लगातार दूसरे दिन गिरावट में बंद हुआ बाजार:सेंसेक्स 33 अंक गिरकर 62,834 पर बंद हुआ, रिलायंस और टाटा मोटर्स टॉप लूजर

Business

भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (5 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 33 अंकों की गिरावट के साथ 62,834 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में लगातार दूसरे दिन यह गिरावट आई है। वहीं निफ्टी 5 अंक बढ़कर 18,701 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं 15 शेयरों में ही तेजी रही।

रिलायंस-टाटा मोटर्स टॉप लूजर्स
अपोलो हॉस्पिटल, रिलायंस, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, ब्रिटानिया, SBI लाइफ, BPCL, डॉ रेड्‌डी समेत निफ्टी के 23 शेयरों में गिरावट रही। वहीं हिंडाल्को, टाटा स्टील, UPL, कोल इंडिया, ONGC, NTPC, SBI, JSW स्टील, इंडसइंड बैंक, पावर ग्रिड समेत निफ्टी के 27 शेयरों में तेजी देखने को मिली।

मेटल सेक्टर में 1.87% की तेजी रही
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 7 में तेजी रही। मेटल सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.87% की तेजी देखने को मिली। PSU बैंक सेक्टर में 1.20% की तेजी रही। इन दोनों के अलावा बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, मीडिया, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में भी तेजी रही। वहीं ऑटो, FMCG, IT और फार्मा सेक्टर में गिरावट देखने को मिली।

सोने और चांदी में तेजी, रुपया कमजोर
वहीं सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी में तेजी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 53,854 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी की बात करें तो ये 65,764 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 47 पैसे कमजोर हुआ।

पिछले हफ्ते बाजार में रही थी तेजी
पिछले हफ्ते शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स पिछले पांच कारोबारी दिन में 482.24 अंक यानी 0.77% चढ़ा। निफ्टी में 176.50 अंक यानी 0.95% की तेजी रही थी। वहीं बाजार में पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (2 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 415 अंकों की गिरावट के साथ 62,868 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 116 अंक गिरकर 18,696 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में लगातार 8 दिनों की तेजी के बाद यह गिरावट आई थी।

बाजार ने 1 दिसंबर को ऑल टाइम हाई बनाया था
बाजार ने 1 दिसंबर को नया रिकॉर्ड बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 63,583.07 के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था। इसके बाद यह 184 अंक की तेजी के साथ 63,284 के स्तर पर बंद हुआ था। इसके साथ ही सेंसेक्स ने अपना नया क्लोजिंग हाई भी बनाया था। वहीं निफ्टी ने भी नया ऑल टाइम हाई और क्लोजिंग हाई बनाया था। कारोबार के दौरान निफ्टी 18,887.60 के स्तर पर पहुंचा था। फिर यह 54 अंक की तेजी के साथ 18,812 के स्तर पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *