चोर को चोर कहकर क्या गुनाह किया:-खाचरियावास बीजेपी के पाप का घड़ा भरा:-डोटासरा;अलवर में मुंह पर ताला लगाकर बैठे नेता

Jaipur Rajasthan

जयपुर:-राहुल गांधी को संसद से अयोग्य घोषित करने के विरोध में कांग्रेस आज राजधानी जयपुर सहित सभी जिलों में सत्याग्रह कर रही है।

जयपुर में खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- चोर को चोर कहकर राहुल गांधी ने क्या गलत कर दिया? राहुल गांधी ने किसी जाति को चोर नहीं कहा।

जयपुर में कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अगुवाई में नेता सत्याग्रह पर बैठे हैं। मंत्री महेश जोशी, प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कई विधायक और नेता सत्याग्रह पर बैठे हैं। कांग्रेस नेता शाम पांच बजे तक सत्याग्रह पर बैठेंगे।

डोटासरा का मोदी बीजेपी पर निशाना, कहा, जनता इनके पाप का घड़ा फोड़ेगी
कांग्रेस प्रदेशध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- अब चीजें उजागर होने लग गई हैं। पाप बहुत दिन तक छुपता नहीं है। पाप का घड़ा भर चुका है। अब बीजेपी सरकार के पाप का घड़ा जनता फोड़ेबी। इन्हें 2024 में सत्ता से जाना पड़ेगा।

डोटासरा ने कहा- राहुल गांधी के साथ जिस तरह का बर्ताव हो रहा है। केंद्र के काले कारनामे बताएंगे। अडाणी के 20 हजार करोड़ रुपए के घोटाले के बारे में बताएंगे। विदेशी शेल कंपनी में से कहां से पैसा आया।राहुल गांधी लगातार इस पर सवाल उठा रहे हैं कि पीएम मोदी और अडाणी के बीच इस पैसे का क्या संबंध है। इससे घबराकर उन्हें संसद से अयोग्य ही करवा दिया।

बीजेपी ने हमें सुनहरा मौका दे दिया
डोटासरा ने कहा- लोकसभा में राहुल गांधी एक बार ही भाषण देते, अब जितने भी कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं, सब हर जगह इनके काले कारनामों के बारे में बताएंगे। बीजेपी ने हमें सुनहरा मौका दिया है। इनके भ्रष्टाचार और इनकी गलत नीतियों को उजागर करने का मौका मिला है।

उन्होंने कहा कि हम लोग पीछे हटने वाले नहीं है। 2024 तक जब तक हम सत्ता से नहीं हटा देंगे, कांग्रेस का हर कार्यकर्ता गांव ढाणी, मोहल्ला, वार्ड तक संघर्ष करता रहेगा। इनके काले कारनामों को उजागर करेंगे, इनकी हिटलरशाही का विरोध करेंगे।

डोटासरा ने कहा- एक तो राहुल गांधी की यात्रा ऐतिहासिक रूप से सफल रही। राहुल गांधी को पता चल गया कि यह मोदी जी इमानदारी का चोला पहने हुए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि इनका और अडाणी का क्या कनेक्शन है? यह 20 हजार करोड़ किसका है? ये विपक्ष के नेताओं को दबाने के लिए ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग कर रहे हैं।

प्रताप सिंह बोले- चोर को चोर कहकर राहुल गांधी के क्या गलत कहा
खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्र और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा- चोर को चोर कहकर राहुल गांधी ने क्या गलत कर दिया। राहुल गांधी ने किसी जाति को चोर नहीं कहा। राहुल गांधी ने देश को लूटने वालों को चोर कहा। क्या विजय माल्या, मेहुल चोकसी, ललित मोदी चोर नहीं हैं? पीएम मोदी घोषणा कर दें कि विजय माल्या, ललित मोदी चोर नहीं हैं।

खाचरियावास ने कहा- अडाणी घोटाले की आवाज उठाना कोई गलत नहीं है। राहुल गांधी आज आवाज उठा रहे हैं। केंद्र सरकार लगातार हर मोर्चे पर विफल हो रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है। सरकार घोटालों में लिप्त हो रही है, हर चीज महंगी हो गई है, लोग खून के आंसू रो रहे हैं। अडाणी घोटाला हुआ तो जेपीसी की मांग पूरे विपक्ष ने की है। आप जेपीसी नहीं बनाओगे तो सुप्रीम कोर्ट की जांच में सब सामने आ जाएगा।

महेंद्र चौधरी बोले- पूरा विपक्ष और जनता राहुल के साथ
सरकारी उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने कहा- सरकार ने जिस तरह राहुल गांधी के साथ कृत्य किया है, इसका खामियाजा BJP को उठाना पड़ेगा। जनता इनको करारा जवाब देगी। इनको पहले भी पीछे हटना पड़ा था और अब भी पीछे हटाना पड़ेगा। राहुल गांधी देश में अकेला नहीं है, राहुल गांधी के पीछे कांग्रेसी ही नहीं पूर विपक्ष उनके साथ खड़ा है। देश की जनता उनके साथ है। बीजेपी की तानाशाही ज्यादा नहीं चलेगी।

अलवर में मुंह पर ताला लगाकर प्रदर्शन
अलवर नगर परिषद में कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर रही है। यहां कांग्रेस नेता मुंह पर ताले लगाकर बैठे हैं। इस दौरान सत्याग्रह में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री टीकाराम जूली, अलवर जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा भी पहुंचे।

कोटा में भाजपा सरकार के विरोध में नारेबाजी
कोटा में सत्याग्रह स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारे लगाए। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने कहा- केंद्र सरकार ने यह असंवैधानिक काम किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। इसका जमकर विरोध करेंगे। जरूरत पड़ी तो देशभर की जेलों को भरा जाएगा। यह देश में अघोषित आपातकाल है। यह फैसला वापस लेना पड़ेगा।