बिहार में VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता की हत्या:गांव के घर में शव मिला,धारदार हथियार से मारा गया;वहां अकेले रहते थे

Front-Page National

बिहार में विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP के सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या कर दी गई है। मंगलवार सुबह 70 साल के सहनी का क्षत-विक्षत शव उनके घर से मिला है। घटना दरभंगा के घनश्यामपुर थाना के जीरत गांव की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल गए हैं।

पुलिस ने बताया कि सहनी को धारदार हथियार से हमला करके मारा गया है। उनके घर का सामान भी बिखरा पड़ा मिला है, इस लिहाज से पुलिस का मानना है कि चोरी का विरोध करने पर सहनी का मर्डर किए जाने की आशंका है। हत्या की जांच के लिए SIT बना दी गई है। दरभंगा के SP देहात इसे लीड करेंगे।

गांव में बने घर में अकेले रहते थे जीतन सहनी
जीतन सहनी गांव में बने घर में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे मुकेश और संतोष हैं। मुकेश बिहार के पूर्व पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रह चुके हैं। उनकी एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह मुंबई में रहती है।

महागठबंधन में शामिल मुकेश सहनी
मुकेश सहनी की पार्टी VIP RJD और कांग्रेस के साथ बिहार में बने महागठबंधन में शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव के साथ कई सभाएं की थीं।