इन्हें नहीं मालूम 56 इंच क्या है:-मोदी;मैं गरीब मां का बेटा हूं,मुझे किसी के लिए कुछ कमाना नहीं है

Front-Page Loksabha Election National Politics

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्ती और श्रावस्ती में बुधवार को चुनावी रैली को संबोधित किया। श्रावस्ती में पीएम ने कहा- मैं गरीब मां का बेटा हूं। किसी शाही खानदान से नहीं हूं। सपा और कांग्रेस वाले आपके घर की पानी की टोटी खोलकर ले जाएंगे। इसमें इनकी महारत है।

उन्होंने कहा- कल मैं एक वीडियो देख रहा था, जिसमें लोग भाग-भाग कर मंच पर चढ़ रहे थे, मैंने पूछा- ये हुड़दंग क्यों चल रहा है? तो बताया गया-सपा कांग्रेस वाले रैली में लोगों को लाने के लिए कॉन्ट्रैक्ट देते हैं, प्रति व्यक्ति पैसे देते हैं, लेकिन इन्होंने पैसा दिया नहीं, तो लोग भागकर मंच पर चढ़ गए।

बस्ती में पीएम ने कहा- अब पाकिस्तान पस्त पड़ चुका है, लेकिन उसके हमदर्द सपा-कांग्रेस वाले भारत को डराने में जुटे हैं। ये हमें डराते हैं। इनको मालूम नहीं है कि 56 इंच क्या होता है।

उन्होंने कहा- मैडम सोनिया ने अपने अध्यक्ष सीताराम केसरी को बाथरूम में बंद करवा दिया। फिर उठवाकर फुटपाथ पर फेंकवा दिया और रातोंरात खुद अध्यक्ष बन गईं।

पीएम ने कहा- सपा-कांग्रेस के शहजादे दिन में सपने देखते हैं। पहले मैं ये बात सुना करता था। 4 जून को यूपी की जनता इनको नींद से जगाने वाली है। तब ये ठीकरा EVM पर फोड़ेंगे।

मोदी जब तक जिंदा है तब तक आरक्षण कोई छीन नहीं सकता

चाहे जितना जोर लगा लें, मोदी जब तक जिंदा है। गरीब दलित, पिछड़े, आदिवासियों का आरक्षण कोई छीन नहीं सकता है। आपको गारंटी देता हूं, वंचितों का जो अधिकार है, वह दिलवाकर रहूंगा।

पीएम बोले- मैं गरीब मां का बेटा हूं

मैं गरीब मां का बेटा हूं। किसी शाही खानदान से नहीं हूं। देश को मजबूत बनाना चाहता हूं। इसके लिए आपका आशीर्वाद चाहता हूं।

कांग्रेस वाले कमाई छीनकर अपने जिहाद वाले वोट बैंक को बांटना चाहता है। SC, ST-OBC का कोटा मुस्लिम वोट बैंक में बांट देंगे। पहले कर्नाटक में भी ऐसा कर चुके हैं।

इंडी गठबंधन में कैंसर से बुरी बीमारियां

आपने देखा होगा आज गुंडे गले में तख्ती लटकाकर हाथ जोड़ते हैं। मुझे जेल में भेज दो। भाजपा यूपी को उस हालात में वापस नहीं जाने देगी, ये मोदी की गारंटी है।

इंडी गठबंधन में कैंसर से बुरी बीमारियां हैं। ये फैलते फैलते पूरे हिंदुस्तान को तबाह कर दें। ये तीनों बीमारियां देश के लिए कैंसर से भी ज्यादा विनाशक बन सकती हैं।

ये बीमारी हैं-

  1. ये घोर सांप्रदायिक
  2. ये घोर जातिवादी
  3. ये घोर परिवारवादी

मोदी को भ्रष्टाचार मंजूर नहीं

सपा-कांग्रेस में डीएम, डीजीपी बनाने, नौकरी देने के लिए रेट कार्ड फिक्स था। अब यह सब बंद हो गया है। जिसका इतना नुकसान होगा। वह मोदी को गाली देगा ही। मोदी को ये गालियां मंजूर है। मोदी को अनाप-शनाप जो बोलना है, वह सब मंजूर है। मेरे लिए बोले, मेरे परिवार के लिए बोले। लेकिन, सपा-कांग्रेस वाले कान खोल के सुन लें, मोदी को भ्रष्टाचार मंजूर नहीं है, नहीं है, नहीं है।

इंडी अलायंस वाले देश को तबाह करेंगे

इनके नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस आई तो CAA को रद्द कर देंगे। कांग्रेस आई, तो कश्मीर में 370 फिर से लगाएंगे। इससे जो आतंकवादी जेल में हैं। उसे कांग्रेसी पीएम के घर में बुलाकर बिरयानी खिलाएंगे। जिनकी सोच ऐसी है, ऐसे ख्याल को पालते हैं। आप कल्पना कीजिए इनके इरादे देश को कितना तबाह कर देंगे।

सपा-कांग्रेस वाले आपके घर की पानी की टोटी खोलकर ले जाएंगे

ये कहते हैं मोदी ने जो काम किया है। उनको पलटने आएंगे। मोदी के सारे कामों को सब खत्म करके हम नए सिरे से देश को चलाएंगे। यही इनका एजेंडा है, मोदी के कामों को पलटना।

