रोहित शेट्टी की ‘सर्कस’ में बहुत कुछ है खास:फिल्म में देखने को मिलेंगे 19 किरदार, डबल रोल में नजर आएंगे रणवीर सिंह

Entertainment

रोहित शेट्टी की क्रिसमस पर ‘सर्कस’ फिल्म आ रही है। ऐसा पहली बार है कि रोहित शेट्टी के किसी फिल्म में हीरो का डबल रोल है। फिल्म में डबल रोल रणवीर सिंह प्ले कर रहें हैं। वो सर्कस कंपनी संचालक और आम युवक के रोल में हैं। इसका ट्रेलर वैसे तो शुक्रवार को दोपहर बाद आएगा, पर उससे पहले फिल्म की खासम खास जानकारी दैनिक भास्कर के पास है।

फिल्म रणवीर सिंह का रोल बेहद शांत रहेगा

फिल्म में सर्कस कंपनी चला रहे शख्स के तौर पर रणवीर सिंह बेहद शांत और ठहराव से भरे शख्स के रोल में हैं, जो उनकी चिर परिचित इमेज से बिल्कुल उलट है। रोहित शेट्टी ने उनके किरदार को लाउड नहीं होने दिया है। फिल्म में हीरो, उसके भाई, उनकी हीरोइनों, पिता और बाकी मुख्य किरदारों की तादाद तकरीबन 19 है। ट्रेलर लॉन्च में वो सभी 19 कलाकार साथ में मंच पर होंगे।

फिल्म का म्यूजिक देवी श्रीप्रसाद (डीएसपी) ने दिया है

फिल्म का म्यूजिक देवी श्रीप्रसाद यानी डीएसपी ने दिया है। उन्होंने हाल ही में दृश्यम 2 को म्यूजिक दिया था। इसके अलावा रणवीर सिंह के किरदार को सेंटर में रखते हुए उनके दोनों किरदारों के साथ घट रही घटनाओं के मद्देनजर कॉमेडी क्रिएट की गई है। उनका किरदार अपनी ओर से इरादतन कॉमेडी नहीं कर रहा।

हंसाते नजर आएंगे संजय मिश्रा

फिल्म में हीरोइन के पिता के रोल में संजय मिश्रा अपने वन लाइनर से लोगों को हंसाते नजर आएंगे। बाकी कलाकारों में अश्विनी कालसेकर, मुकेश तिवारी, टीकू तलसानिया, बृजेश हिरजी, जॉनी लीवर, वरुण शर्मा, विजय पाटकर, सिद्धार्थ जाधव, सुलभा आर्या और बाकी कलाकार अलग अलग मोड़ पर आते हैं।

इलेक्ट्रिक सुपरपावर से लैस दिखेंगे रणवीर

रोहित शेट्टी ने इसे हूबहू ‘अंगूर’ फिल्म जैसा नहीं होने दिया है, सिवाय हीरो के डबल रोल के। अनजान शहर में हीरो के जाने और वहां उसके साथ घटने वाली घटनाओं को भी रोहित शेट्टी अलग दिशा में ले गए हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि सर्कस कंपनी चलाने वाले शख्स के रोल में रणवीर सिंह को इलेक्ट्रिक सुपरपावर से लैस किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *