कौन होगा कांग्रेस का अगला “आलाकमान ” … खरगे या थरूर ?

Front-Page National Politics

सोमवार को होगा कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव

नई दिल्ली : सोमवार (17 अक्तूबर) को कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव होना है। इसके लिए सारी तैयारियां हो चुकी हैं। कांग्रेस के 9800 से ज्यादा मतदाता मल्लिकार्जुन खरगे या शशि थरूर में से किसी एक का चुनाव करेंगे। हालांकि, चुनाव की प्रक्रिया पर अब सवाल भी खड़े होने लगे हैं। ये सवाल खुद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने खड़े किए हैं। थरूर ने आरोप लगाया है कि मल्लिकार्जुन खरगे से कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता आसानी से मुलाकात करते हैं। उनका स्वागत करते हैं, लेकिन ऐसा थरूर के साथ नहीं होता है। थरूर से मुलाकात करने में कांग्रेस के नेता हिचकते हैं। 

पहले चुनाव के बारे में जान लीजिए
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए सोमवार सुबह दस बजे से वोटिंग शुरू हो जाएगी। चार बजे तक वोटिंग का समय निर्धारित किया गया है। देश भर में 40 केंद्रों पर इसके लिए 68 बूथ बनाए गए हैं। करीब 9800 मतदाता इसमें हिस्सा लेंगे जो अलग-अलग प्रदेशों के प्रतिनिधि हैं। 

सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी समेत अन्य सीडब्ल्यूसी के सदस्य कांग्रेस मुख्यालय में बने बूथ में मतदान करेंगे। एक बूथ भारत जोड़ो यात्रा के कैंप में भी बनाया गया है, जहां राहुल गांधी और करीब 40 मतदाता मतदान करेंगे। मल्लिकार्जुन  बेंगलुरु और शशि थरूर तिरुवनंतपुरम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मतदान करेंगे। 

मतदान के बाद मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा, जहां पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद चुनाव होने जा रहा है और करीब 24 साल के बाद पार्टी की कमान गांधी परिवार के बाहर जाना तय हो गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *