मिजोरम की 40 सीटों पर मतदान खत्म:101 साल के बुजुर्ग से लेकर नेत्रहीन ने वोट डाला;CM के बूथ पर EVM खराब हुई थी

Front-Page National

आइजोल:-मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 4 बजे खत्म हो गई। अब वो ही लोग वोट डाल पा रहे हैं, जो पोलिंग बूथ के अंदर आ गए थे। राज्य में 77.04% मतदान हुआ। सेरछिप में सबसे ज्यादा 77.78% तो सियाहा में सबसे कम 52.02% मतदान हुआ। आइजोल में 65.06% वोटिंग हुई। मिजोरम में 2018 के विधानसभा चुनाव में 81.61% वोट पड़े थे।

गवर्नर हरि बाबू कंभमपति ने आइजोल साउथ में सुबह 8:15 बजे वोटिंग की। मुख्यमंत्री जोरमथंगा सुबह 7 बजे के करीब वोट डालने आए थे, लेकिन EVM मशीन में खराबी के चलते लौट गए। चार घंटे बाद वापस आकर उन्होंने वोट डाला।

वहीं, मिजोरम कांग्रेस के अध्यक्ष लालसावता ने दावा किया कि मिजोरम में हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। हम 22 सीट जीतने जा रहे हैं। जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के कार्यकारी अध्यक्ष और आइजोल नॉर्थ-III से पार्टी के उम्मीदवार के सपडांगा ने भी अपना वोट डाला।

सत्ताधारी मिजो नेशनल फ्रंट (MNF), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और कांग्रेस ने सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ा। वहीं, भाजपा ने 23 और आम आदमी पार्टी ने 4 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। 27 लोगों ने निर्दलीय चुनाव लड़ा। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।