गुजरात में कोई विकास का मॉडल नहीं है, मार्केटिंग है : गहलोत

Jaipur Politics Rajasthan

जयपुर। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गुजरात में कोई विकास का मॉडल नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री की मार्केटिंग के जरिए चुनाव जीता गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगर लोग गुजरात जाएंगे तो वहां देख कर पता चल जाएगा कि वहां पर कोई विकास का मॉडल नहीं है, मार्केटिंग करके चुनाव जीतना अलग बात है।

सीएम गहलोत ने आज भारत जोड़ा यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विकास का मॉडल तो राजस्थान का है, जहां 4 साल में ऐसे-ऐसे ऐतिहासिक फैसले हुए हैं जिसकी देशभर में गूंज है। चिरंजीवी योजना, शहरी रोजगार गारंटी योजना, इंदिरा गांधी रसोई योजना की देश भर में चर्चा है।

इसके अलावा उड़ान योजना देश में राजस्थान के अलावा कहीं नहीं है, जहां पर हर महीने महिलाओं और बच्चियों को सैनिटरी नैपकिन फ्री दिए ज्यादा आते हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज के दौर में महावारी के वक्त संकोच छोड़ना चाहिए।

महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यमिक स्कूलों की देशभर में गूंज
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमने महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम के स्कूल प्रदेश भर में खोले हैं जिनकी देशभर में तारीफ हो रही है। आज सरकारी स्कूलों के बच्चे भी फर्राटे दार इंग्लिश बोलते हैं उन्होंने कहा कि मैं बचपन में अंग्रेजी को पसंद नहीं करता था लेकिन आज लोगों को अंग्रेजी बोलते देखता हूं तो मुझे भी दुख होता है कि मैं अंग्रेजी नहीं बोल पाता।

संचार क्रांति राजीव गांधी की देन
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि संचार क्रांति राजीव गांधी की देन है, राजीव गांधी इस देश में टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर लेकर आए। उस वक्त जो लोग विपक्ष में थे वह कंप्यूटर क्रांति का विरोध कर रहे थे और बैलगाड़ी पर संसद पहुंचे थे और कहा था कि इससे देश में बेरोजगारी आएगी लेकिन आज देश में सारा काम कंप्यूटर पर ही हो रहा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग भले ही आज सत्ता में हों लेकिन यह कभी भी प्रगतिशील सोच कर नहीं रहे हैं। यह केवल धर्म के नाम पर भड़का कर सत्ता में पहुंचे हैं।

देश में लोकतंत्र कायम रहना चाहिए
सीएम गहलोत ने कहा कि आज देश में लोग चर्चा करते हैं कि 2024 के बाद देश में चुनाव नहीं होंगे, मैं समझता हूं कि इस तरह की बातें केवल काल्पनिक है लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह देश के लिए अच्छा नहीं होगा क्योंकि यह देश संविधान से चलता है और लोकतंत्र की आत्मा है। देश की जनता भी नहीं चाहेगी कि इस देश में लोकतंत्र खत्म हो। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश में हर जगह नफरत और हिंसा का माहौल है और इसी नफरत और हिंसा के माहौल को खत्म करने के लिए राहुल गांधी देश जोड़ने का काम कर रहे हैं।

ईस्टर्न कैनल परियोजना पर राजनीति कर रही है भाजपा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईस्टर्न कैनल परियोजना को लेकर कहा कि ईस्टर्न कैनल परियोजना के मामले में बीजेपी राजनीति कर रही है। लोकसभा में राजस्थान से 25 सांसद और जल संसाधन मंत्री भी यहां से होने के बावजूद भी एक परियोजना को यहां पर लागू नहीं करवा रहे जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का वादा किया था। सीएम गहलोत ने कहा कि यह 13 जिलों से जुड़ी हुई योजना है, हम पहले भी कई बार कह चुके हैं कि अगर केंद्र सरकार की इस योजना में सहयोग नहीं करेगी तो भी राज्य सरकार अपने स्तर पर इस योजना को पूरा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *