जीत कर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ उरुग्वे:घाना को हराया; पुर्तगाल- साउथ कोरिया राउंड ऑफ़ 16 मे

FIFA - World Cup 2022 Sports

अल वकराह :-

फीफा वर्ल्ड कप 2022 में शुक्रवार को उरग्वे ने घाना को 2-0 से हराया। जीतने के बावजूद उरुग्वे प्री-क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका। ग्रुप H में वह तीसरे नंबर पर रहा। मैच में दोनों गोल उरुग्वे के जियोर्जियन डी अर्रास्केटा ने किए। अर्रास्केटा ने 26वें और 32वें मिनट में गोल दागे।

साउथ कोरिया के भी 4 ही पॉइंट थे
उरुग्वे को नॉकआउट राउंड में क्वालीफाई करने के लिए किसी भी हाल में मैच जीतना था। साथ ही उन्हें चाहिए था कि साउथ कोरिया न जीते। लेकिन ऐसा हो न सका, साउथ कोरिया ने पुर्तगाल को 2-1 से हरा दिया। पॉइंट्स टेबल में दोनों ही टीमों के 4-4 पॉइंट हो गए। लेकिन, बेहतर फेयर प्ले के चलते साउथ कोरिया अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर गया। दरअसल, टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के दौरान साउथ कोरिया को उरुग्वे टीम के मुकाबले कम यलो कार्ड मिले थे। इसीलिए वह पॉइंट्स टेबल में उरुग्वे से ऊपर दूसरे स्थान पर रहकर क्वालीफाई कर गया।

घाना ने मिस की पेनाल्टी
घाना को पहले हाफ में पेनाल्टी लेने का चांस मिला, लेकिन टीम इसे गोल में कन्वर्ट करने में असफल रही। 21वें मिनट में घाना को पेनाल्टी मिली। इसे टीम के कप्तान आंद्रे अयू ने लिया। उन्होंने बॉल को धीरे से शूट किया, जिसे उरुग्वे के गोलकीपर ने भांप कर सेव कर लिया।

26वें मिनट में आया पहला गोल
उरुग्वे ने मैच के 26वें मिनट में पहला गोल दागा। यह गोल टीम के स्ट्राइकर जियोर्जियन डी अर्रास्केटा ने किया। टीम के साथी खिलाड़ी पेलिस्ट्री के पास पर लुईस सुआरेज ने गोल करने की कोशिश की। लेकिन, बॉल घाना के गोलकीपर से लगकर डी अर्रास्केटा की तरफ आ गई। मौके का फायदा उठाते हुए जियोर्जियन डी अर्रास्केटा ने बॉल को नेट के अंदर पहुंचा दिया।

पहले हाफ में उरुग्वे ने बढ़त की दोगुना
मैच के पहले हाफ के 32वें मिनट में जियोर्जियन डी अर्रास्केटा ने दूसरा गोल मारा। पेलिस्ट्री के पास पर स्ट्राइकर डार्विन नुनेज आगे बढे़। नुनेज ने सुआरेज को बॉल पास की और सुआरेज ने अर्रास्केटा को पास दिया। अर्रास्केटा ने शानदार फिनिश करते हुए टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई।

उरुग्वे और घाना का स्टार्टिंग लाइनअप
घाना: लॉरेंस अति जिगी (गोलकीपर), अलीदू सेदु, डैनियल अमर्ते, मोहम्मद सलीसु, बाबा रहमान, सालिस अब्दुल समद, थॉमस पार्टी, मोहम्मद कुदुस, आंद्रे अयू (कप्तान), जॉर्डन अयू और इनाकी विलियम्स।

उरुग्वे: सर्जियो रोशेट (गोलकीपर), गुइलेर्मो वरेला, जोस मारिया जिमेनेज, सेबस्टियन कोट्स, मथियास ओलिवरा, फेडेरिको वाल्वरडे, रोड्रिगो बेंटानुर, जियोर्जियन डी अर्रास्केटा, फेसुंडो पेलिस्ट्री, लुइस सुआरेज (कप्तान) और डार्विन नुनेज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *