा
अयोध्या में आज 19 झांकियां निकाली गईं। झांकियों के जरिए भगवान राम के जन्म काल से लेकर राम राज्य अभिषेक तक की यात्रा दिखाई गई है। इसमें रामायण कालीन शिक्षा, दक्षिण से लेकर उत्तर तक के लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, भयमुक्त समाज, बच्चों का अधिकार, बेसिक शिक्षा, राम-सीता विवाह, बेटियों की शादी के लिए सरकार द्वारा की जा रही व्यवस्था, मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, महिला हेल्पलाइन नंबर, वन और पर्यावरण, रामेश्वरम सेतु, पुष्पक विमान, बेहतर हवाई यात्रा कनेक्टिविटी, केवट प्रसंग, बेहतर कानून व्यवस्था, शबरी-राम मिलाप, लंका दहन, भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई आदि का संदेश दिया गया।

लाइट एंड साउंड शो के जरिए रामायण पर आधारित प्रसंग दिखाए जाएंगे
राम की पैड़ी पर 200X60 फीट के स्क्रीन पर लाइट एंड साउंड शो के जरिए रामायण पर आधारित प्रसंग दिखाए जाएंगे। इस दौरान करीब 50 देशों के राजदूत दीपोत्सव के गवाह बनेंगे। 25 हजार से अधिक वालंटियर्स की ओर से 16X16 दीपक का ब्लॉक बनाया गया है। इसमें हर ब्लॉक में 256 दीपक सजाए गए हैं। एक वालंटियर 85 से 90 दीए जलाएगा।

शनिवार को सुबह 10 बजे से पर्यवेक्षक, घाट प्रभारी, समन्वयक और गणना वालंटियर्स की देखरेख में 24 लाख से अधिक दीए में तेल और बाती लगाने का काम शुरू हो जाएगा। जो शाम करीब 6 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड टीम सभी घाटों पर ड्रोन के जरिए दीपों की गणना करेगी। गणना पूरी होने के बाद रिकार्ड की घोषणा होगी।

घाटों पर 12 पर्यवेक्षक, 95 घाट प्रभारी, 1000 से ज्यादा समन्वयक

अवध विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया, “दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी वालंटियर्स और पदाधिकारी दीपोत्सव पहचान-पत्र के साथ घाटों पर मौजूद हैं। इसके अलावा सभी वालंटियर्स को सूती ड्रेस में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

घाटों पर 12 पर्यवेक्षक, 95 घाट प्रभारी, 1000 से अधिक समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। राम की पैड़ी को दीपोत्सव के लिए रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया रहा है। जिससे रात्रि में राम की पैड़ी का नजर ही कुछ और नजर आ रहा है।”

1 लाख 8000 दीपक से राम मंदिर मॉडल तैयार

राम की पैड़ी पर 6000 स्क्वायर फीट में राम मंदिर मॉडल दीप मालाओं के जरिए बनाया गया है। इसे डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट के 150 बच्चों ने 3D इफेक्ट में तैयार किया है। इसमें भगवान श्री राम को जीत की मुद्रा में दिखाया गया है। जो कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद राम मंदिर निर्माण के विजय की गौरव गाथा को बयान कर रहा है। इस राम मंदिर मॉडल को तैयार करने में 1 लाख 8000 दीपक लगेंगे।

आज से साउंड एंड लाइट शो की होगी शुरुआत
दिल्ली की प्रोजेक्शन सिस्टम कम्पनी के इंजीनियर अरविंद ने बताया कि राम की पैड़ी पर देश की सबसे बड़ी लाइट एंड साउंड स्क्रीन लगाई गई है। इसके जरिए दीपोत्सव के बाद सरयू नदी के किनारे लोगों को रोज रामायण के विभिन्न प्रसंगों को देखने की सुविधा मिलेगी। लोगों को भारत के गौरवशाली इतिहास के बारे में जानने का मौका मिलेगा। इसकी शुरुआत आज से ही होगी।

2022 में पीएम मोदी दीपोत्सव के बने थे गवाह
पिछले साल अयोध्या में दीपोत्सव पर प्रधानमंत्री भी मौजूद रहे। उन्होंने लेजर शो के जरिए राम के चरित्र का अवलोकन किया था। पीएम मोदी के साथ-साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहे। 2021 में अयोध्या में 12 लाख दीपक जलाए गए थे। तब राम की पैड़ी पर 9 लाख और अयोध्या के बाकी हिस्सों में 3 लाख दीपक जलाए गए थे।