कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास की हालत गंभीर बनी हुई है। गणगौर पूजा के दौरान झुलसने के बाद उन्हें सोमवार को अहमदाबाद के जाइडस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक, उनके शरीर का 90 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है, और सिर में चोट लगने से ब्रेन हेमरेज भी हुआ है। उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
अस्पताल के सीनियर प्लास्टिक सर्जन डॉ. गिरीश अमलानी की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत थोड़ी स्थिर होने के बाद ही सर्जरी संभव हो पाएगी। परिजनों के अनुसार, गिरिजा व्यास शारीरिक रूप से कमजोर हैं, जिससे संक्रमण और अन्य जटिलताओं का खतरा बढ़ गया है।
परिवार के मुताबिक, उदयपुर से अहमदाबाद ले जाते समय वह होश में थीं और बातचीत कर रही थीं, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। उनके भाई गोपाल शर्मा ने बताया कि वह ICU में भर्ती हैं, और उनकी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है, हालांकि परिजनों को ICU में जाने की अनुमति नहीं दी गई है।
राजनीतिक हलकों में चिंता
गुजरात के मुख्यमंत्री से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बातचीत कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी डॉक्टरों से संपर्क कर उनके इलाज की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
घटना के बाद से ही उनके शुभचिंतक चिंतित हैं। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग उनकी तबीयत की जानकारी लेने अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
डॉ. गिरिजा व्यास महिला आयोग की अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री और राजस्थान सरकार में कई अहम पदों पर रह चुकी हैं। उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता बढ़ गई है।