विराट कोहली पत्नी अनुष्का के साथ पहुंचे महाकाल मंदिर:रुद्राक्ष की माला और धोती-सोले पहने दिखे कोहली, अनुष्का साड़ी में नजर आईं

Sports

उज्जैन:-भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा शनिवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने सुबह 4 बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद विराट ने मीडिया से जय महाकाल कहा तो अनुष्का ने कहा की भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेकर बहुत अच्छा लगा।

देश भर से भगवान महाकाल की शरण में वीआईपी श्रद्धालुओं का तांता महाकाल मंदिर में लग रहा है। टीम इंडिया के कप्तान रह चुके स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ करीब डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आशीर्वाद लिया। आरती के बाद दोनों ने मंदिर के गर्भगृह में जाकर पंचामृत पूजन अभिषेक किया।

सादगी में दर्शन करते नजर आए

हमेशा लाइम लाइट में रहने वाले विराट और अनुष्का भक्ति और आध्यात्म के माहौल में रमे हुए नजर आए। विराट ने गले में रुद्राक्ष की माला धरण की हुई थी, साथ ही मस्तक पर चन्दन का बड़ा त्रिपुण लगाकर धोती सोला पहने हुए थे। वहीं अनुष्का शर्मा भी साड़ी में नजर आईं। इस दौरान वे भी महाकाल की भक्ति में लीन दिखाई दे रही थीं।

नववर्ष पर वृंदावन पहुंचे थे

इससे पहले नव वर्ष पर विराट और अनुष्का शर्मा ने भगवान के दर्शन कर साल की शुरुआत की थी। दोनों वृंदावन स्थित बाबा नीम करोली के आश्रम पहुंचे थे। अनुष्का शर्मा के कुछ वीडियोज सोशल मीडिया पर काफी वायरल थे। इन वीडियोज में वे पति विराट कोहली और बेटी वामिका के साथ हाथ जोड़े नजर आई थीं। वे 2 दिन वृंदावन में ही रहे थे। इसके बाद वे आनंदमई आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संतों से मुलाकात की थी।