10 साल में मोदी ने क्या काम किए? मोदी ने 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर दिए। अब सपा-कांग्रेस वाले सब पलटने का निर्णय कर लिया है। 4 करोड़ घरों की चाबी ले लेंगे। मकान छिन लेंगे। अपने वोट बैंक को मकान दे देंगे।

सपा-कांग्रेस वाले आपके घर की पानी की टोटी खोलकर ले जाएंगे। इसमें इनकी महारत है। क्या आप इन्हें ऐसा पाप, जुल्म करने देंगे। मोदी देश के लिए जीता है। मोदी ने देशहित में जो फैसले लिए हैं, वे इंडी वालों के बस की बात नहीं है। ये क्या-क्या पलटेंगे।

यूपी में 2 लड़कों की जोड़ी फिर से लॉन्च हुई, लेकिन वही पुरानी फ्लॉप फिल्म

यह चुनाव भारत का भविष्य तय करने जा रहा है। जिन लोगों ने 60 साल तक कुछ नहीं किया, वो मोदी को रोकने के लिए एक हो गए हैं। यूपी में दो लड़कों की जोड़ी फिर से लॉन्च हुई है।

वही पुरानी फ्लॉप फिल्म, वही पुराने किरदार, वही पुराने डायलॉग। पूरा चुनाव खत्म होने को है, लेकिन एक भी नई बात इन लोगों के मुंह से आपने सुनी क्या?

देश को आगे कैसे ले जाएंगे, विकास का विजन क्या है, अर्थव्यवस्था को लेकर क्या प्लान है? दोनों शहजादों ने एक बार भी भरोसेमंद बात नहीं कही।

आपका एक वोट तुष्टीकरण की राजनीति को कब्रिस्तान में गाड़ देगा

पीएम ने कहा- बस्ती, सिद्धार्थनगर और डुमरियागंज की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए काम हो रहा। 25 मई को आपका एक वोट तुष्टीकरण की राजनीति को कब्रिस्तान में गाड़ देगा।

एक वोट देश का भविष्य सुनिश्चित करेगा। 80 करोड़ लोगों को राशन, 5 लाख का मुफ्त इलाज, 3 करोड़ लोगों को पीएम आवास मिलता रहे।

कहीं भी आपको कच्ची मिट्टी के टूटे मकान में नजर आए, तो उसका पता नोट करके भेज देना। उसे बोल देना 4 जून के बाद पक्का मकान मिल जाएगा। 3 करोड़ नए घर बनाऊंगा। ये मोदी की गारंटी है। यहां मौजूद लोग ही मेरे लिए मोदी हैं।

आप मोदी से जरा भी कम नहीं हैं। लोगों को बताइए घर मिलने की गारंटी है। हम 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने के लिए काम कर रहे हैं। यह सब आपके वोट से होगा। मतदान भारी और NDA के पक्ष में होना चाहिए।

कांग्रेस से संविधान की पीठ में छुरा भोंककर कानून बनाया

कांग्रेस सरकार जहां है, वहां उन्होंने संविधान की पीठ में छुरा भोंककर कानून बनाया। मुस्लिम को आरक्षण देने के लिए बाबा साहब का संविधान बदलना चाहती है।

सपा भी इसमें शामिल है। इसलिए यूपी में दोनों को सबक सिखाना है। भाजपा सरकार विकास भी विरासत भी इस मंत्र को लेकर चलती है। अभी तो यह सिर्फ ट्रेलर है। बहुत बड़े काम आगे करने हैं।

सपा ने यूपी को केवल बदनामी दी थी। हमारी बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। लोग जमीन खरीदने से डरते थे, जमीन खरीदी तो कोई न कोई कब्जा कर लेता था।

गुंडे-माफिया सपा के मेहमान होते थे, दंगाइयों को स्पेशल प्रोटोकॉल मिलता था, आतंकवादियों को जेल से छोड़ने का फरमान जारी होता था। इस चुनाव में ऐसी कोई गलती नहीं करनी है, जिससे इन लोगों का हौसला बढ़े।

सपा-कांग्रेस के शहजादे दिन में सपने देखते हैं

आज में सपा-कांग्रेस के दोनों शहजादे दिन में सपने देखते हैं। पहले मैं ये बात सुना करता था। 4 जून को यूपी की जनता इनको नींद से जगाने वाली है। तब ये ठीकरा ईवीएम पर फोड़ेंगे। इंडी गठबंधन की परिवारवादी पार्टियों ने तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर दी है।

हमारा देश 500 साल से राम मंदिर की प्रतिक्षा कर रहा था। इंडी गठबंधन को राम मंदिर में परेशानी है। सपा के एक बड़े नेता कहते हैं, राम मंदिर तो बेकार है। सपा खुलेआम कहती है कि राम मंदिर को चाहने वाले राम भक्त पाखंडी है। राम मंदिर अपवित्र है। ये लोग सनातन धर्म के विनाश करने की बात करते हैं।

कांग्रेस के शहजादे राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलटना चाहते हैं। ये राम लला को फिर से टेंट में भेजना चाहते हैं। इनको वोट से चोट देनी चाहिए। सपा-कांग्रेस को अचानक संविधान की याद आ गई। इसी कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर संविधान के खत्म करने की कोशिश की थी। यही कांग्रेस है, जो खुद की पार्टी का संविधान नहीं मानती है।